पाकिस्तान में ही बस जाएगी अंजू, शहबाज सरकार ने बढ़ाई वीजा अवधि, नसरुल्लाह ने बताया आगे का प्लान
भारत की अंजू अब पाकिस्तान में ही रहेगी। पाकिस्तान सरकार इसकी तैयारी में जुट गई है। इसी कोशिश के तहत अंजू का वीजा दो महीने के लिए बढ़ा दिया है। अंजू जुलाई में पाकिस्तान के खैबर पख्तून्ख्वां पहुंची थी।
इसके बाद उसके इस्लाम अपनाने और फेसबुक फ्रेंड नसरुल्ला से शादी की खबरें आई थीं। अंजू ने अपने पति और दो बच्चों को राजस्थान के अलवर जिले में छोड़ दिया था। वह इस समय खैबर पख्तूनख्वा के ऊपरी दीर जिले के रहने वाले पाकिस्तानी प्रेमी नसरुल्ला के घर पर रह रही है।

अब एक पाकिस्तानी वेबसाइट उर्दू समाचार के मुताबिक सरकार ने अंजू का यात्रा वीजा दो महीने के लिए बढ़ा दिया है। नसरुल्ला ने कहा, 'फातिमा का वीजा शुरू में दो महीने के लिए बढ़ाया गया है और उम्मीद है कि बाद में उसे एक साल का वीजा दिया जाएगा। तब फातिमा यहां स्थायी रूप से रहने की योजना बनाएगी।'
बातचीत के दौरान नसरुल्ला ने यह भी कहा कि उनकी इच्छा है कि भारत सरकार अंजू के दोनों बच्चों को पाकिस्तान भेजने और अपनी मां के साथ रहने की अनुमति दे। पाकिस्तानी वेबसाइट के मुताबिक अंजू को धर्म परिवर्तन और निकाह के बाद पाकिस्तानी व्यापारियों से तोहफे में प्लॉट और चेक दिया है। धर्म बदलने के बाद से अंजू का नाम फातिमा रख दिया गया है।
अंजू को पिछले हफ्ते इस्लामाबाद में नसरुल्लाह के साथ देखा गया था। इसका जिक्र इसलिए जरूरी है कि वीजा शर्तों के तहत अंजू पाकिस्तान के इन इलाकों में नहीं जा सकती थी। अंजू की यात्रा ऊपरी दीर तक सीमित थी। आंतरिक मंत्रालय के दस्तावेजों के मुताबिक, अंजू को केवल अपर दीर के लिए एक महीने का वीजा जारी किया गया था।
नसरुल्ला ने अंजू के भारत लौटने और अपने बच्चों से मिलने की संभावना से इनकार कर दिया। नसरुल्ला ने उर्दू न्यूज से कहा, ' आपको खुद ही सोचना चाहिए कि अगर अंजू भारत वापस चली गई तो उसके साथ क्या किया जाएगा।' नसरुल्ला ने कहा कि फातिमा अब अपर दीर के स्थानीय रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार अपनी जिंदगी जिएगी।
नसरुल्ला के मुताबिक उसने अपनी पत्नी को यही समझाया है। इसके साथ ही नसरुल्ला ने कहा कि अंजू को काम करने की मंजूरी मिली हुई है। वह उनकी कंपनी में शामिल हो सकती है। उन्होंने कहा कि फातिमा फिलहाल स्थानीय मीडिया से बात नहीं कर रही हैं। इससे दिक्कत हो सकती है, लेकिन वह बाद में स्थानीय पत्रकारों से बात करेंगी।
अंजू के भारतीय पति अरविंद ने पत्रकारों को बताया है कि अंजू के पास केवल बुनियादी स्कूली शिक्षा थी और वह एक स्थानीय कंपनी में डेटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में काम कर रही थी। अंजू के मामले की तुलना सीमा हैदर से की जाती है, जो यूपी के ग्रेटर नोएडा में अपने भारतीय प्रेमी सचिन मीना से मिलने के लिए पाकिस्तान छोड़कर आ गई थी।
सीमा ने घोषणा की कि उसने हिंदू धर्म अपना लिया है और हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार सचिन से शादी की है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने साड़ी और बिंदी लगाई और तुलसी पूजा की। हालांकि, अंजू के विपरीत सीमा ने अवैध रूप से देश में प्रवेश किया था और अब कानूनी समस्याओं का सामना कर रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications