रूसी राष्ट्रपति ने किम जोंग उन को गिफ्ट की किले जैसी कार, बम भी बेअसर.. उत्तर कोरिया से क्या चाहते हैं पुतिन?
Putin Gift Car to Kim Jong Un: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर कोरिया के तानाशाह नेता किम जोंग उन को अपनी किले जैसी कार गिफ्ट की है, जो बम हमले को भी बेअसर करने की शक्ति रखता है।
उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेसी केसीएनए ने जानकारी देते हुए कहा है, कि उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से "उनके निजी इस्तेमाल के लिए" उपहार के रूप में एक कार मिली है। माना जा रहा है, कि पुतिन का किम जोंग उन का ये गिफ्ट संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंध का उल्लंघन हो सकता है, जिसे मॉस्को ने प्योंगयांग के खिलाफ लागू करने पर सहमति जताई थी।

लेकिन, यूक्रेन युद्ध के बीच रूस और उत्तर कोरिया काफी करीब आए हैं। यूक्रेन पर रूसी हमले को उत्तर कोरिया ने सही ठहराया था, जबकि पिछले साल सितंबर में उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने रूस का 7 दिनों का दौरा भी किया था।
करीब आ रहे हैं उत्तर कोरिया-रूस
किम जोंग उन और पुतिन की मुलाकात के बाद से दोनों देशों ने घनिष्ठ संबंध बनाए हैं और सभी क्षेत्रों में आदान-प्रदान को बढ़ावा देने का वादा किया है, क्योंकि एक तरह जहां रूस पश्चिमी देशों के प्रतिबंध झेल रहा है, वहीं परमाणु बम का परीक्षण करने के बाद उत्तर कोरिया भी संयुक्त राष्ट्र और अमेरिकी प्रतिबंधों में उलझा हुआ है।
उत्तर कोरिया के आधिकारिक केसीएनए समाचार एजेंसी ने कहा है, कि रूसी राष्ट्रपति की तरफ से भेजा गया गिफ्ट कार 18 फरवरी को किम जोंग उन को मिल गया है, जिसे रूस के शीर्ष अधिकारियों ने उन्हें सौंपा है।
केसीएनए ने अपनी रिपोर्ट में कहा है, कि किम की बहन ने इस बेहतरीन गिफ्ट के लिए रूसी राष्ट्रपति पुतिन को धन्यवाद दिया है और पुतिन के गिफ्ट ने उत्तर कोरियाई नेता के साथ व्यक्तिगत संबंधों के मजबूत होने का प्रदर्शन किया है।
दूसरी तरफ, दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय ने कहा है, कि वह रूस और उत्तर कोरिया के बीच सहयोग की बारीकी से निगरानी कर रहा है, साथ ही दोनों देशों से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों का पालन करने का आग्रह किया है।
दक्षिण कोरियाई विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिम सू-सुक ने एक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, कि "उत्तर कोरिया पर सुरक्षा परिषद के प्रतिबंध प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एचएस कोड 86 से 89 के तहत लागू होते हैं, यानि उत्तर कोरिया को किसी भी तरह के वाहनों की आपूर्ति या बिक्री नहीं की जा सकती है, भले ही वो लक्जरी कारें ही क्यों ना हों।"
वहीं, क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने रूस की आरआईए राज्य समाचार एजेंसी को बताया है, कि उत्तर कोरियाई नेता को ऑरस कार गिफ्ट में भेजी गई है, जो बेहस शक्तिशाली है और किले की तरह मजबूत है, जिसपर साधारण हमलों का कोई असर नहीं होता है।
ये कार सिर्फ 6 सेकंड्स में 100 किलोमीटर की रफ्तार की स्पीड हासिल कर सकती है और इसपर गोली या फिर ग्रेनेड का कोई असर नहीं हो सकता है। इस कार की कीमत करीब 8 करोड़ है। हालांकि, किम जोंग उन के कलेक्शन में कई लग्जरी कार हैं और जब 2018 में जब तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने पहुंचे थे, उस वक्त वो रोल्स रॉयस से आए थे।












Click it and Unblock the Notifications