'स्लीपिंग प्रिंस' के नाम से मशहूर सऊदी के राजकुमार का निधन, 20 साल तक कोमा में रहे, जानें दर्दनाक दास्तां
Sleeping Prince Alwaleed bin Khaled bin Talal Death: सऊदी अरब के राजकुमार अलवलीद बिन खालिद बिन तलाल का शनिवार को 36 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह पिछले लगभग दो दशकों से कोमा में थे। साल 2005 में लंदन में हुए एक दर्दनाक कार हादसे में उन्हें गंभीर मस्तिष्क चोटें और आंतरिक रक्तस्राव हुआ था। उस समय वह महज 15 वर्ष के थे और यूके के एक सैन्य कॉलेज में शिक्षा प्राप्त कर रहे थे। इस हादसे के बाद वह पूरी तरह कोमा में चले गए और तब से लेकर जीवन के अंतिम क्षण तक मेडिकल लाइफ सपोर्ट पर रहे।
अमेरिकी और स्पेनिश विशेषज्ञों की देखरेख में उनका इलाज चलता रहा, लेकिन वह कभी पूरी तरह होश में नहीं आ सके। उनका अंतिम संस्कार रविवार, 20 जुलाई को रियाद की इमाम तुर्की बिन अब्दुल्ला मस्जिद में असर की नमाज के बाद किया जाएगा।

'स्लीपिंग प्रिंस' के नाम से जाने गए
कोमा में रहने के बावजूद, समय-समय पर उनके हल्के अंग संचालन (जैसे उंगलियों का हिलना) की तस्वीरें और वीडियो सामने आते रहे, जिससे लोगों को उनके स्वस्थ होने की उम्मीद बनी रहती थी। हालांकि, अमेरिकी और स्पेनिश विशेषज्ञों द्वारा इलाज के बावजूद वह कभी पूरी तरह होश में नहीं आ सके।
राजकुमार अलवलीद को 'स्लीपिंग प्रिंस' (Sleeping Prince) के नाम से जाना जाने लगा। उन्हें बाद में रियाद स्थित किंग अब्दुलअज़ीज़ मेडिकल सिटी में स्थानांतरित किया गया, जहां लगभग 20 वर्षों तक उन्हें जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा गया।
'मृत्यु का फैसला केवल अल्लाह करता है'
उनके पिता, प्रिंस खालिद बिन तलाल, अपने बेटे की जान बचाने के लिए शुरू से अंत तक पूरी तरह समर्पित रहे। उन्होंने कई बार जीवनरक्षक प्रणाली को हटाने से इनकार किया और कहा कि जीवन और मृत्यु का फैसला सिर्फ अल्लाह करता है। शनिवार को जारी अपने बयान में उन्होंने कहा, 'अल्लाह की क़ज़ा और क़द्र (नियति) में पूर्ण विश्वास और गहरे दुख के साथ, हम अपने प्रिय बेटे राजकुमार अलवलीद बिन खालिद बिन तलाल बिन अब्दुलअज़ीज़ अल सऊद के निधन की सूचना देते हैं। अल्लाह उन पर अपनी रहमत बरसाए।'
प्रिंस खालिद बिन तलाल के सबसे बड़े पुत्र थे
राजकुमार अलवलीद बिन खालिद बिन तलाल अल सऊद सऊदी अरब के शाही परिवार के एक प्रमुख सदस्य थे। उनका जन्म अप्रैल 1990 में हुआ था। वह प्रिंस खालिद बिन तलाल के सबसे बड़े पुत्र थे, जो खुद सऊदी अरब के प्रभावशाली राजनेता और धार्मिक विचारों के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा, वह अरब जगत के सबसे अमीर और चर्चित उद्योगपति प्रिंस अलवलीद बिन तलाल के भतीजे थे, जो फोर्ब्स की अरबपतियों की सूची में लंबे समय तक शामिल रहे हैं।
ये भी पढ़ें Saudi Arabia का कट्टर इस्लामिक देश की छवि बदलने के लिए एक और बड़ा फैसला, 73 साल बाद हटाई ये पाबंदी
शोक संदेश और अंतिम संस्कार
Global Imams Council (GIC) ने एक बयान में कहा, ग्लोबल इमाम्स काउंसिल सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और संपूर्ण शाही परिवार को राजकुमार अलवलीद बिन खालिद बिन तलाल अल सऊद के निधन पर गहरी संवेदना और शोक व्यक्त करता है। यह उनके जीवन की उस लंबी लड़ाई का अंत है जो उन्होंने लगभग बीस वर्षों तक एक दुखद हादसे के बाद लड़ी थी।
ये भी पढ़ें Saudi Arabia भी अब दुबई की राह पर, इन 5 फैसलों से बदली इस्लामिक देश की तस्वीर












Click it and Unblock the Notifications