कट्टरपंथियों की धमकी के चलते पाक में योग के कार्यक्रम रद्द
इस्लामाबाद। एक तरफ जहां कल पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनायेगी वहीं दूसरी तरफ पाकिस्तान ने कट्टरपंथियों के सामने घुटने टेक दिये हैं। पाकिस्तान में कल योग दिवस पर होने वाले चार कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार पाकिस्तान में सुरक्षा कारणों के चलते आर्ट ऑफ लिंविंग के योग के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। आर्ट ऑफ लिविंग के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें लगातार उग्रवादियों से धमकी मिल रही है। ऐसे में योग के कार्यक्रम का आयोजन करना संभव नहीं है।
आर्टऑफ लिविंग के प्रवक्ता दिनेश गोडके ने बताया कि लगातार कट्टरपंथियों से मिल रही धमकी के चलते पाक सरकार ने हमसे योग के कार्यक्रमों को रद्द करने के लिए कहा है। जिसके बाद सभी योग कार्यक्रमों को हमने रद्द कर दिया है।
आर्ट ऑफ लिविंग के प्रमुख ने पाक की सलाह मानने के लिए कहा है जिसके बाद पाकिस्तान में आर्ट ऑफ लिविंग के सभी कार्यक्रमों को रद्द करना पड़ा। ऑर्ट ऑफ लिविंग की ओर से पाकिस्तान के लाहौर, कराची, इस्लामाबाद और फैसलाबाद में योग के कार्यक्रम थे जिसे अब रद्द कर दिया गया है।
आपको बता दें कि योग दिवस को 47 मुस्लिम देशों ने अपना समर्थन दिया है। वहीं दूसरी तरफ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज न्यूयॉर्क के लिए रवाना हो गई हैं, जहां वह योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगी।













Click it and Unblock the Notifications