पाकिस्तान के गृहमंत्री शेख रशीद का कबूलनामा, सेना चला रही है सरकार, इमरान खान हैं सिर्फ मोहरा
पाकिस्तान के गृहमंत्री शेख रशीद ने कहा है कि इमरान खान की सरकार को पाकिस्तान की सेना चला रही है।
इस्लामाबाद, सितंबर 13: पाकिस्तान के इमरान खान सरकार पर हमेशा आरोप लगते रहे हैं कि उनकी सरकार सेना के हाथ की कठपुतली है और इमरान खान सेना का सिर्फ मोहरा हैं और अब पाकिस्तान के गृहमंत्री ने खुद इसकी पुष्टि कर दी है। पाकिस्तान के गृहमंत्री शेख रशीद ने कबूल किया है कि इमरान खान की सरकार स्वतंत्र सरकार नहीं है, बल्कि इमरान सरकार को सेना चला रही है।

इमरान खान हैं कठपुतली
पाकिस्तान के गृहमंत्री शेख रशीद ने एक पाकिस्तानी चैनल पर दिए गये इंटरव्यू के दौरान कबूल किया है कि पाकिस्तान में प्रधानमंत्री इमरान खान सिर्फ सेना के हाथों का मोहरा हैं और असल में सरकार सेना ही चला रही है। इंटरव्यू के दौरान पाकिस्तानी गृहमंत्री से पूछा गया था कि क्या इमरान खान की सरकार को पीछे से फौज चला रही है? इस सवाल के जवाब में पाकिस्तानी गृहमंत्री ने कहा कि 'निश्चित तौर पर ....बिल्कुल। इसमें क्या बुराई है। पाक फौज का ही रोल है ना, इसमें क्या दिक्कत है। पाक फौज ही इस मुल्क को सलामत रख रही है। सियासतदान तो सिर्फ बयानात ही देते हैं, लेकिन पीछे पूरा स्ट्रक्चर तो पाक फौज का ही है। मैं आपसे इत्तेफाक करता हूं।' आगे पाकिस्तान के गृहमंत्री ने कहा कि 'हमारे पास तो सिर्फ तहरीर और तकरीर और फैसले करने की कूबत है। अमलदरामद की कोई कूबत नहीं है'।
इमरान खान सरकार पर आरोप
पाकिस्तान के गृहमंत्री ने उन आरोपों को कबूल कर लिया है, जो पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियां लगा रहीं थी। पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियों का कहना है कि इमरान खान को जनता ने नहीं, बल्कि पाकिस्तान की सेना ने चुना हुआ है और वो सलेक्टेड प्रधानमंत्री हैं। हालांकि, इमरान खान खुद इस बात से अबतक इनकार करते रहे हैं, लेकिन पाकिस्तान के गृहमंत्री ने ही अब कबूल कर लिया है कि पाकिस्तान की सरकार को सेना चला रही है। पाकिस्तान में कठपुतली इमरान सरकार को हटाने के लिए पाकिस्तान की विपक्षी पार्टियों ने एक महागठबंधन बना लिया है, जिसका नाम पीडीएम रखा गया है। इन विपक्षी पार्टियों का कहना है कि देश में सेना की सरकार नहीं चल सकती है और पाकिस्तान में जनता के द्वारा चुनी गई सरकार होना चाहिए।

''तालिबान को पाकिस्तान ने पाला''
इससे पहले शेख रशीद ने कहा था कि पाकिस्तान ने ही तालिबान को पाला है और तालिबान के कई बड़े नेताओं का जन्म ही पाकिस्तान में हुआ है। पाकिस्तान के गृहमंत्री ने कहा था कि तालिबान के नेता इलाज कराने के लिए पाकिस्तान आते हैं और पाकिस्तान में उन्हें हर तरह की मदद दी जाती है। पाकिस्तान के गृहमंत्री ने अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे को सही ठहराया था और उन्होंने इमरान खान की इस बात का समर्थन किया था कि तालिबान ने गुलामी की जंजीरे तोड़ दी हैं।

पाकिस्तान में रहते हैं तालिबानी परिवार
पाकिस्तान के गृहमंत्री शेख रशीद ने इस्लामाबाद के उपनगरों के नामों का हवाला देते हुए पाकिस्तान में उर्दू भाषा के मीडिया नेटवर्क को बताया था कि तालिबानी परिवार पाकिस्तान में रहते हैं। शेख रशीद ने कहा था कि ''रावत, लोई बेर, बारा कहुह और तरनोल, कभी उनकी लाशें आती हैं तो कभी अस्पतालों में इलाज के लिए यहां आ जाती हैं, तालिबानी परिवार इस्लामाबाद में रहते हैं''। आपको बता दें कि पाकिस्तान पर तालिबान की मदद करने और उसे अपने फायदे के लिए प्रॉक्सी के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगता रहा है। पंजशीर में भी पाकिस्तान की एयरफोर्स ने हमला किया था।












Click it and Unblock the Notifications