Jinping और Putin के बीच आज होगी ऑफिशियल बातचीत, अमेरिका ने कहा- चीन अपने प्रभाव का करे इस्तेमाल
रूसी अधिकारियों के मुताबिक, दोनों लीडर्स रूस और चीन के बीच व्यापक और रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय क्षेत्र में रूसी-चीनी सहयोग को गहरा करने पर भी बातचीत होगी।

Image: PTI
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सोमवार रात रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मुलाकात की। पुतिन ने राष्ट्रपति भवन (क्रेमलिन) में जिनपिंग का स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच साढ़े चार घंटे तक बातचीत हुई। दोनों ने इस अवसर पर एक दूसरे को 'प्रिय मित्र' से संबोधित किया। बातचीत के बाद पुतिन ने एक दुर्लभ कदम उठाते हुए शी को उनकी कार तक पहुंचाया और दोनों को एक साथ मुस्कुराते हुए देखा गया। क्रेमलिन के मुताबिक मंगलवार को दोनों नेताओं के बीच औपचारिक बातचीत होगी। इसके बाद दोनों एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन भी आयोजित कर सकते हैं।
बातचीत के लिए तैयार रूसः पुतिन
पुतिन ने सोमवार को चीन की यूक्रेन संकट को हल करने की योजना के जवाब में जिनपिंग से कहा कि उनका देश हर समय बातचीत के लिए तैयार है। इस दौरान पुतिन ने चीनी अर्थव्यवस्था की सफलता की तारीफ भी की। आपको बता दें कि रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के बाद जिनपिंग पहली बार मॉस्को पहुंचे हैं। आज उनके रूस दौरे का दूसरा दिन है। देर शाम दोनों नेताओं के बीच आधिकारिक बातचीत होगी। रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात करने से पहले जिनपिंग ने कहा था कि उनकी यात्रा का मकसद रूस-चीन के बीच दोस्ती को मजबूत करना और युद्ध खत्म कराना है। उन्होंने कहा कि हल ऐसा निकलना चाहिए जो दोनों पक्षों को मंजूर हो।
प्रभाव का इस्तेमाल करे चीनः अमेरिका
रूसी अखबार में लिखे एक लेख में चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि वे यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की से भी बातचीत करेंगे। सोमवार को चीन-रूस के शीर्ष नेताओं के बीच हुई बातचीत पर अमेरिका का भी बयान आया है। सोमवार की रात, व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने कहा कि जिनपिंग को यूक्रेन से सैनिकों को वापस लेने और युद्ध अपराधों को रोकने के लिए पुतिन पर दबाव डालने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युद्धविराम, जो पिछले महीने प्रकाशित चीन के शांति प्रस्ताव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था वह पर्याप्त नहीं हो सकता।
सैनिक वापस बुलाने के दबाव बनाए चीन
जॉन किर्बी ने कहा, "हमें उम्मीद है कि राष्ट्रपति शी राष्ट्रपति पुतिन पर यूक्रेनी शहरों, अस्पतालों और स्कूलों पर बमबारी बंद करने के लिए, युद्ध अपराधों और अत्याचारों को रोकने के लिए, और अपने सभी सैनिकों को वापस बुलाने के लिए दबाव डालेंगे। उन्होंने कहा कि और कोई भी युद्धविराम जो यूक्रेन से रूसी सेना को हटाने के लिए बाध्य नहीं करता है, रूस की अवैध जीत को सुनिश्चित करेगा। अगर ऐसा होता है तो रूस अधिक लाभप्रद स्थिति में होगा और वह किसी भी समय पर युद्ध को फिर से शुरू करने में सक्षम रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications