सऊदी अरब में विदेशी पर्यटकों पर लगा प्रतिबंध हटा, इस शर्त पर आने की मिली अनुमति
नई दिल्ली, 30 जुलाई। विदेशी पर्यटकों के लिए सऊदी अरब 17 महीने के बाद अपने बॉर्डर को खोलने का ऐलान किया है। सऊदी अरब की ओर से कहा गया है कि जिन पर्यटकों ने वैक्सीन की दोनों डोज ले ली है वो सऊदी अरब आ सकते हैं। हालांकि सऊदी अरब से इस बारे में कुछ नहीं कहा गया है कि वह उमरा पर लगी पाबंदी को भी हटा रहा है। दरअसल दुनियाभर से लाखों लोग सऊदी अरब में हज की यात्रा के लिए आते हैं, जिसपर फिलहाल सऊदी अरब ने पाबंदी लगा रखी है, इसको लेकर अभी किसी भी तरह का ऐलान नहीं किया गया है।

सऊदी प्रेस एजेंसी की ओर से कहा गया है कि पर्यटन मंत्रालय की ओर से यह ऐलान किया गया है कि किंगडम एक बार फिर से विदेशी यात्रियों के लिए अपने दरवाजे खोलने जा रहा है और टूरिस्ट वीजा पर आने वाले यात्रियों पर लगी पाबंदी को हटा रहा है। 1 अगस्त से विदेशी यात्री अब सऊदी अरब आ सकते हैं। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि पर्यटक ने वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली हो। सऊदी अरब में फाइजर, अस्ट्रा जेनेका, मॉडर्ना या जॉनसन एंड जॉनसन की वैक्सीन को ही स्वीकृत किया गया है।
ऐसे लोग जो पूरी तरह से वैक्सिनेटेड हैं उन्हें क्वारेंटीन में रहने की जरूरत नहीं है। लेकिन उन्हें पीसीआर निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी जोकि 72 घंटे के भीतर की होनी चाहिए। दरअसल सऊदी अरब को पर्यटन बंद होने की वजह से लाखों करोड़ों रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है। महामारी के चलते हुए इस नुकसान से उबरने के लिए अब सऊदी अरब ने कोशिश करना शुरू कर दिया है। महामारी की वजह से हज यात्रा काफी प्रभावित हुई है। सामान्य स्थिति में सऊदी अरब में हज के लिए आने वाले पर्यटको से सरकार को 10.3 बिलियन यूरो की कमाई होती है।












Click it and Unblock the Notifications