विवेक रामास्वामी, रॉन डिसेंटिस, निक्की हेली, तमाम विरोधी डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुए एकजुट, बाइडेन क्या करेंगे?
Donald Trump News: रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन (RNC-2024) में डोनाल्ड ट्रंप को अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वियों से जोरदार समर्थन मिल गया है, जानलेवा हमले के बाद रिपब्लिकन पार्टी के तमाम विरोधी नेता उनके समर्थन में उतर आए हैं, जिससे डोनाल्ड ट्रंप अब काफी मजबूत हो गये हैं।
विवेक रामास्वानी, निक्की हेली और रॉन डिसेंटिस जैसे नेताओं का डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में आन, रिपब्लिकन पार्टी की एकता का प्रदर्शन है और माना जा रहा है, कि अब डोनाल्ड ट्रंप, जो बाइडेन के मुकाबले और मजबूत हो सकते हैं, क्योंकि गोलीकांड में बचने के बाद उनके समर्थन में सहानुभूति की लहर भी चल पड़ी है।

विस्कॉन्सिन के मिल्वौकी में कन्वेंशन के दूसरे दिन मंगलवार को पूर्व संयुक्त राष्ट्र राजदूत निक्की हेली और फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत किया और नवंबर में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में जो बाइडेन को हराने के लिए रिपब्लिकन से एकजुट होने का आग्रह किया।
निक्की हेली ने किया डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन
निक्की हेली, जिन्होंने पहले ट्रम्प को अयोग्य और "पागल" कहा था, उन्होंने कार्यक्रम में कहा, कि रिपब्लिकन को "हमारे राष्ट्र की खातिर" ट्रम्प का समर्थन करना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने बाइडेन की विदेश नीति और आव्रजन को संभालने पर निशाना साधा।
निक्की हेली ने सम्मेलन के दूसरे दिन रिपब्लिकन प्रतिनिधियों से कहा, कि "आपको ट्रम्प के लिए वोट करने के लिए हर बार उनसे 100 प्रतिशत सहमत होने की जरूरत नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा, कि "मेरी बात मानिए। मैं हमेशा राष्ट्रपति ट्रम्प से सहमत नहीं रही हूं। लेकिन हम असहमत होने की तुलना में ज्यादा बार सहमत होते हैं।" रिपब्लिकन और अमेरिकियों के एक साथ आने की आवश्यकता पर जोर देते हुए, हेली ने कहा, कि जब देश विभाजित होता है, तो अमेरिका के दुश्मनों को लाभ होता है।
निक्की हेली ने कहा, "कोई भी राष्ट्रपति अकेले हमारी सभी समस्याओं को ठीक नहीं कर सकता। हमें यह सब मिलकर करना होगा। अमेरिका में खुद को सुधारने की अद्भुत क्षमता है।"
उन्होंने आगे कहा, कि "इस समय, हमारे पास अपने मतभेदों को दूर रखने और उन चीजों पर ध्यान केंद्रित करने का मौका है, जो हमें एकजुट करती हैं और हमारे देश को मजबूत बनाती हैं। आइए हम एक पार्टी के रूप में एक साथ जुड़ें, आइए हम एक लोगों के रूप में एक साथ आएं, एक मजबूत और गौरवान्वित देश के रूप में एक साथ आएं। आइए हम अपने बच्चों और दुनिया को दिखाएं, कि हमारे सबसे बुरे दिन में भी, हम अमेरिका में रहने के लिए धन्य हैं।"
डोनाल्ड ट्रंप के साथ आए रॉन डिसेंटिस
रॉन डेसेंटिस, जो रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति चुनाव का टिकट चाहते थे और इसके लिए प्राइमरी में खड़े हुए थे, वो मुकाबले में ट्रम्प से तीसरे स्थान पर रहे थे, उन्होंने ज्यादा आक्रामक लहजे में बाइडेन की मानसिक तीक्ष्णता के बारे में चिंताओं को उठाया और रिपब्लिकन से उन्हें "वापस तहखाने में भेजने" का आह्वान किया।
डिसेंटिस ने कहा, "एक नागरिक, एक पति और एक पिता के रूप में, मैं चिंतित हूं कि संयुक्त राज्य अमेरिका के वर्तमान राष्ट्रपति में अपने कार्यालय के कर्तव्यों का निर्वहन करने की क्षमता का अभाव है। हमारे दुश्मन अपने मंसूबों को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सीमित नहीं रखते हैं।"
उन्होंने कहा, कि "हमें एक कमांडर इन चीफ की जरूरत है, जो दिन में 24 घंटे और सप्ताह में सातों दिन नेतृत्व कर सके। अमेरिका 'वीकेंड एट बर्नीज' के राष्ट्रपति पद के चार और साल बर्दाश्त नहीं कर सकता।" डेसेंटिस ने 1989 की कॉमेडी फिल्म का जिक्र करते हुए कहा, जिसमें दो कर्मचारी अपने मृत बॉस को जीवित बताकर वीकेंड बिताते हैं।
डिसेंटिस ने कहा, कि ट्रम्प को शैतान के रूप में पेश किए जाने, मुकदमा चलाए जाने, और लगभग मारे जाने के बाद रिपब्लिकन का समर्थन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, कि "हम उन्हें निराश नहीं कर सकते। और हम अमेरिका को निराश नहीं कर सकते।"
आपको बता दें, कि रॉन डेसेंटिस पहले डोनाल्ड ट्रंप के करीबी थी, लेकिन बाद में उनके विरोधी बन गये थे और राष्ट्रपति चुनाव की दावेदारी भी ठोकी थी, लेकिन ट्रंप के मुकाबले काफी ज्यादा पिछड़ने के बाद उन्होंने अपना कैम्पन खत्म कर दिया था और अब उन्होंने खुलकर ट्रंप का समर्थन कर दिया है।
डिसेंटिस के अलावा अमेरिकी सीनेटर टेड क्रूज, जिन्होंने 2016 में ट्रम्प के खिलाफ असफल प्राइमरी चुनाव लड़ा था, उन्होंने भी इस बार ट्रम्प की उम्मीदवारी की सराहना की और भीड़ से कहा, कि "भगवान डोनाल्ड जे ट्रम्प को आशीर्वाद दें!"
विवेक रामास्वामी, जिन्होंने भी राष्ट्रपति चुनाव प्राइमरी का चुनाव लड़ा था और हार के बाद अपने कैम्पेन को खत्म कर दिया था, उन्होंने खुलकर डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन किया है। विवेक रामास्वामी हालांकि, पहले से ही ट्रंप का समर्थन करते रहे हैं और संभावना थी, कि डोनाल्ड ट्रंप उन्हें अपना रनिंग मेट यानि उप-राष्ट्रपति का उम्मीदवार बना सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।
नायक की तरफ डोनाल्ड ट्रंप का स्वागत
आपको बता दें, कि डोनाल्ड ट्रम्प को फिसर्व फोरम में एंट्री करते समय एक बार फिर नायक की तरह स्वागत किया गया, जहां पार्टी के उत्साही समर्थकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया। हालांकि, ट्रम्प ने सम्मेलन को संबोधित नहीं किया, लेकिन गुरुवार को उनका मुख्य भाषण देने का कार्यक्रम है।
ट्रम्प ने संकेत दिया है, कि एकता उनके संबोधन का मुख्य विषय होगा। उन्होंने कहा, कि उनपर हुए हमले ने उन्हें उस भाषण को फिर से लिखने के लिए प्रेरित किया, जिसकी उन्होंने मूल रूप से योजना बनाई थी।
डोनाल्ड ट्रम्प के सबसे बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रम्प जूनियर ने मंगलवार को एक्सियोस को बताया, कि उनके पिता अपनी बयानबाजी को कम करने का इरादा रखते हैं। उन्होंने कहा कि "कुछ घटनाएं होती हैं, जो आपको कुछ मिनटों के लिए बदल देती हैं और कुछ ऐसी घटनाएं होती हैं, जो आपको हमेशा के लिए बदल देती हैं।"
हालांकि, यह अभी तक साफ नहीं है, कि ट्रम्प की मौत के करीब पहुंचने से राष्ट्रपति पद की रेस पर क्या असर पड़ेगा, लेकिन कुछ राजनीतिक विश्लेषकों ने सुझाव दिया है, कि इससे उनकी जीत की संभावनाएं बढ़ जाती हैं।
ट्रम्प महीनों से ज्यादातर जनमत सर्वेक्षणों में बाइडेन से आगे चल रहे हैं, चाहे वह देश भर में हो या पेंसिल्वेनिया, विस्कॉन्सिन और मिशिगन जैसे स्विंग राज्यों में, ये तीनों ही 2020 में ट्रम्प से बाइडेन की तरफ चले गये थे।












Click it and Unblock the Notifications