Modi in Poland: नवानगर के जाम साहब स्मारक का दौरा करेंगे पीएम मोदी, कैसे वे पोलैंड के 'अच्छे महाराजा' बने?
PM Modi to visit Jam Saheb of Nawanagar memorial: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वह कर रहे हैं, जो दशकों से किसी भारतीय नेता ने नहीं किया है। वे दो दिवसीय यात्रा पर पोलैंड गये हैं। वारसॉ हवाई अड्डे पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री सबसे पहले 'नवानगर के जाम साहब स्मारक' पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसकी पुष्टि करते हुए पोलैंड में भारतीय राजदूत नगमा मोहम्मद मलिक ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, कि "वे स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे।" उन्होंने यह भी बताया, कि प्रधानमंत्री मोदी पोलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे, जो एक "उत्साही बैठक" होने की उम्मीद है।

लेकिन यह स्मारक किसको समर्पित है? 'नवानगर के जाम साहब स्मारक' का भारत से क्या रिश्ता है, आइये जानते हैं।
नवानगर स्मारक का जाम साहब क्या है?
पोलैंड की राजधानी वारसॉ में 'गुड महाराजा स्क्वायर' या 'डोब्रेगो महाराजा' में स्थित जाम साहब नवानगर स्मारक, गुजरात में नवानगर (अब जामनगर) के पूर्व महाराजा जाम साहब दिग्विजयसिंहजी रणजीतसिंहजी को समर्पित है।
पोलैंड में, उन्हें 'गुड महाराजा' के नाम से जाना जाता है और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान उनके मानवीय प्रयासों के लिए याद किया जाता है, जब उन्होंने सोवियत समाजवादी गणराज्य संघ से भाग रहे सैकड़ों पोलिश बच्चों को शरण दी थी।
पोलैंड में स्थित यह स्मारक उनकी विरासत को श्रद्धांजलि है। लेकिन जाम साहब दिग्विजयसिंहजी रणजीतसिंहजी वास्तव में कौन थे?
1895 में सरोदा में जन्मे जाम श्री दिग्विजयसिंहजी रणजीतसिंहजी जडेजा ने राजकुमार कॉलेज, मालवर्न कॉलेज और यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन से शिक्षा प्राप्त की। 1919 में, उन्हें ब्रिटिश सेना में सेकंड लेफ्टिनेंट के रूप में नियुक्त किया गया और करीब 2 दशकों तक वो इस पद पर रहे। अपने सैन्य करियर के अंत में, उन्होंने लेफ्टिनेंट-जनरल का पद प्राप्त किया।
1933 में रणजीतसिंहजी अपने चाचा, प्रसिद्ध क्रिकेटर के.एस. रणजीतसिंहजी के बाद नवानगर के महाराज बने।
महाराजा रणजीतसिंहजी ने पोलिश बच्चों की किस तरह मदद की?
द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान, हजारों पोलिश लोगों को सोवियत संघ के सुदूर इलाकों में निर्वासित कर दिया गया था। उन्हें शिविरों और अनाथालयों में ले जाया गया, जहां भूख और बीमारी लोगों की जान ले रही थी। 1941 में, बेसहारा शरणार्थियों को सोवियत संघ छोड़ने की अनुमति देने के लिए एक माफी की घोषणा की गई थी। सैकड़ों अनाथ पोलिश बच्चे अचानक आजाद हो गए, लेकिन उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं था।
उनमें से कुछ को मेक्सिको, न्यूज़ीलैंड और दूसरे दूर के देशों में शरण मिली। और उस वक्त महाराजा रणजीतसिंहजी ने सैकड़ों बच्चों को घर देने के लिए स्वेच्छा से आगे आए। ग्रेट ब्रिटेन के युद्ध मंत्रिमंडल के एक हिंदू प्रतिनिधि के रूप में, महाराजा उस समय की अंतरराष्ट्रीय स्थिति से अच्छी तरह वाकिफ थे। उनकी पहल के बाद बच्चों को एंडर्स आर्मी (माफी के बाद सोवियत संघ में गठित एक पोलिश सशस्त्र बल), रेड क्रॉस, बॉम्बे में पोलिश वाणिज्य दूतावास और ब्रिटिश अधिकारियों की मदद भारत पहुंचाया गया।
फिर 1942 में, 170 बच्चों का पहला समूह एक कठिन यात्रा करके नवानगर पहुंचा। महाराजा ने नए लोगों का स्वागत इन शब्दों में किया "अब तुम अनाथ नहीं रहोगे। अब से तुम नवानगरवासी हो, और मैं बापू हूं, सभी नवानगरवासियों का पिता, इसलिए मैं तुम्हारा भी पिता हूं।"
उन्होंने बलाचडी नामक स्थान पर बच्चों के लिए एक शिविर बनवाया, जहां उन्हें चिकित्सा सहायता, आवास और स्कूल उपलब्ध कराए गए। उन्होंने पोलिश पुस्तकों के साथ एक विशेष पुस्तकालय भी बनवाया, ताकि वे अपनी मातृभाषा न भूलें।
बाद में, उन्होंने चेला में उनके लिए एक और शिविर खोला और पटियाला और बड़ौदा के शासकों को भी शामिल किया और बच्चों के लिए धन जुटाने के लिए टाटा समूह से भी संपर्क किया। पोलिश बच्चों की जरूरतों को पूरा करने के लिए लाखों रुपये जमा किए गए।
राजा की बेटी हर्षद कुमारी ने आउटलुक पत्रिका को बताया, "हमारे पिता ने उन्हें राजनीतिक रूप से गोद लिया था।"
जब युद्ध समाप्त हुआ और अनाथ बच्चों को यूरोप लौटना पड़ा, तो बच्चे और महाराजा दोनों ही दुखी थे। बताया जाता है, कि रणजीतसिंहजी ने उन्हें रेलवे स्टेशन पर व्यक्तिगत रूप से विदाई दी थी।

पोलैंड में किया गया महाराजा का सम्मान
रणजीतसिंहजी ने अपनी उदारता के बदले में कभी कुछ नहीं मांगा। हालांकि, उन्होंने एक दिन का सपना देखा था, जब आजाद पोलैंड में एक सड़क का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। हालांकि यह उनके जीवनकाल में नहीं हुआ, लेकिन 1989 में वारसॉ में एक चौक का नाम महाराजा के नाम पर रखा गया।
इसके बाद, शहर के एक छोटे से पार्क का नाम स्क्वायर ऑफ द गुड महाराजा रखा गया, उनके सम्मान में एक स्मारक बनाया गया और उन्हें मरणोपरांत पोलैंड गणराज्य के ऑर्डर ऑफ मेरिट के कमांडर क्रॉस से सम्मानित किया गया।
वारसॉ में महाराजा के नाम पर एक स्कूल भी है और इसमें भारत की झलक दिखती है। दीवारों पर भारतीय स्मारकों और शास्त्रीय नृत्यों और संस्कृति की तस्वीरें सजी हुई हैं। इसे फ्रेंड्स ऑफ इंडिया एजुकेशन फाउंडेशन चलाता है।
2009 में, जब तत्कालीन पोलिश प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पटेल से मुलाकात की, तो उनके लिए एक भावुक पल था। रंजीतसिंहजी की दयालुता को याद करते हुए उन्होंने कहा था, "जब दूसरे हमारे बच्चों को मार रहे थे, तो आप उन्हें बचा रहे थे।"
बालाचडी में रहने वाले कई बच्चों में से एक कैरोलिन राइबका ने सीबीसी न्यूज़ को बताया, मुझे नहीं पता कि हम हजारों बच्चों के साथ क्या हुआ होता। उन्होंने हमारी जान बचाई।"












Click it and Unblock the Notifications