PM Modi Bhutan Visit: भूटान नहीं जाएंगे पीएम मोदी, विदेश मंत्रालय ने बताया क्यों यात्रा हुई कैंसिल?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दो दिवसीय भूटान दौरा रद्द हो गया है। खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की थिम्पू की राजकीय यात्रा को स्थगित करने का बुधवार को फैसला किया। बुधवार रात को भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से यह जानकारी दी गई।
प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार यानी कि 21 मार्च को एक विशेष विमान से भूटान रवाना होने वाले थे, जो कि आम चुनाव से पहले उनकी आखिरी यात्रा होने वाली थी। लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें ये यात्रा रद्द करनी पड़ी।

विदेश मंत्रालय ने बुधवार को एक संक्षिप्त बयान में कहा, "पारो हवाई अड्डे पर चल रही खराब मौसम की स्थिति के कारण, 21-22 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री की भूटान की राजकीय यात्रा को स्थगित करने का पारस्परिक निर्णय लिया गया है।" बयान में आगे कहा गया, "दोनों पक्षों द्वारा राजनयिक चैनलों के माध्यम से नई तारीखों पर काम किया जा रहा है।"
इससे पहले भूटान के पीएम शेरिंग टोबगे की 14 से 18 मार्च तक भारत के दौरे पर आए हुए थे। जनवरी में पदभार संभालने के बाद भूटानी पीएम की ये पहली भारत की यात्रा थी। अपनी इस यात्रा के दौरान पीएम टोबगे ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी से मुलाकात की थी।
अचानक इस दौरे के खत्म होने के ठीक 3 दिन बाद पीएम के भूटान जाने को किसी विशेष प्रायोजन से जोड़कर देखा जा रहा था। ऐसा माना जा रहा था कि पीएम मोदी भूटान में कुछ बड़ा ऐलान करने वाले हैं।
इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी की भूटान के राजा महामहिम जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और भूटान के चौथे राजा महामहिम जिग्मे सिंग्ये वांगचुक से मुलाकात होने वाली थी। इसके अलावा, भारतीय प्रधानमंत्री, भूटान के प्रधानमंत्री टोबगे के साथ भी बैठक करने वाले थे।












Click it and Unblock the Notifications