जब व्हाइट हाउस को पहली बार देखा था... प्रधानमंत्री मोदी ने जो बाइडेन को सुनाया 30 साल पुराना किस्सा
PM Modi White House: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो अमेरिका की अपनी पहली राजकीय यात्रा पर हैं, उनका आज व्हाइट हाउस में भव्य स्वागत किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी ने गर्मजोशी से स्वागत के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन को धन्यवाद दिया।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 30 साल पुराना वो किस्सा भी जो बाइडेन को सुनाया, जब उन्होंने पहली बार व्हाइट हाउस को देखा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा, कि "व्हाइट हाउस में उनका भव्य स्वागत 140 करोड़ भारतीयों के लिए सम्मान और गौरव है। यह अमेरिका में भारतीय समुदाय के लिए भी सम्मान की बात है।"

मोदी ने सुनाया 30 साल पुराना किस्सा
अपने संबोधन के दौरान, प्रधानमंत्री ने यह भी याद किया, कि 30 साल पहले संयुक्त राज्य अमेरिका की अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने पहली बार व्हाइट हाउस देखा था। उन्होंने कहा, कि "लगभग तीन दशक पहले, मैंने एक आम आदमी के रूप में अमेरिका का दौरा किया था। उस वक्त मैंने व्हाइट हाउस को बाहर से देखा था।"
जो बाइडेन से बात करते हुए नरेन्द्र मोदी ने कहा, कि "मैं यहां कई बार आया हूं, लेकिन, यह पहली बार है, जब यहां इतनी बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोगों के लिए दरवाजे खोले गए हैं।" आपको बता दें, कि जब व्हाइट हाउस के अंदर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जो बाइडेन की ये बातचीत हो रही थी, उस वक्त व्हाइट हाउस के बाहर 'मोदी-मोदी' के नारे लग रहे थे और वहां मौजूद लोगों का कहना था, कि व्हाइट हाउस फिलहाल 'मिनी इंडिया' बन गया है।
व्हाइट हाउस में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता से पहले पीएम मोदी और बाइडेन के बीच व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में आमने-सामने की मुलाकात भी हुई। समारोह में अपनी टिप्पणी के दौरान पीएम मोदी ने कहा, कि वह जल्द ही बाइडेन के साथ बातचीत करेंगे और क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
वहीं, अपने संबोधन के दौरान, राष्ट्रपति बाइडेन ने अमेरिका और भारत के बीच संबंधों को 21वीं सदी के सबसे निर्णायक रिश्तों में से एक बताया। 24 घंटे के भीतर दोनों नेताओं के बीच यह दूसरी बातचीत हुई है।
व्हाइट हाउस में डिनर पार्टी
राष्ट्रपति बाइडेन और प्रथम महिला जिल बाइडेन आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए व्हाइट हाउस में डिनर कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे हैं। एक दिन पहले व्हाइट हाउस में एक अंतरंग रात्रिभोज के लिए बाइडेन परिवार ने प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी की थी, जिसके दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर चर्चा की, उपहारों का आदान-प्रदान किया और भारत के क्षेत्रों के लिए एक संगीतमय श्रद्धांजलि का आनंद लिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस में होने वाले डिनर कार्यक्रम में करीब 400 मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। वहीं, डिनर कार्यक्रम से पहले नरेन्द्र मोदी अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications