Balakot Air Strike: Abhinandan ने ही गिराया था PAK का F-16! 7 साल बाद पाकिस्तान की खुली पोल
Pakistan की सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल उमैर बंगाश ने फरवरी, 2019 में हुई बालाकोट एयर स्ट्राइक से जुड़ी कई अहम बातें एक पॉडकास्ट में बताईं। अनजाने में ही सही, लेकिन कर्नल बंगाश कुछ ऐसा कह गए जिससे एक बार फिर पाकिस्तान का झूठ बेनकाब हो गया। दरअसल पाकिस्तान हमेशा ये दावा करता रहा है कि पुलवामा अटैक के बाद बालाकोट में हुई एयर स्ट्राइक और उसके बाद हुई भारत-पाकिस्तान की हवाई झड़प में उनके F-16 फाइटर जेट को नुकसान नहीं हुआ था। लेकिन अब जो लेफ्टिनेेंट कर्नल बंगाश ने पॉडकास्ट में बोला उससे सच बाहर आ गया। बंगाश ने पॉडकास्ट में कहा कि MIG-21 से डॉग फाइट के दौरान उन्हें आसमान में तीन पैराशूट दिखे। जिसमें एक MIG-21 का था, जो किए एक सिंगल सीटर जेट था। जबकि दो और पैराशूट भी आसमान में थे। बता दें कि F-16 एक टू सीटर फाइटर जेट है। बंगाश की इसी बात से पाकिस्तान की पोल खुल गई।
क्या हुआ था 27 फरवरी 2019 को?
उमैर बंगाश ने उस दिन की सुबह को याद करते हुए बताया कि करीब 10 बजे वे और उनके साथ मौजूद मोइज़ बाहर खड़े थे। अचानक उन्होंने बहुत तेज आवाजें सुनीं, जैसे कोई लड़ाकू विमान बेहद नजदीक से गुजर रहा हो। आवाज कुछ देर के लिए शांत हुई, लेकिन 3-4 मिनट तक लगातार शोर सुनाई देता रहा। माहौल बेहद तनावपूर्ण था और साफ महसूस हो रहा था कि आसमान में कुछ बड़ा चल रहा है।

तीन पैराशूट की थ्योरी ने किया खुलासा
बंगाश ने कहा कि उनके सामने एक मलबा आकर गिरा, जो मिग-21 बाइसन का था। जैसे ही वह गिरा, तीन पैराशूट खुले दिखाई दिए। एक पैराशूट आगे की तरफ था और दो पीछे की तरफ। यहां अहम बात यह है कि इंडियन एयरफोर्स के अनुसार विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान एक सिंगल-सीटर मिग-21 बाइसन उड़ा रहे थे। यानी विमान में सिर्फ एक ही पायलट था। ऐसे में तीन पैराशूट दिखने का सवाल खुद-ब-खुद खड़ा होता है।
बाकी दो पैराशूट किसके थे?
अगर एक पैराशूट अभिनंदन वर्धमान का था, तो बाकी दो किसके थे? यही वह सवाल है जो पूरे मामले को फिर से चर्चा में ला देता है। पाकिस्तान लगातार कहता रहा है कि उसका कोई F-16 विमान नहीं गिरा। लेकिन तीन पैराशूट का दिखना इस दावे पर सवाल खड़ा करता है।
इंडियन एयरफोर्स का कहना था कि डॉगफाइट के दौरान अभिनंदन ने एक पाकिस्तानी F-16 को मार गिराया था। अगर ऐसा हुआ, तो उस F-16 के दोनों पायलटों को इजेक्ट करना पड़ा होगा। बंगाश द्वारा देखे गए दो अतिरिक्त पैराशूट उसी संभावना की ओर इशारा करते हैं।
डॉगफाइट में क्या हुआ था?
इंडियन एयरफोर्स के मुताबिक, 27 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के लड़ाकू विमान भारतीय हवाई क्षेत्र के पास सक्रिय थे। विंग कमांडर अभिनंदन ने उनका पीछा किया और LoC पार कर गए। इसी दौरान उन्होंने अपने मिग-21 बाइसन से एक F-16 को निशाना बनाया। हालांकि, उनका अपना विमान भी क्षतिग्रस्त हो गया और उन्हें इजेक्ट करना पड़ा। वे PoK में उतरे, जहां पाकिस्तानी सेना ने उन्हें हिरासत में ले लिया। यहां ये जानना जरूरी हो जाता है कि, F-16 फाइटर जेट, MiG-21 से लेटेस्ट है और बेहतर भी, इसलिए ये विवाद है कि MIG-21 कैसे F-16 को गिरा सकता है।
बंगाश की चौंकाने वाली प्रतिक्रिया
उस घटना को याद करते हुए उमैर बंगाश ने कहा, 'मैंने कहा, यह क्या शुरू कर दिया है। परसों रात बालाकोट में इन्होंने पेड़ों और कौवों को मारा था, और अब यह-क्या, इन्होंने हमारा विमान गिरा दिया... या क्या हो गया।' उनके साथ मौजूद मोइज़ तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। इसके बाद बंगाश ने Quick Reaction Force (QRF) को भेजा। उनके बयान से साफ है कि उस समय हालात बेहद उलझे हुए और तनावपूर्ण थे।
पुलवामा से शुरू हुई पूरी कहानी
यह पूरा घटनाक्रम 14 फरवरी, 2019 को शुरू हुआ था। उस दिन जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के एक आत्मघाती हमलावर ने CRPF के काफिले पर हमला किया था। इस हमले में 40 जवान शहीद हुए थे।
इस हमले के जवाब में भारत ने 26 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी शिविर पर एयर स्ट्राइक की। भारत ने इसे सटीक और सफल कार्रवाई बताया।
ऑपरेशन स्विफ्ट रिटॉर्ट और हवाई झड़प
बालाकोट एयर स्ट्राइक के अगले दिन, यानी 27 फरवरी को पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई की कोशिश की, जिसे उसने 'ऑपरेशन स्विफ्ट रिटॉर्ट' नाम दिया। इस दौरान दोनों देशों के बीच हवाई संघर्ष हुआ। इसी संघर्ष में विंग कमांडर अभिनंदन का MIG-21 बाइसन गिरा और उन्हें पाकिस्तान ने हिरासत में ले लिया था।
अभिनंदन की रिहाई
भारत की कड़ी चेतावनी और अंतरराष्ट्रीय दबाव के बाद पाकिस्तान ने 1 मार्च 2019 को विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को रिहा कर दिया। उनकी वापसी को भारत में बड़ी कूटनीतिक जीत माना गया। अब एक बार फिर 7 साल पुरानी ये झड़प चर्चा में है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications