धरती की कोई ताकत पाकिस्तान को खत्म नहीं कर सकती... स्वतंत्रता दिवस पर जनरल मुनीर की गीदड़भभकी
सोमवार 14 अगस्त को पाकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस है। इसकी पूर्व संध्या पर पाकिस्तान के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल असीम मुनीर ने देश के लोगों को संबोधित करते हुए कहा है कि पाकिस्तानी जानते हैं कि कड़ी मेहनत से हासिल की गई अपनी आजादी की रक्षा कैसे करनी है।
पाकिस्तान की मिलिट्री एकेडमी काकुल में आजादी परेड को संबोधित करते हुए मुनीर ने मोहम्मद अली जिन्ना के शब्दों को दोहराते हुए कहा कि धरती पर कोई ताकत नहीं है जो पाकिस्तान को खत्म कर दे। आजादी पर भाषण देते हुए मुनीर ने कश्मीर राग भी छेड़ा।

पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने कश्मीर को लेकर कहा कि जैसे हमें 76 साल पहले आजादी मिली थी, कश्मीर के लोगों को भी जल्द आजादी मिलेगी। पाक आर्मी चीफ मुनीर ने कश्मीर पर कथित कब्जे पर चर्चा के लिए अंतरराष्ट्रीय बिरादरी से गुहार भी लगाई।
मुनीर ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को यह महसूस करना होगा कि कश्मीर में भारतीय ज्यादतियों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। भू-राजनीतिक आवश्यकता की वेदी पर स्वतंत्रता और आत्मनिर्णय के अधिकार को अस्वीकार किया जा रहा है।
सेना प्रमुख मुनीर ने कहा कि कश्मीर में कम्युनिकेशन खत्म कर दिए गए हैं और उसे दुनिया की सबसे बड़ी जेल में बदल दिया गया है, मगर फिर भी कश्मीरी लोगों के दृढ़ संकल्प के सामने ये चीजें टिक नहीं पाएंगी।
वहीं, उन्होंने भारत के राष्ट्रवाद पर उंगली उठाते हुए कहा कि दुनिया को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है। कोई भी आक्रामक विचार हमें मजबूर नहीं बना सकता है। ये क्षेत्र दो परमाणु शक्तियों के बीच दुश्मनी होने की स्थिति में नहीं है।
जनरल असीम ने पाकिस्तानी सेना और राष्ट्र के बीच विभाजन पैदा करने के उद्देश्य से किए गए प्रयासों की कड़ी निंदा की और पुष्टि की कि पाकिस्तानी सशस्त्र बल और उसके नागरिक दृढ़ता से एकजुट रहेंगे। उन्होंने सेना और राष्ट्र के बीच दरार पैदा करने के प्रयासों को निंदनीय बताया और कहा कि यह कभी सफल नहीं होगा।
अपने भाषण के दौरान मुनीर ने चीन को पाकिस्तान का सच्चा दोस्त बताया। इसके साथ ही उन्होंने सऊदी, UAE, तुर्किये, कतर और ईरान से भी अच्छे संबंध बरकरार रखने की गुजारिश की।












Click it and Unblock the Notifications