शहजादे को प्रधानमंत्री बनाना चाहता है पाकिस्तान.. फवाद चौधरी ने की राहुल की तारीफ तो बरसे पीएम मोदी
Pakistan In Indian Election: भारत में लोकसभा चुनाव में वोटिंग के तीसरे चरण से पहले पाकिस्तान की एंट्री हो चुकी है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है, कि पड़ोसी देश सबसे पुरानी पार्टी के 'शहजादा' को भारत का अगला प्रधानमंत्री बनाने के लिए उत्सुक है। प्रधानमंत्री मोदी का ये तंज कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर था।
प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणी उन खबरों के बीच आई है, कि पाकिस्तान में इमरान खान की कैबिनेट के पूर्व मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो शेयर कर उनकी प्रशंसा की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने राहुल गांधी पर क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, कि "पाकिस्तान रो रहा है, क्योंकि कांग्रेस यहां मर रही है। पाकिस्तानी नेता कांग्रेस के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। पाकिस्तान 'शहजादा' (राहुल गांधी का नाम लिए बगैर) को अगला प्रधान मंत्री बनाने के लिए उत्सुक है। यह आश्चर्य की बात नहीं है, क्योंकि हम पहले से ही जानते हैं, कि कांग्रेस पाकिस्तान की 'शिष्य' है। पाकिस्तान और कांग्रेस के बीच साझेदारी उजागर हो गई है। यह दर्शाता है, कि देश के दुश्मन भारत में एक कमजोर सरकार चाहते हैं, मजबूत नहीं।"
आनंद और खेड़ा लोकसभा सीटों पर होने वाले तीसरे चरण के चुनाव से पहले बीजेपी उम्मीदवारों के समर्थन में मध्य गुजरात के आनंद शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने पाकिस्तान का नाम लेकर जमकर कांग्रेस पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, "कांग्रेस की कमजोर सरकार आतंक के आकाओं को डोजियर देती थी। लेकिन, मोदी की मजबूत सरकार, आतंकियों को उनकी धरती पर ही मार गिराती है। यह संयोग ही है, कि आज भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है और इधर कांग्रेस मर रही है तो उधर पाकिस्तान रो रहा है।"
पीएम मोदी ने आगे कहा, कि "अब पाकिस्तानी नेता, कांग्रेस के लिए दुआ कर रहे हैं। पाकिस्तान 'शहजादा' को प्रधानमंत्री बनाने के लिए उत्सुक है और कांग्रेस पहले से ही पाकिस्तान की प्रशंसक है।"
पीएम मोदी के बयान पर क्या बोले राशिद अल्वी
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी ने कहा, कि "...फवाद चौधरी का बयान नवाज शरीफ और उनके भाई की सरकार के दबाव में दिया गया है। पीएम मोदी के नवाज शरीफ के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं। यह बयान इसलिए आया है, ताकि हमारे प्रधानमंत्री इसका फायदा उठा सकें। बीजेपी के पाकिस्तान के साथ रिश्ते हैं, मनमोहन सिंह, राहुल गांधी या सोनिया गांधी कभी पाकिस्तान नहीं गए, लेकिन मोदी जी तो गये हैं।... जो लोग उनके (फवाद चौधरी) बयान से फायदा उठाना चाहते हैं, उन्होंने उन पर दबाव डाला है...।"
आपको बता दें, कि चुनाव चाहे भारत में हो या पाकिस्तान में, जब तक दोनों देशों के नेता एक दूसरे का जिक्र ना करें, तब तक लगता ही नहीं है, कि चुनाव भी हो रहे हैं। भारतीय चुनाव में भी पाकिस्तान की एंट्री हो चुकी है और माना जा रहा है, कि आगे भी पाकिस्तान के नाम पर वोट मांगे जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications