NATO को डर, यूक्रेन पर पूरी ताकत के साथ हमला करेगा रूस, ब्रिटेन ने कहा, विश्वयुद्ध जितनी मचेगी तबाही
यूक्रेन नाटो का सदस्य नहीं है, और गठबंधन के पास वहां कोई ताकत नहीं है। लेकिन 1990 के दशक के बाद से इसने कीव में दो कार्यालय बना लिए।
कीव/म्यूनिख, फरवरी 20: यूक्रेन संकट आखिरी दौर में पहुंचता दिखाई दे रहा है और ब्रिटेन ने कहा है कि, यूरोप में 1945 में खत्म हुए दूसरे विश्वयुद्ध के बाद सबसे बड़ी जंग होने की आशंका साफ दिखाई दे रही है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने चेतावनी देते हुए कहा है कि, यूक्रेन पर आक्रमण करने की रूस की योजना दूसरे विश्व युद्ध के बाद से यूरोप में सबसे बड़ा संघर्ष होगा। वहीं, नाटो ने कहा है कि, रूस की प्लानिंग पूरी ताकत के साथ यूक्रेन पर हमला करने की है और राष्ट्रपति पुतिन इसके लिए ग्राउंडवर्क तैयार कर रहे हैं।

ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने दी चेतावनी
ब्रिटिश प्रधान मंत्री ने बीबीसी को दिए एक इंटरव्यू में बताया है कि, वह चाहते हैं कि लोग "मानव जीवन की भारी लागत को समझें"। उन्होंने कहा कि, अगर यूक्रेन पर रूस हमला करता है, तो सिर्फ यूक्रेन में ही लोग नहीं मरेंगे, बल्कि रूस के लोग भी मरेंगे। दोनों पक्षों के लोग इस युद्ध में मारे जाएंगे। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने एक बार फिस रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से शांति वार्ता में शामिल होने का आग्रह किया है। इस बीच, ब्रिटेन के विदेश सचिव, लिज ट्रस ने एक अलग इंटरव्यू में कहा कि, व्लादिमीर पुतिन "यूक्रेन में नहीं रुकेंगे"। उनका इशारा ये था, कि यूक्रेन पर हमला करने और उसे जीतने के बाद रूसी राष्ट्रपति कभी सोवियत संघ में शामिल रहे दूसरे देशों को भी जीतने की कोशिश करेंगे।

'हमले का बहाना खोजता रूस'
ब्रिटेन ने कहा है कि, पूर्वी यूक्रेन में हो रही हिंसा को रूस एक बहाने के तौर पर लेते हुए यूक्रेन पर हमला कर सकता है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन रूस को हमला करने से रोकने के लिए डिप्लोमेटिक बातचीत में लगे हुए हैं और उन्होंने म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन में एक भाषण के दौरान रूस को चेतावनी देते हुए कहा कि, पुतिन को किसी भी सूरत में हमले के बारे में नहीं सोचना चाहिए, क्योंकि ऐसा करने पर रूस के खिलाफ काफी ज्यादा सख्त प्रतिबंध लगा दिए जाएंगे। हालांकि, बोरिस जॉनसन ने यह भी कहा है कि, रूसी राष्ट्रपति का प्लान काफी तेज है और यूक्रेन के डोनबास क्षेत्र में आक्रामकता संभावित रूप से "बड़ी कार्रवाई के लिए प्रस्तावना" थी। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने जर्मनी में कहा कि, रूस ने जिस तरह से आक्रमण करने की योजना बनाई है, वैसी प्लानिंग लोगों ने पिछले 80 सालों में नहीं देखा है।

यूरोप में हो सकता है सबसे बड़ा युद्ध
ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने बीबीसी से बात करते हुए कहा कि, "जो योजना हम देख रहे हैं, वह कुछ ऐसी चीज है जो 1945 के बाद से यूरोप में सबसे बड़े युद्ध को अंजाम दे सकता है, और ये युद्ध काफी बड़े पैमाने पर हो सकता है'। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने कहा है कि, रूस ने कम से कम तीर तरह से यूक्रेन को घेर रखा है। उन्होंने कहा कि, ''सिर्फ पूर्वी यूक्रेन के डोनबास के माध्यम से ही नहीं, लेकिन खुफिया जानकारी के अनुसार हम देख रहे हैं, उत्तर से नीचे, बेलारूस से नीचे से रूस राजधानी कीव को घेर रहा है, जैसा कि जो बाइडेन ने हमें जानकारी दी है। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने कहा है कि, हमें लोगों की जिंदगी के महत्व को समझने की जरूरत है, क्योंकि सिर्फ यूक्रेन के ही लोग नहीं, बल्कि रूस के लोग भी लड़ाई में मारे जाएंगे।

नाटो ने भी जारी की चेतावनी
वहीं, नाटो ने रूस की आक्रामकता को देखते हुए कहा है कि, उसने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को यूक्रेन की राजधानी कीव से ब्रसेल्स और दूसरे यूक्रेनियन शहर ल्वीव में ट्रांसफर करना शुरू कर दिया है। नाटो के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएफपी को बताया कि, 'हमारे लिए हमारे कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसीलिए हमने अपने कर्मचारियों को ल्वीव और ब्रुसेल्ल में ट्रांसफर कर दिया है'। अधिकारी ने कहा कि, यूक्रेन में नाटो का कार्यालय अभी भी चालू है। इसके साथ ही कई पश्चिमी देशों ने रूसी सैन्य कार्रवाई के अंदेशा में पोलैंड के साथ स्थिती यूक्रेन के ही ल्वीव में अपने डिप्लोमेट्स को ट्रांसफर कर दिया है। आपको बता दें कि, ब्रुसेल्स में ही नाटो का हेडक्वार्टर भी है।
Recommended Video

'पूरी ताकत से हमला करेगा रूस'
वहीं, नाटो प्रमुख जेन्स स्टोलटेनबर्ग ने शनिवार को कहा कि, "हर संकेत से यही संकेत मिल रहे हैं कि रूस यूक्रेन के खिलाफ एक पूर्ण हमले की योजना बना रहा है।" उन्होंने कहा कि, "हम सभी सहमत हैं कि हमले का जोखिम बहुत अधिक है"। उन्होंने म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के इतर जर्मन के एक ब्रॉडकास्टर एआरडी को दिए गये एक इंटरव्यू में रूसी हमले की संभावना को लेकर ये बयान दिया। संयुक्त राज्य अमेरिका नाटो पर हावी है, और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने शुक्रवार को कहा कि, वह "आश्वस्त" हैं कि रूस एक हफ्ते के भीतर यूक्रेन पर आक्रमण करने जा रहा है, और रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव को निशाना बनाने जा रही है।

नाटो का सदस्य नहीं है यूक्रेन
आपको बता दें कि, यूक्रेन नाटो का सदस्य नहीं है, और गठबंधन के पास वहां कोई ताकत नहीं है। लेकिन 1990 के दशक के बाद से इसने कीव में दो कार्यालय बना लिए। यूक्रेन में नाटो का एक संपर्क कार्यालय और एक नाटो सूचना और दस्तावेज़ीकरण केंद्र है। संपर्क कार्यालय का काम यूक्रेन के रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र के लोकतांत्रिक परिवर्तन को प्रोत्साहित करते हुए नाटो और यूक्रेन की सरकार के बीच संवाद बनाए रखना है। नाटो की वेबसाइट के अनुसार, इसमें नाटो सैन्य और नागरिक कर्मियों की मिश्रित टीम का नेतृत्व करने वाला एक नागरिक प्रमुख शामिल था। अंतिम बार 2016 में अपडेट किए गए वेब पेज पर लिखा है कि, यूक्रेन स्थिति नाटो के कार्यालय में कुल 16 कर्मचारी थे।












Click it and Unblock the Notifications