यूजीसी के नोटिस पर पाकिस्तान ने जताया एतराज, भारत सरकार से मांगा स्पष्टीकरण
नई दिल्ली, 26 अप्रैल: विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) ने हाल ही में छात्रों को पढ़ाई के लिए पाकिस्तान नहीं जाने को कहा है। यूजीसी की इस एडवाइजरी को लेकर अब पाकिस्तान की ओर से एतराज आया है। पाकिस्तान ने इस पर अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए भारत सरकार से जवाब मांगा है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि हमने यूजीसी के नोटिस के संदर्भ में भारत सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। मंत्रालय ने कहा कि ये सीधे तौर पर एक भेदभावपूर्ण कार्रवाई है। बयान में कहा गया है कि यूजीसी और एआईसीटीई के सार्वजनिक नोटिस की हम कड़ी भर्त्सना करते है, जिसमें पाकिस्तान में उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं करने की सलाह दी गयी है। ये अफसोसनाक है कि पाकिस्तान को लेकर अपनी नापसंदगी के चलते भारत सरकार छात्रों पर अपनी पसंद की शिक्षा प्राप्त करने से रोकरही है। हमने इस नोटिस के संदर्भ में भारत की सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही हम ये भी कहना चाहते हैं कि इस नोटिस पर जवाबी एक्शन लेने का भी पाक सरकार को पूरा हक है।
क्या है यूजीसी का नोटिस
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद ने अपनी एक एडवाइजरी में कहा है कि पाकिस्तान से हासिल की गई डिग्री को भारत में मान्यता नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही पाकिस्तानी डिग्री धारकों को भारत में नौकरी प्राप्त करने के भी योग्य नहीं माना जाएगा। ऐसे में छात्रों को उच्च शिक्षा की राह चुनते वक्त पाकिस्तान को अपनी सूची में ना रखने की सलाह दी जाती है।












Click it and Unblock the Notifications