कतर ने हमास नेताओं को फौरन देश से निकलने के लिए कहा, ट्रंप के जीतते ही मिडिल ईस्ट में दिखने लगा असर?
Middle East: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कतर ने हमास के नेताओं से तत्काल देश छोड़ने को कहा है और रिपोर्ट के मुताबिक, इस खाड़ी देश पर युद्ध विराम समझौते को सुविधाजनक बनाने के लिए वाशिंगटन से भारी दबाव डाला गया है।
वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है, कि कतर की हमास को चेतावनी वाशिंगटन की तरफ से यह कहे जाने के बाद आई है, कि आतंकवादी समूह द्वारा इजराली बंधकों को रिहा करने के समझौते को अस्वीकार करने का मतलब है, कि अब उसकी मौजूदगी 'व्यवहार्य' नहीं है।

कतर ने हमास नेताओं को देश छोड़ने को कहा
यह खाड़ी देश की नीति में एक बड़ा बदलाव है, जिसने एक दशक से ज्यादा समय से लगातार हमास के शीर्ष अधिकारियों की मेजबानी की है। रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों के साथ करीब 10 दिनों तक लगातार की गई चर्चा के बाद कतर ने ये फैसला लिया है और हमास के नेताओं को देश छोड़ने के लिए कहा है। दक्षिणी इजराइल में 7 अक्टूबर को हमास के हमले के बाद गाजा में एक पूर्ण युद्ध शुरू होने के बाद से दोहा, इजराइल और हमास के बीच बंधक वार्ता में एक महत्वपूर्ण मध्यस्थ रहा है।
एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर रॉयटर्स को बताया, कि "बंधकों को रिहा करने के बार-बार प्रस्तावों को खारिज करने के बाद, हमास के नेताओं का अब किसी भी अमेरिकी साझेदार की राजधानियों में स्वागत नहीं किया जाना चाहिए। अमेरिका ने कतर को यह स्पष्ट कर दिया है, क्योंकि हमास ने कुछ सप्ताह पहले एक और बंधक रिहाई प्रस्ताव को खारिज कर दिया था।"
अधिकारी ने कहा, कि अमेरिका हमास के राजनीतिक कार्यालय को बंद करने के बारे में कतर के संपर्क में है। और यह तब हुआ, जब फिलिस्तीनी समूह ने एक और युद्धविराम-बंधक समझौते को खारिज कर दिया।
हमास का नया कार्यालय कहां होगा?
शुक्रवार को कतर ने हमास से कहा, कि "आपका यहां स्वागत नहीं है।" आपको बता दें, कि कतर ने 2012 से ही राजधानी दोहा में हमास के राजनीतिक कार्यालय की मेजबानी की है, जब सीरिया के गृहयुद्ध ने फिलिस्तीनी समूह को दमिश्क में अपना आधार बंद करने के लिए मजबूर किया था।
वास्तव में, अमेरिका ही वह था, जिसने तेल समृद्ध राज्य से फिलिस्तीनी समूह के साथ संचार का एक चैनल खोलने के लिए कहा था। इस बीच, मामले से परिचित एक व्यक्ति ने द फाइनेंशियल टाइम्स को बताया, कि कतर में हमास के नेता अब तुर्की में ट्रांसफर हो जाएंगे, जो फिलिस्तीनी समूह का एक और सहयोगी है।
गाजा में युद्ध की शुरुआत से ही यूरेशियाई राष्ट्र ने हमास के राजनीतिक कार्यकर्ताओं को शरण दी है। इतना ही नहीं, तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने भी इस आतंकवादी समूह का खुलकर समर्थन किया है। हालांकि, तुर्की के विदेश मंत्रालय ने इस ट्रांसफर रिपोर्ट पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
युद्ध की शुरुआत से ही दोहा ने मध्यस्थ की भूमिका निभाई है। हालांकि, हमास के साथ अपने घनिष्ठ संबंधों को लेकर देश को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा और कई लोगों ने इसकी तटस्थता पर सवाल उठाए। इस साल अप्रैल में कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल-थानी ने कहा था,कि दोहा मध्यस्थ के रूप में अपनी भूमिका का पुनर्मूल्यांकन कर रहा है।
इस बीच, द फाइनेंशियल टाइम्स ने रिपोर्ट किया है, एक अरब राजनयिक ने खुलासा किया है, कि हमास के अधिकारियों ने ट्रांसफर की संभावना पर चर्चा करने के लिए तुर्की, ईरान, अल्जीरिया और मॉरिटानिया जैसे देशों का दौरा किया है। राजनयिक ने कहा, "कतर ने हमास नेताओं को सबसे पहले तब आमंत्रित किया, जब उन्हें अमेरिकियों से हरी झंडी मिली। जब अमेरिका का रुख बदलता है, तो हमास से छुटकारा पाने की कोशिश करना तर्कसंगत है।"












Click it and Unblock the Notifications