हाथ में पवित्र कलावा बांधकर ऋषि सुनक बने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री, जानिए क्यों हैं कंप्लीट फैमिली मैन
19 जुलाई को जब एक गर्मागर्म टेलीविज़न बहस में भारतीय मूल के ऋषि सुनक से जब उनकी पत्नी के टैक्स मामलों को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने अपने सास-सुर का जिक्र करते हुए कहा था, कि उन्हें अपने ससुर पर गर्व है।
Rishi Sunak Kalava Bhagavad Gita: ऋषि सुनक आज आधिकारिक तौर पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बन गये हैं और उन्होंने प्रधानमंत्री पद की कुर्सी संभाल ली है। ब्रिटेन के किंग चार्ल्स ने बकिंघम पैलेस मे उन्हें प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलवाई। इस मौके पर ऋषि सुनक ने ब्रिटिश अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने का वचन दिया है और उन्होंने कहा है कि, उनके पूर्ववर्ती प्रशासन ने कुछ गलतियां की हैं, जिन्हें वो सही करने की कोशिश करेंगे। वहीं, जब प्रधानमंत्री आवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट पर ऋषि सुनक पहुंचे, तो उनकी हाथों में कलावा बंधा हुआ नजर आया, जिससे पता चलता है कि, ब्रिटिश प्रधानमंत्री हिन्दू धर्म से किस हद तक जुड़े हुए हैं।

ऋषि सुनक के हाथ में कलावा
ब्रिटेन के 57वें प्रधानमंत्री बने ऋषि सुनक जब प्रधानमंत्री आवास 10 डाउनिंग स्ट्रीट पहुंचे और वहां जब उन्होंने देश को संबोधित किया, उस वक्त उनकी हाथों में लाल रंग का कलावा नजर आया, जो अकसर हिन्दू अपनी हाथों में पूजा के बाद पहनते हैं। ऋषि सुनक अकसर अपनी हाथों में कलावा बांधे नजर आते हैं, और जब पिछली बार लिज ट्रस के साथ उनका प्रधानमंत्री बनने के लिए चुनावी मुकाबला चल रहा था, उस वक्त भी उनकी हाथों में लाल रंग का कलावा अकसर दिखता था, जिससे उनकी हिन्दू धर्म को लेकर आस्था का परिचय होता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बड़े बिजनेसमैन रहे ऋषि सुनक के दफ्तर में उनकी डेस्क पर भगवान गणेश की प्रतिमा भी रहती है। इसके साथ ही ऋषि सुनक कई बार गाय की पूजा करते हुए भी नजर आए हैं। अगस्त महीने में चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने अपनी पत्नी के साथ गौ-पूजा की थी।

गीता पर हाथ रखकर ली थी शपथ
आपको बता दें कि, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बन चुके ऋषि सुनक अभी सिर्फ 43 साल के हैं और उनका परिवार पहले भारत से ईस्ट अफ्रीका गया था और फिर ईस्ट अफ्रीका से ब्रिटेन आ गया था। उनका संबंध एक साधारण परिवार से रहा है, लिहाजा, ब्रिटेन के आम नागरिकों के बीच वो काफी पसंद किए जाते हैं और उनके काम को लेकर उनकी काफी तारीफ होती है। 2020 में भी जब ब्रिटेन की एक प्राइवेट कंपनी ने सर्वे करवाया था तो ब्रिटेन की करीब 60 प्रतिशत जनता ने ऋषि सुनक को अपना पसंदीदा प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बताया था। ऋषि सुनक ने ब्रिटेन संसद में भगवद गीता अपने हाथों में लेकर बतौर सांसद संसद में शपथ ली थी और ऐसा करने वाले वह ब्रिटेन के पहले सांसद थे। ऋषि सुनक पहली बार साल 2015 में रिचमंड, यॉर्कशायर से सांसद बने थे। उसके बाद से ऋषि सुनक लगातार वहां के सांसद हैं।

सुनक के दिल में बसता है भारत
ऋषि सुनक भले ही ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बन गये हों और पाकिस्तानी मीडिया और भारत के कुछ कथित लिबरल्स उन्हें पाकिस्तानी मूल का बता रहे हों, लेकिन ऋषि सुनक अभी भी दिल से खुद को भारतीय मानते हैं और वो कई बार अपने भारत प्रेम का जिक्र भी कर चुके हैं। वहीं, उन्हें प्रधानमंत्री बनने के बाद बधाई देते हुए पीएम मोदी ने भी उन्हें ब्रिटेन में रहने वाले भारतीय और भारत के बीच एक 'जीवित ब्रिज' बताया है। वहीं, ऋषि सुनक अपने ससुर को लेकर भी अपने विरोधियों को दो टूक जवाब दे चुके हैं। जुलाई महीने में जब ऋषि सुनक से उनके ससुर के भारतीय होने पर सवाल पूछा गया था, तो उन्होंने यह कहकर अपने विरोधियों को बोलती बंद कर दी थी, कि 'उनके ससुर ने शून्य से शुरूआत की है और मुझे अपने ससुर पर गर्व है।'

ऋषि सुनक ने क्या कहा था?
19 जुलाई को जब एक गर्मागर्म टेलीविज़न बहस में भारतीय मूल के ऋषि सुनक से जब उनकी पत्नी के टैक्स मामलों को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने अपने सास-सुर का जिक्र किया था। उस वक्त ऋषि सुनक पर तीन महीने पहले , यानि मई महीने में ही पत्नी अक्षता मूर्ति की कमाई से टैक्स का पैसा बचाने के लिए नया कानून बनाने का आरोप लगा था। उनपर आरोप लगा था, कि अक्षता मूर्ति ब्रिटेन में तो रहती है, लेकिन उनकी जो कमाई होती है, उसका टैक्स वो ब्रिटेन सरकार के खजाने में जमा नहीं करते हैं। इसके साथ ऋषि सुनक को अपने यूएस ग्रीन कार्ड की स्थिति स्पष्ट करने को लेकर भी कई सवाल का जवाब देना पड़ा था, जिसे उन्होंने कथित तौर पर नंबर 11 डाउनिंग स्ट्रीट पर वित्त मंत्री का पद संभालने के कुछ महीनों बाद छौड़ा था। उस वक्त उन्होंने कहा था कि, उनके सास-ससुर ने जो हासिल किया है, उसके लिए उन्हें उनके ऊपर गर्व है।

विवाद में भी नहीं छोड़ा पत्नी का साथ
ऋषि सुनक ने कहा था कि, 'मेरे ससुर ने शून्य से शुरूआत की थी और उनके पास महज कुछ रुपये थे, जो मेरी सास ने बचत करके उन्हें दिए थे और अब दुनिया के सबसे बड़े और सम्मानित उद्योगपति में उनका नाम होता है, उनकी कई सफल कंपनियां हैं, जो पूरे यूनाइटेड किंगडम में हजारों लोगों को रोजगार देती हैं।' ऋषि सुनक ने टीवी डिबेट के दौरान कहा था कि, "यह एक अविश्वसनीय कहानी है और वास्तव में यह एक ऐसी कहानी है, जिस पर मुझे वास्तव में गर्व है और प्रधानमंत्री के रूप में, मैं यह सुनिश्चित करना चाहता हूं कि हम यहां घर पर (ब्रिटेन में) उनकी तरह और कहानियां बना सकें।" वहीं, पत्नी के भारी टैक्स विवाद में फंसने के बाद भी उन्होंने डटकर उसका मुकाबला किया और एक मिनट भी उन्होंने अपनी पत्नी की कमाई से पल्ला नहीं झाड़ा। बल्कि, उन्होंने तमाम आरोपों का सामना किया और ब्रिटेन की जनता के सामने अपनी बात रखी और यही वजह है, कि ब्रिटेन में ऋषि सुनक के फैमिली मैन किरदार को काफी पसंद किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications