दानिश कनेरिया पर शोएब अख्तर का अब आया नया बयान, बोले- मेरी बात को गलत समझा गया
Recommended Video
नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने हाल ही में टीम के पूर्व स्पिनर दानिश कनेरिया के साथ धर्म के आधार पर भेदभाव किए जाने का सनसनीखेज खुलासा किया जिसके बाद हड़कंप मच गया था। लेकिन रविवार को इस मामले पर शोएब अख्तर का एक और बयान आया जिसने सबको हैरान कर दिया। शोएब ने कहा कि दानिश कनेरिया को लेकर मैंने जो भी बयान दिया उसे गलत तरीके से पेश किया गया है।

शोएब अख्तर ने दिया नया बयान
अपने पिछले बयान से उलट रविवार को शोएब अख्तर ने कहा कि उन्होंने यह कभी नहीं कहा कि हिंदु होने की वजह से दानिश कनेरिया के साथ पाकिस्तानी टीम में गलत व्यवहार किया जाता था। शोएब ने कहा कि पाकिस्तानी टीम में कभी इस तरह की संस्कृति नहीं रही कि किसी खिलाड़ी को उसके धर्म की वजह से टीम में भेदभाव का सामना करना पड़े। बता दें कि शोएब ने गुरुवार को दिए अपने बयान में कहा था कि पाकिस्तान टीम में कुछ खिलाड़ी थे जो नहीं चाहते थे कि वह टीम में रहें क्योंकि उनका धर्म हिंदु था।

पहले दिया था ये बयान
शोएब अख्तर ने दानिश कनेरिया के बार में बताते हुए कहा कि कनेरिया को लेकर दो-तीन खिलाड़ियों से मेरी लड़ाई भी हुई। मैंने कनेरिया का पक्ष लेते हुए कहा कि अगर वो हिंदू है, तब भी वो खेलेगा। फिर उसी हिंदू खिलाड़ी यानी कनेरिया ने हमें जीत दिलाई। कुछ खिलाड़ियों ने मुझसे यहां तक कहा कि दानिश कनेरिया हमारे साथ खाना क्यों खाता है। मैंने उन खिलाड़ियों से कहा कि मैं तुम्हें यहां से बाहर उठाकर फेंक दूंगा। वो खिलाड़ी तुम्हें 6-6 विकेट लेकर दे रहा है।

दानिश कनेरिया ने कबूल किया
स्पॉट फिक्सिंग के लिए आजीवन प्रतिबंध झेल टेस्ट लेग स्पिनर दानिश कनेरिया ने शुक्रवार को कहा कि जब वह खेला करते थे तब कुछ खिलाड़ी थे जो हिन्दू होने के कारण उन्हें निशाना बनाते थे लेकिन उन्होंने कभी धर्म बदलने की जरूरत या दबाव महसूस नहीं किया। क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने शुक्रवार को कहा कि, कुछ खिलाड़ी पीठ पीछे उनको लेकर टिप्पणियां करते थे। मैंने कभी इसे मुद्दा नहीं बनाया। मैंने केवल उन्हें नजरअंदाज किया क्योंकि मैं क्रिकेट पर और पाकिस्तान को जीत दिलाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहता था। कनेरिया ने कहा, मुझे हिन्दू और पाकिस्तानी होने पर गर्व है।












Click it and Unblock the Notifications