पाकिस्तान में संसदीय चुनाव के लिए शिड्यूल जारी, 8 फरवरी को डाले जाएंगे वोट... जानिए पूरा टाइमलाइन
Pakistan Election Schedule: सुप्रीम कोर्ट के बार बार आदेश जारी करने के बाद आखिरकार पाकिस्तान चुनाव आयोग ने देश में संसदीय चुनाव के लिए शिड्यूल जारी कर दिए हैं। पाकिस्तान चुनाव आयोग (ईसीपी) ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 8 फरवरी 2024 को होने वाले आम चुनावों के लिए बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम जारी किया है, जिसके बाद अब ऐसा लग रहा है, कि 8 फरवरी को आखिरकार पाकिस्तान में चुनाव हो जाएंगे।
चुनाव आयोग के मुताबिक, पाकिस्तान में मतदान प्रक्रिया आज से चार दिन बाद यानी 19 दिसंबर से शुरू होने जा रही है, जब रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) एक सार्वजनिक नोटिस जारी करेंगे, जबकि ईसीपी ने आरओ और जिला रिटर्निंग अधिकारियों (डीआरओ) के लिए प्रशिक्षण भी फिर से शुरू कर दिया है।

चुनाव कार्यक्रम नेशनल इलेक्शन के साथ साथ विधानसभा चुनावों के लिए भी जारी किए हैं। पंजाब, सिंध, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान की चार प्रांतीय विधानसभाओं में महिलाओं और गैर-मुसलमानों के लिए आरक्षित सीटों के लिए भी चुनावी कार्यक्रम जारी किए गये हैं।
पाकिस्तान में चुनाव का कार्यक्रम
चुनाव आयोग के मुताबिक, देश में 20 से 22 दिसंबर के बीच नामांकन प्रक्रिया होगी और 23 दिसंबर को उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया जाएगा। 24 से 30 दिसंबर के बीच चुनाव आयोग के अधिकारी नामांकन फॉर्मों की जांच करेंगे और 3 जनवरी तक, जिन लोगों के नामांकन रद्द किए जाएंगे, उन्हें अपने नामांकन को रद्द करने के खिलाफ अपील करने का वक्त दिया गया है।
10 जनवरी तक चुनाव आयोग अपीलों पर विचार करेगा और जिन उम्मीदवारों ने चुनाव के फॉर्म में गलतियां सही कर दी होंगी, उनके नाम सार्वजनिक कर दिए जाएंगे।
उम्मीदवारों के नामों की आखरी लिस्ट 11 जनवरी को सार्वजनिक कर दिए जाएंगे। वहीं, 12 जनवरी को नामांकन वापसी का दिन तय किया गया है। जबकि, 13 जनवरी को चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह का आवंटन कर दिया जाएगा।
8 फरवरी को पूरे देश में एक साथ संसदीय और चार प्रांतों के लिए विधानसभा के चुनाव करवाए जाएंगे और चुनाव खत्म होते ही वोटों की गिनती भी शुरू हो जाएगी।
पाकिस्तान में नये परिसीमन के बाद संसद में अब 338 सीटें होंगी, जिनमें से 266 सीटें सामान्य वर्ग के लिए होंगी, जबकि 60 सीटें महिलाओं के लिए, जबकि 10 सीटें अल्पसंख्यक समुदाय (गैर-मुस्लिम) के लिए आरक्षित हैं।












Click it and Unblock the Notifications