फांसी पर लटकाने के 45 सालों के बाद जुल्फीकार अली भुट्टो को मिला इंसाफ, पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने मानी गलती
Zulfikar Ali Bhutto Pakistan Supreme Court: पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कहा है, कि पूर्व प्रधान मंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो को 1979 में सैन्य तानाशाह जनरल जिया-उल के शासन के दौरान सुप्रीम कोर्ट में निष्पक्ष सुनवाई नहीं हुई थी।
पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने भुट्टो को फांसी की सजा मिलने के करीब 45 सालों के बाद कहा है, कि उस वक्त सुप्रीम कोर्ट की सात-न्यायाधीशों की पीठ ने भुट्टो की मौत की सजा सुनाए जाने पर निष्पक्ष सुनवाई और उचित प्रक्रिया का पालन नहीं किया था।

जुल्फिकार अली भुट्टो की फांसी, पाकिस्तान के इतिहास में एकमात्र उदाहरण है, जहां किसी पूर्व प्रधानमंत्री को फांसी दी गई थी। देश के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक, ज़ुल्फिकार को उनके चुने हुए सेना प्रमुख जिया उल हक ने सत्ता से हटा दिया था, और उन पर पीपीपी के संस्थापक सदस्य और अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी अहमद रज़ा कसूरी की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया था।
यह मुकदमा काफी ज्यादा विवादास्पद था क्योंकि कई कानूनी विशेषज्ञों और पर्यवेक्षकों का मानना है, कि सैन्य तानाशाक जिया उल हक की वजह से उन्हें फांसी पर लटका दिया गया था।
1979 में सुनाया गया था फांसी का फैसला
मार्च 1979 में, सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने चार-तीन के खंडित फैसले में, पूर्व प्रधान मंत्री भुट्टो को मौत की सजा देने के लाहौर हाई कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा और जुल्फिकार अली भुट्टो को रावलपिंडी में फांसी दे दी गई। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने 2 अप्रैल 2011 को मौत की सजा पर फिर से विचार करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी, जिसपर पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट ने अब अपना फैसला सुनाया है।
हालांकि, भुट्टो को अब जिंदा नहीं किया जा सकता है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले ने एक बार फिर से साबित कर दिया है, कि पाकिस्तान में सैन्य तानाशाहों ने किस तरह से नागरिक सरकारों को तोड़ने और राजनीतिक शख्सियतों को सूली पर लटकाने का काम किया।
सुप्रीम कोर्ट ने फैसले में क्या कहा?
पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस काजी फ़ैज़ ईसा की अध्यक्षता में, नौ-न्यायाधीशों की पीठ ने सर्वसम्मति से कहा, कि जुल्फिकार अली भुट्टो के मुकदमे में निष्पक्ष सुनवाई की शर्तें पूरी नहीं की गईं।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा, कि "लाहौर हाई कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट का फैसला पाकिस्तानी संविधान के अनुच्छेद 4 और 9 में निहित निष्पक्ष सुनवाई और उचित प्रक्रिया के मौलिक अधिकार की आवश्यकताओं को पूरा नहीं करती है।"
सुप्रीम कोर्ट ने आगे कहा, कि "इसलिए हमें आत्म-जवाबदेही की भावना के साथ, विनम्र होकर अपने पिछले गलत कदमों और गलतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए, और यह सुनिश्चित करना चाहिए, कि न्याय को कानून के प्रति अटूट निष्ठा के साथ प्रदान किया जाना चाहिए।"
पाकिस्तान की शीर्ष अदालत ने यह भी माना कि "हमारे न्यायिक इतिहास में कुछ ऐसे मामले हुए हैं, जिन्होंने सार्वजनिक धारणा बनाई है, कि या तो भय या पक्ष ने कानून के अनुसार न्याय प्रदान करने के कर्तव्य के प्रदर्शन को बाधित किया है"। जस्टिस ईसा ने कहा, "जब तक हम अपनी पिछली गलतियों को स्वीकार नहीं करते, तब तक हम खुद को सुधार नहीं सकते और सही दिशा में प्रगति नहीं कर सकते।"
हालांकि शीर्ष अदालत ने आगे कहा, कि जुल्फिकार की मौत की सजा के फैसले को बदला नहीं जा सकता, क्योंकि संविधान और कानून इसकी अनुमति नहीं देते हैं, और इसे फैसले के रूप में बरकरार रखा जाएगा। इस बीच, जुल्फिकार के पोते बिलावल भुट्टो-जरदारी काले सलवार कमीज और गहरे नीले रंग की जैकेट पहने अदालत में अपने वकील के साथ गंभीरता से खड़े थे। पीपीपी अध्यक्ष ने अदालत के फैसले को "ऐतिहासिक" बताया और कहा कि वे विस्तृत फैसले का इंतजार कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications