इधर शादी हुई और उधर सिंगर ने शेयर कर दीं पति के साथ निजी पलों की तस्वीरें, हुईं वायरल
सिंगर एरियाना ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर कर अपनी शादी के सीक्रेट का खुलासा किया है।
वॉशिंगटन: अमेरिका की मशहूर सिंगर और एक्ट्रेस एरियाना ग्रांडे अपनी शादी को लेकर इन दिनों सुर्खियों में हैं। सगाई के पांच महीने बाद एरियाना बीते मई महीने में अपने मंगेतर डाल्टन गोमेज के साथ शादी के बंधन में बंध गईं। मीडिया में चल रही उनकी शादी की खबरों के बीच एरियाना ने अब अपने सोशल मीडिया हैंडल पर तस्वीरें शेयर कर अपनी शादी के सीक्रेट का खुलासा किया है। ब्राइडल लुक में बेहद खूबसूरत नजर आ रहीं एरियाना ने अपने पति के साथ कुछ निजी पलों की तस्वीरें भी इंस्टाग्राम पर पोस्ट की हैं।

फैशन डिजाइनर वेरा वांग ने तैयार किया गाउन
वोग मैगजीन के मुताबिक, एरियाना ने अपनी शादी में लिली-वाइट कलर का बेहद आकर्षक गाउन पहना था, जिसे मशहूर अमेरिकी फैशन डिजाइनर वेरा वांग ने तैयार किया था। गाउन के साथ एरियाना ने मोती और हीरों से जड़े इयररिंग्स पहने, जो उनकी सगाई की अंगूठी से मैच कर रहे थे।

जनवरी 2020 में शुरू हुई दोनों की लव स्टोरी
वहीं, डाल्टन गोमेज ने शादी में अपने लिए टॉम फोर्ड का सूट पसंद किया। एरियाना और डाल्टन एक दूजे से जनवरी 2020 में मिले थे और करीब एक साल तक एक-दूसरे को डेट करने बाद दोनों ने इसी साल सगाई कर ली। एरियाना ने इंस्टाग्राम पर शेयर की अपनी तस्वीरों में 5.15.21 कैप्शन दिया है।

शादी के बाद कराया रोमाटिंक फोटोशूट
सेलिब्रिटी वेबसाइट टीएमएज में छपी खबर के मुताबिक, शादी समारोह का आयोजन दक्षिणी कैलिफोर्निया के मोंटेसिटो शहर में स्थित एरियाना ग्रांडे के घर पर ही किया गया था। शादी की रस्में पूरी होने के बाद एरियाना ने अपने पति डाल्टन के साथ एक फोटोशूट कराया, जिसमें दोनों काफी रोमांटिक मूड में नजर आए।

20 से भी कम लोग हुए शादी में शामिल
एरियाना ग्रांडे की टीम से जुड़े लोगों ने मीडिया से बात करते हुए बताया, 'एरियाना और डाल्टन की शादी का कार्यक्रम काफी सीमित रखा गया था और इसमें 20 से भी कम लोग शामिल हुए। शादी का मौहाल काफी खुशनुमा था और दूल्हा-दुल्हन के साथ-साथ उनके परिवार के लोगों ने भी उस पल का आनंद लिया।'

2018 में भी हुई थी एरियाना की सगाई
आपको बता दें कि इससे पहले साल 2018 में एरियाना ने 'सैटरडे नाइट लाइव' शो के कॉमेडियन पीट डेविडसन से सगाई की थी, लेकिन पांच महीने बाद ही दोनों एक दूसरे से अलग हो गए। एरियाना ग्रांडे मशहूर रैपर मैक मिलर के साथ भी रिलेशनशिप में रहीं, लेकिन 2018 में दोनों का ब्रेकअप हो गया। इस ब्रेकअप के करीब 4 महीने बाद ही मैक मिलर की मौत ड्रग ओवरडोज के कारण हो गई थी।
ये भी पढ़ें- 'तूफान में टूटकर गिरे पेड़ के साथ क्यों ली थी वो तस्वीरें', एक्ट्रेस दीपिका गोयल ने तोड़ी चुप्पी
कौन हैं एरियाना ग्रांडे
एरियाना ग्रांडे अमेरिका की एक जानी-मानी सिंगर और एक्ट्रेस हैं। फ्लोरिडा के बोका रैटन में जन्मी एरियाना ने 15 साल की उम्र में ही अपना म्यूजिक करियर शुरू कर दिया था। महज 28 साल की उम्र में एरियाना दो बार ग्रेमी अवॉर्ड, एक ब्रिट अवॉर्ड, दो बिलबोर्ड म्यूजिक अवॉर्ड, तीन बार अमेरिकन म्यूजिक अवॉर्ड, 9 एमटीवी वीडियो म्यूजिक अवॉर्ड और 22 बार गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications