अंतरिक्ष स्टेशन पर स्पेस एक्स रॉकेट का टॉयलेट हुआ खराब, अब डायपर पहनकर लौटेंगे अंतरिक्षयात्री
स्पेस फ्लाइट कई सारी चुनौतियों से भरा होता है और 20 घंटों तक अंतरिक्षयात्रियों को टॉयलेट रोककर रखने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
वॉशिंगटन, नवंबर 06: अंतरिक्ष जाने वाले अंतरिक्षयात्रियों को कई बार ऐसी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है, जिसके बारे में उन्होंने सोचा भी नहीं होता है। रविवार को स्पेस एक्स कंपनी के जिस रॉकेट से अंतरिक्षयात्री वापस धरती पर लौटने वाले हैं, उस रॉकेट का टॉयलेट खराब हो गया है, जिसके बाद अब अंतरिक्ष यात्रियों को डायपर पहनना पड़ेगा। खुद अंतरिक्षयात्रियों ने इस बात की जानकारी दी है।

रॉकेट का टॉयलेट हुआ खराब
नासा के अंतरिक्ष यात्री मेगन मैकआर्थर ने शुक्रवार को इस स्थिति को "उप-इष्टतम" बताया है, लेकिन उन्होंने कहा है कि, हमने इसका इंतजाम कर लिया है। उन्होंने कहा कि, वो और उनके तीन अंतरिक्ष साथी स्पेस स्टेशन से रविवार को धरती के लिए रवाना होने वाले हैं और वो स्पेस एक्स के रॉकेट में करीब 20 घंटे गुजारने वाले हैं और इस दौरान वो टॉयलेट कहीं और नहीं कर सकते हैं। इन 20 घंटों में इस समस्या का समाधान करने के लिए अंतरिक्ष यात्रियों ने डायपर पहनने का विकल्प चुना है। हालांकि, ये मजबूरी में उठाया गया कदम है, लेकिन इसके अलावा उनके पास और कोई विकल्प नहीं है।

चुनौतियों से भरा होता है स्पेसक्राफ्ट
अंतरिक्ष यात्री मेगन मैकआर्थर ने कहा कि, "स्पेसफ्लाइट बहुत सारी छोटी-छोटी चुनौतियों से भरा है"। एक न्यूज कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि, "यह सिर्फ एक और चुनौती है जिसका हम सामना करेंगे और अपने मिशन में इसका ध्यान रखेंगे। इसलिए हम इसके बारे में ज्यादा चिंतित नहीं हैं।" दरअसल, स्पेस एक्स रॉकेट का टॉयलेट खराब होने के बाद शुक्रवार को मिशन के डायरेक्टर ने सभी क्रू मेंबर्स और बाकी टीम के साथ काफी देर तक बैठक की और फिर फैसला लिया गया कि, मिशन को अब और टाला नहीं जाएगा और उसी स्थिति में सभी अंतरिक्ष यात्रियों को वापस लाया जाएगा। दरअसल, इन अंतरिक्षयात्रियों को एक हफ्ते पहले ही धरती पर लौटना था, लेकिन खराब मौसम और एक अज्ञात चिकित्सकीय मदद की वजह से पिछले हफ्ते मिशन को टालना पड़ा था। स्पेसएक्स ने स्पेस स्टेशन से अंतरिक्ष यात्रियों को धरती पर लाने के मिशन की शुरूआत कर दी है।

अंतरिक्ष में काफी तनावपूर्ण जीवन
अंतरिक्षयात्री मैकआर्थर के साथ धरती पर लौटने के लिए प्रतीक्षारत फ्रांसीसी अंतरिक्ष यात्री थॉमस पेस्केट ने संवाददाताओं से कहा कि, पिछले छह महीने वहां काफी तनावपूर्ण रहे हैं। अंतरिक्षयात्रियों ने स्टेशन के पावर ग्रिड को अपग्रेड करने के लिए स्पेसवॉक की एक श्रृंखला आयोजित की। इस दौरान एक रूसी स्पेसक्राफ्ट का थ्रस्टर भी स्पेस स्टेशन से टकराया था, जिससे स्पेस स्टेशन को नुकसान पहुंचा है और अंतरिक्ष यात्रियों की जिंदगी खतरे में पड़ गई थी। इसके साथ ही अंतरिक्षयात्रियों ने रूस के एक फिल्म क्रू की भी मेजबानी की, जिसने पहली बार अंतरिक्ष में जाकर किसी फिल्म की शूटिंग की है। इसक साथ ही अंतरिक्ष स्टेशन में शौचालय रिसाव हो गया था, जिसे भी अंतरिक्षयात्रियों ने पैनलों से बाहर निकाला और मल-मूत्र को साफ करना पड़ा।

स्पेस एक्स के रॉकेट में दिक्कत?
रॉकेट के टॉयलेट खराब होने की बात को पहली बार स्पेस एक्स के रॉकेट के निजी फ्लाइट में उस वक्त डिटेक्ट किया गया था, जब टॉयलेट से एक पाइप उड़कर रॉकेट के केबिन में आ गया था, जिसमें पेशाब भरा हुआ था। यहां आपके लिए जानना जरूरी है कि, रॉकेट में टॉयलेट सामान्य टॉयलेट जैसा नहीं होता है। वहीं, बाद में स्पेस एक्स ने रॉकेट के टॉयलेट को ठीक कर देने की बात कही थी और जांच में नासा ने कहा कि, टॉयलेट खराब हो जाना सामान्य बात है, लेकिन एक बार फिर से टॉयलेट खराब होने के बाद अब दिक्कत ये है कि, आखिर अंतरिक्षयात्री टॉयलेट कहां करेंगे। जिसके बाद अब फैसला लिया गया है कि, वो डायपर का इस्तेमाल करेंगे।

अंतरिक्ष में उगा शिमला मिर्च
आपको बता दें कि, पिछले हफ्ते ही अंतरिक्ष यात्रियों ने पहली बार स्पेस स्टेशन में शिमला मिर्च उगाने में कामयाबी हासिल की है। जिसको लेकर अंतरिक्षयात्री मैकआर्थर ने कहा कि, ये हमारे लिए मोरल बूस्टर है और ये शिमला मिर्च आम शिमला मिर्च की तूलना में थोड़ा ज्यादा तीखा है और ये थोड़ा जलन बढ़ाने वाला है। आपको बता दें कि, अंतरिक्षयात्री मैकआर्थर के साथ नासा के अंतरिक्ष यात्री शेन किम्ब्रू और जापान के अंतरिक्षयात्री अकिहिको होशाइड भी धरती पर लौट रहे हैं। स्पेसएक्स ने उन्हें 23 अप्रैल को अंतरिक्ष स्टेशन में लॉन्च किया था। उनका कैप्सूल अंतरिक्ष में अधिकतम 210 दिनों के लिए प्रमाणित है, और शुक्रवार को उनके 196 वें दिन बिताने के बाद अब वो वापस धरती पर लौटने के लिए काफी उत्साहित हैं। उनके जाने के बाद एक अमेरिकी और दो रूसी अंतरिक्ष यात्री स्पेस स्टेशन पर रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications