गायब करवा दी गईं पूर्व उप प्रधानमंत्री पर आरोप लगाने वाली चीन की टेनिस खिलाड़ी? यूएस-यूएन चिंतित
विश्व प्रसिद्ध चीन की टेनिस खिलाड़ी 35 वर्षीय पेंग शुआई के समर्थन में दुनियाभर से आवाजें उठ रही हैं और आरोप लगाने के बाद से उनका सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट हो चुका है।
बीजिंग, नवंबर 20: राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बेहद खास और चीन के पूर्व उप-प्रधानमंत्री पर रेप का आरोप लगाने वाली विश्व की स्टार टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई गायब हो चुकी हैं। जिसके बाद अब उनके समर्थन में दुनियाभर से आवाजें उठने लगी हैं। पेंग शुआई को लेकर अब अमेरिका और यूनाइटेड नेशंस ने आवाज उठाई है और चीन से पेंग शुआई के सुरक्षित होने को लेकर सबूत मांगा है। पेंग शुआई चीन की उन कुछ लोगों में से हैं, जिन्होंने कम्युनिस्ट पार्टी के कद्दावर नेताओं के खिलाफ बोलने का साहस किया और अब ऐसी आशंका है कि, उन्हें 'गायब' करवा दिया गया है।

गायब हैं पेंग शुआई
संयुक्त राष्ट्र और संयुक्त राज्य अमेरिका ने शुक्रवार को चीनी टेनिस स्टार की पेंग शुआई के सुरक्षित होने को लेकर चिंता जताते हुए चीन की सरकार से उनके सुरक्षित होने को लेकर सबूत मांगे हैं। 2 नवंबर को चीन के पूर्व उप-प्रधानमंत्री पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद से खिलाड़ी पेंग शुआई को सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है और कई सूत्रों का कहना है कि, पेंग शुआई को चीन की कम्युनिस्ट पार्टी टॉर्चर कर रही है।

पेंग शुआई के लिए उठती आवाजें
विश्व प्रसिद्ध चीन की टेनिस खिलाड़ी 35 वर्षीय पेंग शुआई के समर्थन में दुनियाभर से आवाजें उठ रही हैं और आरोप लगाने के बाद से उनका सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट हो चुका है। ये अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि, उन्होंने अपना सोशल मीडिया अकाउंट खुद डिलीट किया है, या फिर डिलीट कर दिया गया है। चीन में तानाशाही शासन है और वहां पर किसी भी शख्स के लिए सत्ता के खिलाफ बोलने का मतलब देशद्रोह है, लिहाजा पेंग शुआई को इंसाफ मिलना नामुमकिन ही है, फिर भी उन्होंने आवाज उठाई तो अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उन्हें समर्थन मिल राह है और कई टेनिस खिलाड़ियों ने उनके इंसाफ के लिए आवाज उठाई है। पेंग शुआई ने सोशल मीडिया वीबो पोस्ट में चीन के पूर्व प्रधानमंत्री झांग गाओली पर रेप के आरोप लगाए हैं, लेकिन कम्युनिस्ट पार्टी ने अपने नेता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

यूएन-अमेरिका ने जताई चिंता
पेंग शुआई के गायब होने के बाद व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जेन साकी ने कहा कि, राष्ट्रपति जो बाइडेन का प्रशासन चाहता है कि, चीन पेंग के ठिकाने का "स्वतंत्र, सत्यापन योग्य प्रमाण" प्रदान करे। उन्होंने कहा कि, पूर्व विश्व शीर्ष युगल युगल खिलाड़ी के बारे में बाइडेन ने "गहरी चिंता" व्यक्त की है। वहीं, यूनाइटेड नेशंस ने भी पेंग शुआई के आरोपों पर निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग पर जोर दिया है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय की प्रवक्ता लिज थ्रोसेल ने जिनेवा में संवाददाताओं से कहा कि, "उनके ठिकाने और उनके सुरक्षित होने का सबूत मिलना महत्वपूर्ण है"। उन्होंने कहा कि, "हम उनके यौन उत्पीड़न के आरोप में पूरी पारदर्शिता के साथ जांच की मांग कर रहे हैं।"

टेनिस खिलाड़ियों ने उठाई आवाज
विश्व के कई प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ियों ने चीन की टेनिस खिलाड़ी पेंग शुआई के गायब होने को लेकर चिंता जताई है और उनके समर्थन में आवाज बुलंद की है। चीन के तानाशाह शी जिनपिंग से लोग मांग कर रहे हैं कि, पेंग शुआई के सुरक्षित होने को लेकर सबूत पेश किया जाए। आपको बता दें कि, चीन में एक एक सांस के लिए भी कम्युनिस्ट पार्टी की दया पर लोगों को निर्भर रहना पड़ता है और वहां मानवाधिकार जैसी बातों का कोई स्थान नहीं है। चीन के कम्युनिस्ट नेता लोगों से अत्याचार के लिए कुख्यात हैं। दूसरी तरफ विश्व प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी नाओमी ओसाका, सेरेना विलियम्स और दुनिया के शीर्ष पुरुष खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने भी चीनी एथलीट के लिए अपना समर्थन दिया है। जोकोविच ने कहा कि, ''यह भयावह है। मेरा मतलब है, एक व्यक्ति लापता है''। जोकोविच ने इतालवी शहर ट्यूरिन में एटीपी फाइनल में कहा कि, "पूरे टेनिस समुदाय को उसे (पेंग शुआई) और उसके परिवार का समर्थन करने करने की जरूरत है और यह सुनिश्चित करने की ज़रूरत है कि वह सुरक्षित और स्वस्थ हैं।"

व्यापार संबंध काटने का समर्थन
विश्व प्रसिद्ध टेनिस खिलाड़ी जोकोविच ने महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) के उस बयान का भी समर्थन किया है, जिसमें कहा गया है कि, अगर पेंग शुआई की सुरक्षा की पुष्टि नहीं की गई, तो चीन के साथ सभी व्यापारिक संबंधों को खत्म कर दिया जाएगा। जोकोविच ने कहा, "यदि आप इस स्थिति को हल किए बिना चीनी धरती पर टूर्नामेंट करते हैं तो यह थोड़ा अजीब होगा, इसलिए मैं समझता हूं कि डब्ल्यूटीए ने ऐसा रुख क्यों अपनाया है।" वहीं, पूर्व विंबलडन और फ्रेंच ओपन डबल्स चैंपियन ने आरोप लगाया कि 2018 में रिटायर्ड हुए चीन के पूर्व प्रधानमंत्री झांग ने लंबे समय तक उनके साथ बलात्कार किया और उन्हें मुंह बंद रखने को मजबूर किया।

चीनी विदेश मंत्रालय को नहीं है जानकारी
एक तरफ चीन की स्टार खिलाड़ी की सुरक्षा को लेकर यूनाइटेड नेशंस चिंता जता रहा और कई टेनिस खिलाड़ी आवाज उठा रहे हैं, तो दूसरी तरह चीन के विदेश मंत्रालय का कगना है कि, उसे इस विवाद की कोई जानकारी ही नहीं है। विश्व के किसी भी हिस्से में चीन के खिलाफ छोटी सी खबर छपने पर भी उसपर प्रतिक्रिया देने वाले चीनी विदेश मंत्रालय को अपने उस टेनिस खिलाड़ी के गायब होने की जानकारी नहीं है, जिसको लेकर पूरी दुनिया के न्यूजपेपर में रिपोर्ट छप रहे है। शुक्रवार को जब चीन के विदेश मंत्रालय से टेनिस खिलाड़ी को लेकर सवाल पूछा गया, तो चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि, 'उसे इस विवाद की जानकारी नहीं है'।

चीन के भोंपू मीडिया की प्रतिक्रिया
टेनिस खिलाड़ी पेंग की पोस्ट को चीन के लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर उनके वेरिफाइट अकाउंट से फौरन डिलीट कर दिया गया था, लेकिन कई स्क्रीन सॉट अभी भी वायरल हो रहे हैं। दूसरी तरह चीन की कम्युनिस्ट पार्टी का भोंपू मीडिया सीजीटीएन ने इस सप्ताह टेनिस खिलाड़ी को लेकर एक खबर प्रसारित की है। जिसमें एक टेनिस खिलाड़ी के एक इमेल का हवाला दिया गया है। सीजीटीएन ने कहा कि, खिलाड़ी पेंग ने वर्ल्ड टेनिस एसोसिएशन को एक मेल लिखा था, जिसमें उन्होंने कहा कि, वो घर में 'आराम' कर रही हैं और 'आरोप गलत हैं'। जिसके बाद इस इमेल की प्रामाणिकता पर सवाल उठ रहे हैं और शुक्रवार को डब्ल्यूटीए ने कहा है कि, वो सीधे तौर पर खिलाड़ी पेंग से बात करना चाहता है, लेकिन उसकी बात नहीं करवाई गई है।












Click it and Unblock the Notifications