पाकिस्तानी मंत्री फवाद चौधरी ने कहा- पुलवामा हमला इमरान खान सरकार की बड़ी कामयाबी
इस्लामाबाद। पिछले साल फरवरी में पुलवामा में हुई आंतकी हमले का गुनाह अब खुद पाकिस्तान ने कबूल लिया है। इमरान के मंत्री फवाद चौधरी ने गुरुवार को संसद में कहा कि, पुलवामा हमला इमरान खान के नेतृत्व की बड़ी कामयाबी। दरअसल, फवाद पाकिस्तान मुस्लिम लीग-एन (PML-N) के नेता अयाज सादिक के उस बयान पर जवाब दे रहे थे। जिसमें उन्होंने कहा था कि, पाकिस्तान ने हमले के डर से भारतीय पायलट अभिनंदन को छोड़ा था।
Recommended Video

पाकिस्तान ने ही कराया था पुलवामा हमला
पाकिस्तान के मंत्री फवाद चौधरी ने संसद में कहा है कि सादिक कह रहे थे कि उनकी टांगें कांप रही थीं। मैं कहता हूं कि हमने हिंदुस्तान को घुसकर मारा है। पुलवामा में जो कामयाबी मिली है, वो इमरान खान की हुकूमत की अगुआई में कौम की कामयाबी है। उस कामयाबी के हिस्सेदार आप लोग हैं और हम लोग हैं। ये हम लोगों के लिए फख्र का मौका है। वह अयाज सादिक के दावों पर सफाई दे रहे थे।
'पाक आर्मी चीफ कांप रहे थे, उनके विदेश मंत्री डरे हुए थे'
इससे पहले पीएमएल-एन नेता सादिक ने बुधवार को पाकिस्तानी संसद में कहा था- अभिनंदन के मुद्दे को लेकर कुरैशी ने पीपीपी, पीएमएल-एन और सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा समेत दूसरे नेताओं के साथ बैठक की थी। मुझे याद है कि मीटिंग के दौरान आर्मी चीफ बाजवा कमरे में आए, उस समय उनके पैर कांप रहे थे और वे पसीना-पसीना थे। सादिक के मुताबिक मीटिंग में शामिल होने से इमरान खान ने इनकार कर दिया था। विदेश मंत्री ने मीटिंग में आर्मी चीफ से कहा था- खुदा के वास्ते अभिनंदन को जाने दो, नहीं तो भारत हमला कर देगा।

इस हमले में 44 जवान शहीद हो गए थे
14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर में पुलवामा के अवन्तीपुरा इलाके में सीआरपीएफ के काफिले पर फिदायीन हमला हुआ था। गोरीपुरा गांव के पास हुए इस हमले में 44 जवान शहीद हो गए थे। फिदायीन आतंकी ने 350 किलो विस्फोटक से लदी गाड़ी सीआरपीएफ जवानों को ले जा रही बस से टकरा दी थी। पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी। इसके अगले दिन पाकिस्तान ने अपने लड़ाकू विमानों को भारत की ओर भेजा था, तब उन्हें खदेड़ते हुए विंग कमांडर अभिनंदन उस ओर गिर गए थे। पाकिस्तान ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया था, लेकिन 48 घंटे के अंदर पाकिस्तान को उन्हें छोड़ना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications