South Korea Halloween: हैलोवीन क्या होता है और दक्षिण कोरिया में अचानक मौत की भगदड़ कैसे मची?
दक्षिण कोरिया में हादसे की सबसे प्रमुख वजह थी, भीड़ का एक संकरी गली में फंस जाना। कहा जा रहा है, कि भीड़ महज 4 मीटर की एक संकरी गली में फंस गई थी और पीछे से लोग अभी भी धक्का दे रहे थे।
South Korea Halloween stampede: दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में भीषण हादसा हुआ है, जब हैलोवीन के दौरान महज 4 मीटर एक संकरी गली में हजारों लोगों की भीड़ घुसने की कोशिश कर रही थी और इस दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें कम से कम 150 से ज्यादा लोग अभी तक मारे जा चुके हैं, वहीं सैकड़ों लोग घायल बताए जा रहे हैं। दक्षिण कोरिया से पहले ऐसा हादसा अमेरिका के ह्यूस्टन में एक म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान, इंग्लैंड के फुटबॉल स्टेडियम में और सऊदी अरब में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान भी हो चुके हैं, जिनमें सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। फिर भी कहीं ना कहीं, प्रशासन के स्तर पर लापरवही बरती जाती है और लोग मारे जाते हैं। इन सभी घटनाओं में एक बात जो कॉमन थी, वो ये की बड़ी भीड़ किसी संकरी गली से नकलने की कोशिश कर रही थी और इसी दौरान भगदड़ मची और लोगों के पास खुद को सुरक्षित जगह पर ले जाने का ना वक्त मिला और ना ही वो जगह।

क्या होता है हैलोवीन?
दक्षिण कोरिया में हैलोवीन के दौरान ये हादसा हुआ है, लिहाजा सबसे पहले ये जानना जरूरी है, कि आखिर ये हैलोवीन क्या होता है? दरअसल, हैलोवीन एक त्योहार है, जो हर साल 31 अक्टूबर की रात मनाया जाता है और ये त्योहार मुख्य तौर पर सेल्टिक लोगों का त्योहार होता है। इस त्योहार में लोग भूत जैसे अलग अलग ड्रेस पहनते हैं और उसी तरह के पोशाक में इकट्ठे होते हैं। दुनिया में ये त्योहार मुख्य तौर पर आयरलैंड, अमेरिका, कनाडा, प्युर्तोरिको, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में मनाया जाता है। हालांकि, अब पश्चिमी दे्शों की देखादेखी कई और देशों में भी हैलोवीन त्योहार मनाया जाने लगा है, जैसे दक्षिण कोरिया। ये त्योहार दक्षिण कोरिया का मूल त्योहार नहीं है, लेकिन ये दक्षिण कोरिया पर पश्चिमी देशों के प्रभाव को दिखाता है। ये त्योहार मुख्य तौर पर 16वीं सदी से मनाया जाता है और इस त्योहार का मुख्य मकसद होता है, अपनी आत्मा को पवित्र करना। पश्चिमी देशों के प्राचीन लोगों का विश्वास था, कि हैलोवीन की रात को भूत और इंसानों के बीच संपर्क होता है, इसीलिए इस दिन भूत जैसे पोशाक लोग पहनते हैं।

