China Gym Collapse: चीन के स्कूल में खेल रहीं लड़कियों पर गिरी जिम की छत, 11 की मौत
चीन के हेलुंगजांग प्रांत के किकिहार शहर में एक स्कूल जिम की कंक्रीट की छत गिर जाने से 11 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में से कई युवा वॉलीबॉल खिलाड़ी हैं। अधिकारियों का कहना है कि छत पर निर्माण सामग्रियों के अवैध ढेर के कारण ये हादसा हो सकता है।
किकिहार नगर निगम तलाश और बचाव मुख्यालय ने बताया कि लोंगसा जिले में नंबर 34 मिडिय स्कूल की इमारत की छत गिरने की सूचना उन्हें रविवार दोपहर मिली थी। लेकिन सोमवार सुबह तक अंतिम बचे व्यक्ति को मलबे से बाहर नहीं निकाला जा सका था।

अधिकारी के मुताबिक 1,200 वर्ग मीटर के क्षेत्र में बने जिम की छत जब गिरी, उस समय उसमें 19 लोग थे। इस हादसे में वहां 4 लोग समय पर भागने में सफल रहे मगर 15 लोग अंदर ही फंस गए।
एक मृतक के पिता ने चाइना यूथ डेली को बताया कि घटना के समय वहां कई लड़कियां वॉलीबॉल टीम व्यायामशाला में प्रशिक्षण ले रही थीं। हालांकि यह अभी तक पता नहीं चल पाया है कि इन मृतकों में व्यस्क हैं या नहीं, लेकिन राज्य रेडियो ने रविवार को खबर दी कि टीम के कोच मलबे के नीचे दबे हुए हैं।
घटना स्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए फायर फाइटर, पुलिस और मेडिकल टीम सहित 600 से अधिक व्यक्तियों को तैनात किया गया है। भारी-भरकम मशीनों के सात सेट और 15 एम्बुलेंस का इस्तेमाल करके रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं।
शुरुआती जांच में पता चला है कि पास ही एक अन्य शिक्षण भवन बना रहे निर्माण कर्मियों ने जिम की छत पर अवैध तरीके से पर्लाइट (निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सामग्री) रखा था। बारिश में काफी अधिक पानी सोख ले ने के कारण इसका वजन बढ़ गया था। फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है। निर्माण कंपनी के प्रभारी को पुलिस हिरासत में लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications