यूक्रेन पर हमले के बाद पहली बार अमेरिका-रूस में हाई लेवल वार्ता, रुक सकती है जंग!
वाशिंगटन, 16 मार्च। यूक्रेन पर रूसी हमले के 21 दिन बाद बुधवार को पहली बार अमेरिका और रूस के बीच हाई लेवल की बातचीत हुई है। व्हाइट हाउस ने बताया है कि अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) जैक सुलीवन ने रूसी सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव जनरल निकोलाय पेत्रुशेव से बात की।

सुलीवन की रूस को चेतावनी
व्हाइट हाउस से जारी बयान के मुताबिक सुलीवन ने कहा 'अगर रूस कूटनीति को लेकर गंभीर है तो उसे यूक्रेन के शहरों और कस्बों पर हमला करना बंद कर देना चाहिए।" बयान में आगे कहा गया है कि सुलीवन ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके शासन के सदस्यों के साथ-साथ रूसे के अमीरों के खिलाफ प्रतिबंध जारी रखने और चल रहे सैन्य आक्रमण के खिलाफ यूक्रेन को अपने बचाव के लिए समर्थन देने की वाशिंगटन की प्रतिबद्धता को दोहराया।

जेलेस्की ने किया अमेरिका कांग्रेस को संबोधित
हालांकि बयान में इस बारे में कुछ नहीं कहा गया है कि रूस की तरफ से वार्ता में शामिल रहे जनरल निकोलाय पेत्रुशेव ने क्या कहा। व्हाइट हाउस का बयान यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के अमेरिकी कांग्रेस को दिए भावुक भाषण के कुछ समय बाद ही जारी किया गया।
जेलेंस्की ने वीडियो के माध्यम से अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित किया था। भावुक संबोधन के दौरान जेलेंस्की ने अपने देश के लिए और सैन्य सहायता के साथ ही रूस के खिलाफ अतिरिक्त प्रतिबंधों की मांग की। जेलेंस्की ने रूस में मौजूद सभी अमेरिकी बिजनेस को वापस लेने की अपील की।

'हमारे सपनों पर आक्रमण'
इस दौरान जेलेंस्की ने एक बार फिर से यूक्रेन के ऊपर नो फ्लाई जोन बनाने की मांग उठाई।
यूक्रेनी नेता ने कहा "यह संघर्ष एक ऐसा आतंक है जिसे यूरोप ने 80 वर्षों से नहीं देखा है। रूस हमारे मूल्यों के खिलाफ हमारे अपने देश में स्वतंत्र रूप से जीने के हमारे अधिकार के खिलाफ और हमारे राष्ट्रीय सपनों, जैसे आप अमेरिकियों के सपने, के खिलाफ एक क्रूर आक्रमण कर रहा है।

रूस और यूक्रेन शांति योजना पर पहुंचे- रिपोर्ट
अमेरिका और रूस के बीच वार्ता शुरू होने से अनुमान लगाया जा रहा है कि यूक्रेन की जंग अब रुक सकती है। उधर रूस और यूक्रेन ने भी वार्ता के सकारात्मक दिशा में होने की बात कही है।
वहीं कीव इंडिपेंडेंट की खबर के मुताबिक यूक्रेन और रूस युद्ध को समाप्त करने के लिए संभावित शांति योजना पर पहुंचे हैं। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि 'सौदे में युद्धविराम और रूसी सैनिकों की वापसी शामिल है यदि कीव उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की सदस्यता के लिए अपनी महत्वाकांक्षाओं को त्याग देता और अपने सशस्त्र बलों की सीमा को स्वीकार कर लेता है।












Click it and Unblock the Notifications