Russia Ukraine War: राष्ट्रपति पुतिन ने परमाणु बमों को हाई अलर्ट मोड में डालने का दिया आदेश
मॉस्को। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को अपने रक्षा प्रमुखों को देश के परमाणु "प्रतिरोध बलों" को हाई अलर्ट पर रखने का आदेश दिया और पश्चिम पर अपने देश के खिलाफ "अमित्र" कदम उठाने का आरोप लगाया है। रूस के यूक्रेन पर आक्रमण को लेकर अंतर्राष्ट्रीय तनाव पहले से ही बढ़ रहा है, और पुतिन के आदेश से और अधिक तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पुतिन ने कहा, "मैं रक्षा मंत्री और रूसी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रमुख को रूसी सेना के प्रतिरोध बलों को युद्ध सेवा के एक विशेष मोड में डालने का आदेश देता हूं।"

पुतिन ने जारी किया विशेष अलर्ट
रूसी स्टेट मीडिया (RT) ने लिखा है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और चीफ ऑफ स्टाफ वालेरी गेरासिमोव के साथ बैठक के दौरान देश के रणनीतिक प्रतिरोध बलों के लिए "विशेष" अलर्ट जारी किया है। आरटी के मुताबिक पुतिन ने कहा है कि पश्चिमी देश न केवल हमारे देश के खिलाफ आर्थिक क्षेत्र में दुश्मन की तरह कार्रवाई कर रहे हैं। मैं उन नाजायज प्रतिबंधों के बारे में बात कर रहा हूं जिनसे हर कोई अच्छी तरह वाकिफ है। यही नहीं, नाटो देशों के शीर्ष अधिकारी भी हमारे देश के खिलाफ आक्रामक बयान देते हैं।

गुरुवार को आक्रमण का आदेश देकर सबको चौंकाया
रूसी राष्ट्रपति ने गुरुवार को यूक्रेन पर आक्रमण का आदेश दिया, जिससे दुनिया भर में हर कोई हैरान रह गया। बता दें कि यूक्रेन पर रूस के हमले का आज चौथा दिन है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तमाम आलोचनाओं के बाद भी रूस अपने कदम पीछे हटाने को तैयार नहीं है। रूस लगातार यूक्रेन के सैन्य ठिकानों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर बमबारी कर रहा है।

बेलारूस में दोनों देश करेंगे बातचीत
इसी बीच यूक्रेन से खबर आ रही है है कि यूर्केनी सेना ने देश के सबसे बड़े शहर खार्किव से रूस की सेना को खदेड़ दिया है। एक समाचार चैनल ने स्थानीय गवर्नर के हवाले से इस बाद की पुष्टि की है। वहीं दोनों देश बातचीत के लिए तैयार हो गए हैं। यूक्रेन और रूस बेलारूस में बातचीत करेंगे।

ट्रंप ने जो बाइडेन पर बोला हमला
यूक्रेन पर रूसी हमला रोकने में नाकाम रहने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की हो रही किरकिरी में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी कूद गए हैं और उनपर जोरदार हमला किया है। इसी बहाने लगभग एक साल बाद ट्रंप को अपना राजनीतिक निर्वासन खत्म करने का मौका मिल गया है और वह एक तरह से अगले चुनाव के लिए अपनी तैयारी शुरू कर चुके हैं।

ट्रंप ने कहा- उनके रहते ये स्थिति पैदा नहीं होती
उन्होंने यह भी दावा किया है कि उनके रहते यह स्थिति पैदा ही नहीं हुई होती और साथ ही अपने चुनाव में हुए कथित धांधली के अपने पुराने आरोपों को फिर से दोहराना शुरू कर दिया है। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन संकट को लेकर मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और नाटो के खिलाफ जमकर भड़ास निकाला है। रिपब्लिकन पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने एकबार फिर से 2020 के चुनाव पर सवाल उठाने की कोशिश की है।












Click it and Unblock the Notifications