बास्केटबॉल खिलाड़ी ब्रिटनी ग्राइनर को रूस ने छोड़ा, बदले में अमेरिका ने पुतिन को सौंपा ‘मौत का सौदागर’
अमेरिका ने ब्रिटनी की रिहाई के बदले मौत का सौदागर कहे जाने वाले सजायाफ्ता हथियार डीलर विक्टर बाउट को छोड़ दिया है। विक्टर एक रूसी नागरिक है और अमेरिका में 25 साल जेल की सजा काट रहा था।

अमेरिकी बास्केटबॉल स्टार ब्रिटनी ग्राइनर को रूस ने रिहा कर दिया है। ब्रिटनी को कैदियों की अदला-बदली में रिहा किया गया है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन रूसी हथियार डीलर विक्टर बाउट को रूस को वापस सौंपने पर सहमत हुए जिसके बाद यह डील हो पाई। विक्टर बाउट को 'मौत का सौदागर' कहा जाता है। वह एक रूसी नागरिक है और अमेरिका में 25 साल जेल की सजा काट रहा था। यूक्रेन में चल रहे युद्ध के बीच अमेरिका और रूस इस समझौते पर बात कर रहे थे।

फरवरी में हुई थी गिरफ्तार
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने गुरुवार को कहा कि रूस के साथ कैदियों की अदला-बदली के अभूतपूर्व घटनाक्रम के बाद डब्ल्यूएनबीए स्टार ब्रिटनी ग्राइनर सुरक्षित हैं और अमेरिका की अभिरक्षा में हैं और घर लौट रही हैं। ग्राइनर को मास्को एयरपोर्ट फरवरी महीने में पकड़ा गया था। कथित तौर पर उनके सामान में मारिजुआना तेल मिला था। इसके बाद उन्हें ड्रग के आरोप में दोषी ठहराया गया था और जुर्माने के साथ 9 सालों की सजा सुनाई गई थी।

बाइडेन ने कहा 24 घंटों में हमारे पास होगी ब्रिटनी
तस्वीर- जो बाइडेन के साथ ब्रिटनी की पत्नी
व्हाइट हाउस से एक संबोधन में बाइडन ने कहा कि ''पिछले कुछ महीने ब्रिटनी के लिए नर्क के समान थे'', लेकिन अब वह ठीक हैं। गुरुवार को अबू धाबी हवाई अड्डे पर अदला-बदली के दौरान उसकी रिहाई में मदद के लिए बाइडेन ने संयुक्त अरब अमीरात को धन्यवाद दिया। बाइडेन ने कहा कि ब्रिटनी अगले 24 घंटों में हमारे पास होगी। आपको बता दें कि फीनिक्स मरकरी टीम की स्टार और दो बार ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता टीम की हिस्सा रही बास्केटबॉल स्टार ब्रिटनी का मामला एक अंतरराष्ट्रीय कारण बन गया था क्योंकि उसे रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा बंधक के रूप में देखा गया था।

रूस ने रखी थी विक्टर बाउट को छोड़ने की मांग
अमेरिका ने ब्रिटनी की रिहाई के बदले मौत का सौदागर कहे जाने वाले सजायाफ्ता हथियार डीलर विक्टर बाउट को छोड़ दिया है। विक्टर एक रूसी नागरिक है और अमेरिका में 25 साल जेल की सजा काट रहा था। विक्टर बाउट के बारे में कहा जाता है कि वह अपने हथियारों की आपूर्ति के साथ दुनिया भर में हिंसा को बढ़ावा देता था। कुख्यात, विक्टर बाउट को लंबे समय तक अवैध हथियारों की तस्करी की छायादार दुनिया में एक प्रमुख व्यक्ति माना जाता था।

एशिया से अफ्रीका तक फैला था नेटवर्क
विक्टर बाउट 2008 में अमेरिका की गिरफ्त में आया था। उस दौरान उसका नेटवर्क अफगानिस्तान, पाकिस्तान, इराक, सूडान, अंगोला, कांगो, लाइबेरिया, फिलीपींस, रवांडा और सिएरा लियोन तक फैला हुआ था। वह इतना कुख्यात था कि हॉलीवुड फिल्म 'लॉर्ड ऑफ वॉर' में अभिनेता निकोलस केज द्वारा निभाया गया निगेटिव कैरेक्टर उसी से प्रेरित था। विक्टर बाउट खुद को लाइमलाइट से दूर रखता था और यही वजह है कि 9/11 से पहले बड़े पैमाने पर दुनिया उसकी गतिविधियों से बेखबर रही। 2007 में 'मर्चेंट ऑफ डेथ' यानी कि मौत का सौदागर शीर्षक से उस पर एक किताब लिखी गई थी।












Click it and Unblock the Notifications