बांग्लादेश में भीषण सड़क हादसा, आधे किलोमीटर बस को घसीटकर ले गई ट्रेन, 12 की मौत
नई दिल्ली: कोरोना महामारी से जूझ रहे भारत के पड़ोसी बांग्लादेश में शनिवार को एक भयानक हादसा हुआ, जहां एक बस की ट्रेन से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। टक्कर के बाद भी ट्रेन बस को करीब आधे किलोमीटर तक घसीट कर ले गई। जिस वजह से और ज्यादा नुकसान हुआ है।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक जॉयपुरहाट जिले में पुरानापोइल रेलवे फाटक पर यात्रियों से भरी एक बस जा रही थी, तभी ट्रेन से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद करीब आधे किलोमीटर तक ट्रेन बस को साथ ले गई। जिस वजह से 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोगों को घायल अवस्था में नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों ने और जान गंवा दी। ये बस जॉयपुरहाट से पंचबीबी जा रही थी।
जॉयपुरहाट सदर पुलिस थाने के प्रभारी एकेएम आलमगीर के मुताबिक घटना के तुरंत बाद पुलिस रेस्क्यू टीम के साथ वहां पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि फाटक पर लाइनमैन मौजूद नहीं था। जब ट्रेन वहां से गजरी तो फाटक भी खुला था, इसी वजह से ये भयानक हादसा हुआ। मृतकों में सभी बस में सवार यात्री हैं। वहीं अभी 6 लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है।
सितंबर में भी हुआ था बड़ा हादसा
बांग्लादेश की राजधानी ढाका के बाहरी इलाके में स्थित एक मस्जिद में सितंबर में ब्लास्ट हुआ था। उस दौरान हादसे की वजह एसी को बताया गया। जिसमें दो दर्जन से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी, साथ ही बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। पुलिस के मुताबिक मस्जिद में एक के बाद एक 6 एसी फटे थे, जिससे इमरात को काफी नुकसान पहुंचा। इसकी चपेट में आने से 24 से ज्यादा लोगों की मौत हुई।












Click it and Unblock the Notifications