जहर से या ब्लड कैंसर से... खालिस्तानी आतंकवादी अवतार सिंह खांडा की कैसे हुई मौत? सस्पेंस बरकरार
Avtar Singh Khanda: यूके स्थित खालिस्तान समर्थक अवतार सिंह खांडा, जिसने वारिस पंजाब डी के प्रमुख अमृतपाल सिंह की मदद की थी, उसका ब्रिटेन के बर्मिंघम के एक अस्पताल में निधन हो गया है। शिरोमणि अकाली दल अमृतसर से जुड़े खांडा को सोमवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
हालांकि अवतार सिंह खांडा की मौत कैसे हुई है, इसको लेकर सस्पेंस बना हुआ है। कुछ लोगों का कहना है, कि उसकी मौत ब्लड कैंसर से हुई है, जबकि कई लोग दावा कर रहे हैं, कि उसे जहर दिया गया था। लिहाजा, उसकी मौत फिलहाल संदिग्ध मानी जा रही है।

कैसे हुई अवतार सिंह खांडा की मौत?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, अवतार सिंह खांडा की मौत की वजब अभी तक साफ नहीं हो पाई है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है, कि उसकी मौत फुट पॉइजनिंग से हुई है, जबकि कई अन्य लोगों ने दावा किया है, कि मौत के पीछे ब्लड कैंसर वजह है।
CNN-News18 ने कुछ खुफिया सूत्रों के हवाले से दावा किया है, कि खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के हैंडलर अवतार सिंह खांडा की मौत ब्लड कैंसर से हुई है। सूत्रों ने कहा कि ब्रिटेन स्थित खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के प्रमुख की बर्मिंघम सिटी अस्पताल में गुरुवार को करीब 12:45 बजे (IST) मौत हो गई।
हालांकि, ब्लड कैंसर से मौत को लेकर लोग इसलिए सवाल उठा रहे हैं, क्योंकि रिपोर्ट में कहा गया है, कि बुधवार को उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उसे लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। सूत्रों ने बताया कि कैंसर के कारण थक्का फटने से खांडा के शरीर में जहर आ गया, लेकिन सवाल ये हैं, कि क्या खांडा को ब्लड कैंसर के बारे में अचानक पता चला था या पहले से ही उसका इलाज करवाया जा रहा था?
क्योंकि, अगर खांडा को ब्लड कैंसर था, तो मौत से ठीक दो महीने पहले वो भला कैसे भारत विरोधी प्रदर्शनों में शामिल हो सकता है और लंदन स्थिति भारतीय मिशन से तिरंगे को उतार सकता है।
खांडा की मां से हुई थी पूछताछ
अमृतपाल सिंह के मामले की जांच करने वाली जांच एजेंसियों के अनुसार खालिस्तान समर्थक अमृतपाल के उदय के पीछे खांडा का दिमाग था और उसने ही उसे तैयार किया था। पंजाब पुलिस ने खांडा की मां और बहन को हिरासत में लिया था, जबकि अमृतपाल सिंह फरार हो गया था, हालांकि बाद में अमृतपाल सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया था।
ऐसा माना जाता है, कि अमृतपाल सिंह जब भारत में पुलिस से बचने के लिए भाग रहा था, उस वक्त भी खांडा उसके संपर्क में था। लिहाजा, सवाल ये उठ रहे हैं, कि क्या बीमारी के दिनों में भी वो भारत विरोधी हरकतों में लगा हुआ था।
लंदन में उच्चायोग में भारत के राष्ट्रीय ध्वज को नीचे खींचने के लिए खांडा को यूके में भी गिरफ्तार किया गया था। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब में वारिस पंजाब डे पर कार्रवाई शुरू होने के एक दिन बाद 19 मार्च को लंदन में भारतीय उच्चायोग में कथित तौर पर तोड़फोड़ की कोशिश के लिए अवतार सिंह खांडा के नाम का जिक्र किया था।
खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के उग्रवादी कुलवंत सिंह खुकराना के पुत्र खांडा को खालिस्तान समर्थक कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता था। उसका नाम 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंग्लैंड यात्रा के दौरान भी सामने आया था। खांडा ने भारत सरकार के इन आरोपों का खंडन किया था कि वह इंग्लैंड के एक गुरुद्वारे में बम बनाने का प्रशिक्षण दे रहा था।












Click it and Unblock the Notifications