बड़ी खुशखबरी: कतर में 8 पूर्व नौसैनिकों को मिली बड़ी राहत, अब नहीं मिलेगी फांसी, भारत सरकार ने की थी अपील
कतर में मौत की सजा पाए 8 पूर्व भारतीय नौसैनिकों को बड़ी राहत मिली है। भारत सरकार के लगातार प्रयास के बाद इन नेवी अफसरों को मौत की सजा पर रोक लगा दी गई है। इससे पहले पिछले साल कतर में गिरफ्तार किए गए 8 पूर्व भारतीय नेवी ऑफिसर को कतर की एक अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी।
इसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस मामले को लेकर कतर में स्थित कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सुनवाई के दौरान अदालत ने सजा कम कर दी है। इसे भारतीय विदेश मंत्रालय और नेवी अधिकारियों के परिजनों की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "दहरा ग्लोबल केस में गिरफ्तार पूर्व नेवी ऑफिसर को लेकर आए फैसले पर हमने गौर किया है। सजाएं कम कर दी गई हैं। कतर के कोर्ट ऑफ अपील के विस्तृत फैसले की हम प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसके अलावा हमारा अगला कदम क्या होगा, इस पर भी निर्णय लेने के लिए हम कानूनी टीम के साथ-साथ परिवार के सदस्यों के साथ भी संपर्क में हैं।"
बयान में आगे कहा गया है, "कतर के कोर्ट ऑफ अपील में आज हमारे राजदूत और अन्य अधिकारी के साथ सजा पाने वाले ऑफिसर के परिवार वाले भी मौजूद थे। मामले की शुरुआत से ही हम उनके साथ खड़े हैं और हम आगे भी सभी कांसुलर और कानूनी सहायता देना जारी रखेंगे। इसके अलावा इस मामले को कतर के अधिकारियों के समक्ष भी उठाना जारी रखेंगे। मामले की गंभीरता और जरूरी गोपनीयता को देखते हुए इस समय इस पर कोई और टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।"
कतर कोर्ट ने 26 अक्टूबर को इन पूर्व नेवी अफसरों को मौत की सजा सुनाई थी। इसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने फैसले पर हैरानी जताई थी और आश्वासन दिया था कि सरकार सभी कानूनी विकल्प तलाश रही है। इसके बाद नवंबर के आखिरी सप्ताह में भारत सरकार ने मौत की सजा के खिलाफ याचिका दायर किया था।
आपको बता दें कि भारतीय नौसेना के आठ पूर्व अफसर कतर मे देहरा ग्लोबल टेक्नोलॉजी एंड कंसल्टेंसी सर्विसेज नामक कंपनी के लिए काम कर रहे थे। अगस्त 2022 में इन पूर्व अफसरों को गिरफ्तार कर लिया गया था। इन पर कथित तौर पर जासूसी के आरोप लगाए गए थे।












Click it and Unblock the Notifications