ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर से हिन्दू मंदिर पर हमला, शिव विष्णु मंदिर में खालिस्तानियों ने की तोड़फोड़!
ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर से हिंदू मंदिर में तोड़-फोड़ की गई है। विक्टोरिया के कैरम डाउन्स में श्री शिव विष्णु मंदिर को निशाना बनाया गया है। इतना ही नहीं मंदिरों में हिन्दू विरोधी चित्र भी उकेर दिए गए हैं।

Image Credit: ANI
ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर से हिंदू मंदिर में तोड़-फोड़ की गई है। विक्टोरिया के कैरम डाउन्स में श्री शिव विष्णु मंदिर को निशाना बनाया गया है। इतना ही नहीं मंदिरों में हिन्दू विरोधी चित्र भी उकेर दिए गए हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि ये खलिस्तानियों की करतूत है। दरअसल मंदिर की दीवारों पर आतंकी भिंडरावाले की 'शहीद' के रूप में प्रशंसा लिखी गई थी। इस घटना से ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोग आहत महसूस कर रहे हैं।
यह हमला तब किया गया जब तमिल हिंदू समुदाय द्वारा 'तीन दिवसीय 'थाई पोंगल' त्योहार मनाया जा रहा था। श्री शिव विष्णु मंदिर की एक भक्त उषा सेंथिलनाथन ने द ऑस्ट्रेलिया टुडे को बताया, "हम ऑस्ट्रेलिया में एक तमिल अल्पसंख्यक समूह हैं, यहां हमारे मंदिरों में हिन्दू विरोधी चीजों को लिख कर हमें डराने की कोशिश की जा रही है। ये खालिस्तान समर्थक बिना किसी डर के अपने नफरत भरे संदेशों के साथ इसे तोड़ रहे हैं।" उषा ने विक्टोरिया पुलिस से उन गुंडों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।
हिंदू काउंसिल ऑफ ऑस्ट्रेलिया ने की निंदा
हिंदू काउंसिल ऑफ ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया चैप्टर के अध्यक्ष मकरंद भागवत ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा हमारे मंदिरों की पर हमले करना निंदनीय है। वह इससे बेहद परेशान हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। मेलबर्न हिंदू समुदाय के सदस्य सचिन महते ने कहा, "अगर इन खालिस्तान समर्थकों में हिम्मत है तो उन्हें शांतिपूर्ण हिंदू समुदाय के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने के बजाय विक्टोरियन संसद भवन पर ऐसे चित्र बनाने चाहिए।" आपको बता दें कि एक सप्ताह पहले ही ऑस्ट्रेलिया में एक और मंदिर में तोड़फोड़ की गई थी। 12 जनवरी को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में मिल पार्क में बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर की दीवारों पर भद्दे चित्र उकेर दिए गए थे और मंदिर में तोड़फोड़ की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications