इमरान खान ने दिया भारतीय पीएम नरेन्द्र मोदी को टीवी बहस का ऑफर, रूस में भारत पर उगला जहर
भारत ने पिछले कुछ सालों से पाकिस्तान के साथ बातचीत बंद कर रखा है और भारत लगातार कहता आ रहा है, कि "आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते"।
इस्लामाबाद, फरवरी 22: भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ ट्वीटर पर 'अपशब्दों' की बारिश करने वाले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने इस बार उन्हें टीवी बहस का न्योता दिया है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने आज कहा कि वह दोनों देशों के बीच मतभेदों को सुलझाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ टेलीविजन पर बहस करना चाहते हैं।

पीएम मोदी को बहस का न्योता
आजादी के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तीन युद्ध हो चुके हैं और दोनों ही देशों के बीच हमेशा ही तनाव बना रहता है, जिसको लेकर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान ने भारतीय पीएम को बहस करने का न्योता दिया है। इमरान खान ने कहा कि, ''मैं टीवी पर नरेंद्र मोदी के साथ बहस करना पसंद करूंगा।" इमरान खान ने रूस टुडे को एक साक्षात्कार में कहा कि, यह भारतीय उपमहाद्वीप एक अरब से ज्यादा लोगों के लिए फायदेमंद होगा, यदि आपस में बहस करके दोनों देशों के बीच के मतभेद को सुलझा लिया जाता है। इमरान खान के इस न्योते को लेकर अभी तक भारतीय विदेश मंत्रालय ने समचार एजेंसी रॉयटर्स के सवाल पर तुरंत टिप्पणी नहीं की है।

पाकिस्तान से बात नहीं करता भारत
आपको बता दें कि, भारत ने पिछले कुछ सालों से पाकिस्तान के साथ बातचीत बंद कर रखा है और भारत लगातार कहता आ रहा है, कि "आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते"। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान से उन आतंकवादी समूहों और आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा हुआ है, जिन्होंने भारत में आतंकवादी वारदातों को अंजाम दिया हुआ है। इनमें से कई आतंकी यूनाइटेड नेशंस की वांटेड लिस्ट में भी शामिल हैं। इसके साथ ही भारत पाकिस्तान से सीमा पार आतंकवाद को समाप्त करने की मांग करता है, जिसके लिए पाकिस्तान "नॉन स्टेट एक्टर्स" को दोषी ठहराता है, जो पाकिस्तान में और कश्मीर में उसके अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में स्वतंत्र रूप से रहते हैं और काम करते हैं।

भारत पर क्या बोले पाकिस्तानी पीएम
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान रूस के साथ रिश्ते को मजबूत करने की कोशिश में लगे हुए हैं, लिहाजा वो 33 सालों के बाद पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री हैं, जो रूस का दौरा कर रहे हैं। रूसी सरकारी न्यूज चैनल को से बात करते हुए एक तरफ इमरान खान भारतीय पीएम को टीवी बहस का न्योता भी दे रहे थे, दूसरी तरफ वो भारत के खिलाफ जहर भी उगल रहे थे। इमराम खान ने कहा कि, ''भारत के शत्रुतापूर्ण रवैये की वजह से दोनों देशों का व्यापार न्यूनतम हो गया है''। इमरान खान ने कहा कि, ''उनकी सरकार की नीति सभी देशों के साथ व्यापारिक संबंध रखना है''।

'भारत के साथ की बातचीत की कोशिश'
भारत को लेकर पूछे गये एक सवाल पर बोलते हुए इमरान खान ने कहा कि, उनकी सरकार ने कश्मीर विवाद को सुलझाने के लिए सत्ता में आने के तुरंत बाद भारत से संपर्क किया। हालांकि, उन्होंने इस बात पर खेद व्यक्त किया कि भारत को "नाजियों से प्रेरित विचारधारा" का विस्तार हो गया है। ये कोई पहली बार नहीं है, जब पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ जहर उगला है। इमरान खान अकसर पीएम मोदी को लेकर ट्वीटर पर उल्टी-सीधी बातें करते आ रहे हैं, हालांकि, भारतीय प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा उन्हें कोई जवाब नहीं दिया जाता है।

भारत ने किया था सर्जिकल स्ट्राइक
आपको बता दें कि, पठानकोट आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा के पार आतंकी लॉन्च पैड्स पर सर्जिकल स्ट्राइक की थी। पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने भी बालाकोट में आतंकी कैंपों पर हवाई हमला किया था। वहीं, भारत ने पाकिस्तान से बार-बार कहा है कि बातचीत 'आतंक मुक्त माहौल' में ही हो सकती है। नई दिल्ली ने इस्लामाबाद से बातचीत से पहले आतंकवाद पर कार्रवाई के सबूत दिखाने को कहा है। हालांकि, इमरान खान की भारत को लेकर यह टिप्पणी हाल ही में पाकिस्तान के शीर्ष वाणिज्यिक अधिकारी, रज्जाक दाऊद की इसी तरह की टिप्पणियों का अनुसरण करती है, जिन्होंने मीडिया के अनुसार, पत्रकारों से कहा कि वह भारत के साथ व्यापार संबंधों का समर्थन करते हैं, जिससे दोनों पक्षों को फायदा होगा।












Click it and Unblock the Notifications