दम घुटने से ज्यादातर लोगों की मौत
दक्षिण कोरिया में हादसे की सबसे प्रमुख वजह थी, भीड़ का एक संकरी गली में फंस जाना। कहा जा रहा है, कि भीड़ महज 4 मीटर की एक संकरी गली में फंस गई थी और हजारों लोगों ने एक ही बार में गली से निकलने की कोशिश की, जबकि भीड़ के पीछे एक लाख से ज्यादा लोग पीछे से धक्का दे रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भगदड़ मचते ही ये भीड़ बेकाबू हो गई और लोग इघर-उधर भागने की कोशिश करने लगे और इस दौरान जो गिरे, उन्हें पैरों से ही रौंद दिया गया। हालांकि, ज्यादातर लोगों की मौत दम घुटने की वजह से हुई है। कई एक्सपर्ट्स का कहना है, कि इस दौरान जो भीड़ होती है, उसमें एक साथ आने की वजह से काफी ज्यादा ऊर्जा का संचार होता है और ये ताकतें इतनी ज्यादा मजबूत होती हैं, कि ये स्टील को भी मोड़ सकती हैं। लिहाजा, ऐसी भीड़ में फंसने के बाद लोगों के लिए सांस लेना काफी मुश्किल हो जाता है और लोग खड़े-खड़े भी मर जाते हैं, क्योंकि उनकी छाती बुरी तरह से दब चुकी होती है और उनके लिए सांस लेना असंभव हो जाता है।
भीड़ में फंसने पर असल में क्या होता है?
इंग्लैंड में सफ़ोक विश्वविद्यालय में भीड़ विज्ञान के एक गेस्ट प्रोफेसर जी कीथ स्टिल ने पिछले नवंबर में ह्यूस्टन में एस्ट्रोवर्ल्ड की भीड़ बढ़ने के बाद एनपीआर को बताया था कि, "जैसे ही लोग उठने के लिए संघर्ष करते हैं, उनके हाथ और पैर एक साथ मुड़ जाते हैं और उन तक हवा का पहुंचना कम होने लगता है, जिससे गिरे हुए शख्स की मस्तिष्क को रक्त की आपूर्ति कम होने लगती है।" उन्होंने कहा कि, 'इस दौरान किसी व्यक्ति को बेहोश होने में 30 सेकंड से भी कम वक्त लगता है और वो व्यक्ति कम से कम 6 मिनट तक जिंदा भी रहता है, अगर उसे कुचला नहीं गया है तो।' उन्होंने कहा कि, ज्यादातर ऐसे हादसों में कुचलने से ज्यादा लोगों की मौत दम घुटने से होती है।
कैसे हुआ दक्षिण कोरिया में हादसा?
दक्षिण कोरिया में ये भीड़ हैमिल्टन होटल के पास इटावन में एक संकरी गली में इकट्ठी हुई थी और दक्षिण कोरियाई मीडिया का कहना है, कि यहां पर हैलोवीन के दौरान कम से कम एक लाख से ज्यादा लोग जुटे हुए थे। कोविड प्रतिबंध हटने के बाद यह पहला हैलोवीन कार्यक्रम था। दक्षिण कोरियाई मीडिया के मुताबिक, रात करीब 10.22 बजे पहली इमरजेंसी की सूचना मिली थी। घटनास्थल से जो वीडियो आए हैं, उनमें हजारों लोगों को एक साथ देखा जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, घटनास्थल पर ये भीड़ दो दिशाओं से आ रही थी, एक तरफ लोग पास में मौजूद एक होटल की तरफ से आ रहे थे, जबकि दूसरी तरफ से लोग एक मेट्रो स्टेशन से निकलकर आ रहे थे।

सेलिब्रिटी दिखने के बाद हादसा
कोरियाई मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि, भीड़ बेकाबू होना उस वक्त शुरू हुई, जब लोगों को पता चला, कि पास ही स्थिति एक प्रतिष्ठान में कोई बड़ा सेलिब्रिटी आया है और लोगों में उसे देखने की होड़ लग गई। रिपोर्टों में कहा गया है कि, जिस गली में भगदड़ हुई वह सिर्फ चार मीटर चौड़ी है, यानि, इतनी बड़ी नहीं है कि एक सेडान कार भी ठीक से निकल सके। वहीं, भीड़ के बीच से गुजरते हुए एम्बुलेंस को पीड़ितों तक पहुंचने में भी काफी ज्यादा मुश्किलें आईं। पुलिस कारों के शीर्ष पर खड़ी थी और लोगों से कह रही थी कि वे क्षेत्र धीरे धीरे बाहर निकलें और एम्बुलेंस के लिए रास्ता बनाएं। वहीं, हैरानी की बात ये थी, कि एक तरफ इतना बड़ा हादसा हुआ था, जबकि दूसरी तरफ अभी भी लोग नाच और गा रहे थे। वहीं, लोगों ने अभी भी इतनी भीड़ बनाकर रखी हुई थी, कि राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रहीं थीं। चूंकि एम्बुलेंस तुरंत मौके पर नहीं पहुंच सकी, लिहाजा आपातकालीन हेल्थ टेक्निशियनों ने पीड़ितों को सीपीआर देना शुरू कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications