Arshad Nadeem: पाकिस्तान के ओलंपिक गोल्ड मेडेलिस्ट अरशद नदीम बेनकाब, लश्कर के आतंकवादी के साथ तस्वीर वायरल
Arshad Nadeem meets terrorist Muhammad Harris: पेरिस ओलंपिक 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाले पाकिस्तानी भाला फेंक खिलाड़ी अरशद नदीम, जिसके जीतने पर भारत के लोग भी प्यार लुटा रहे हैं, उनकी एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें उन्हें लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी के साथ देखा गया है।
इस तस्वीर के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इस बात पर चर्चा शुरू हो गई है, कि इस्लामी आतंकवाद का 'कुटीर उद्योग' पड़ोसी देशों में आम नागरिकों के जीवन में किस हद तक घुसपैठ कर रहा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक OSINT हैंडल ने पाकिस्तानी ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता का लश्कर आतंकवादी मुहम्मद हैरिस डार के साथ एक वीडियो शेयर किया है। हालांकि, हम पुष्टि नहीं कर सकते हैं, कि ये वीडियो कब का है।
मुहम्मद हैरिस डार कौन है?
आपको बता दें, कि लश्कर-ए-तैयबा संयुक्त राष्ट्र द्वारा नामित आतंकवादी संगठन है। मुहम्मद हैरिस डार, मिल्ली मुस्लिम लीग का संयुक्त सचिव है, जो लश्कर के आतंकवादी हाफिज सईद द्वारा गठित एक राजनीतिक पार्टी है, जो लश्कर के मुखौटे के रूप में काम करती है।
वहीं अरशद नदीम के लिए प्यार लुटाने वालों को यह याद रखना चाहिए, कि हाफिज सईद 26/11 के मुंबई हमलों का मास्टरमाइंड है, जिसमें 166 लोग मारे गए थे। 2018 में, मिल्ली मुस्लिम लीग और उसके आतंकवादियों को विशेष रूप से वैश्विक आतंकवादी के रूप में नामित किया गया था।
अमेरिकी ट्रेजरी विभाग की 2018 की एक प्रेस रिलीज में कहा गया है, कि "OFAC ने MML केंद्रीय नेतृत्व निकाय के सात सदस्यों, सैफुल्लाह खालिद, मुज़म्मिल इकबाल हाशिमी, मुहम्मद हैरिस डार, ताबिश कय्यूम, फ़य्याज़ अहमद, फैसल नदीम और मुहम्मद एहसान को दिसंबर 2001 में नामित पाकिस्तान स्थित आतंकवादी समूह LeT की ओर से काम करने के लिए नामित किया है।"
अमेरिकी रिकॉर्ड के मुताबिक, मुहम्मद हारिस डार को लश्कर के लिए या उसकी ओर से काम करने के लिए आतंकवादी के तौर पर नामित किया गया था।
प्रेस रिलीज में कहा गया है, कि "डार एमएमएल का संयुक्त सचिव है और पूर्व में लश्कर के छात्र विंग, अल-मुहम्मदिया स्टूडेंट्स (एएमएस) का अधिकारी था, जिसे विदेश विभाग ने दिसंबर 2016 में लश्कर के उपनाम के रूप में जोड़ा था। 2016 की शुरुआत में, डार ने लश्कर के प्रशिक्षण शिविर में प्राथमिक चिकित्सा और अग्निशमन प्रशिक्षण प्रदान किया था। इस शिविर में हथियार कौशल और हमले की रणनीति का प्रशिक्षण भी शामिल था।"
मुहम्मद हारिस डार अक्सर सार्वजनिक रैलियों में भारत विरोधी भाषण देता है। ऐसे ही एक वीडियो में डार को जम्मू-कश्मीर को लेकर भारत के खिलाफ जहर उगलते हुए सुना जा सकता है। डार ने कहा था, कि "जिस तरह अमेरिका को अफगानिस्तान से जाना पड़ा, इंशाअल्लाह, भारत को भी कश्मीर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।"
वीडियो में, अरशद नदीम और लश्कर आतंकवादी मुहम्मद हैरिस डार के बीच बातचीत होती दिखाई दे रही है, जिसमें डार नदीम से कहता है कि उसकी उपलब्धि ने पूरे मुस्लिम उम्माह को गौरवान्वित किया है।












Click it and Unblock the Notifications