नीदरलैंड ने सार्वजिनक स्थलों पर बुर्का और नकाब पहनने पर लगाया बैन
हेग। फ्रांस और बेल्जियम के बाद एक यूरोपीय देश नीदरलैंड ने देश में बुर्का बैन कर दिया है। मंगलवार को नीदरलैंड की संसद के ऊपरी सदन ने सार्वजनिक स्थानों पर चेहरा ढ़कने वाले कपड़ों पर प्रतिबंध लगाने को मंजूरी दे दी है। फ्रांस और बेल्जियम की तरह नीदरलैंड में बुर्का और नकाब को सभी जगहों पर प्रतिबंधित नहीं किया गया है।

इसे सार्वजनिक परिवहन, शिक्षा संस्थान, सरकारी भवन और स्वास्थ्य संस्थानों जैसे हॉस्पिटल तक ही सीमित रखा गया है। गलियों में महिलाएं बुर्का और नकाब का इस्तेमाल कर सकती हैं, हालांकि वहां भी पुलिस पहचान के लिए चेहरे से बुर्का और नकाब को हटवा सकती है।
यह कदम फ्रांस, बेल्जियम, डेनमार्क, ऑस्ट्रिया और बुल्गारिया पहले ही उठा चुके हैं। इन देशों में सार्वजनिक स्थलों पर चेहरा ढ़कना बैन है। इसके अलावा स्पेन और इटली के कुछ हिस्सों में भी चेहरा ढकने पर पाबंदी है। वहीं जर्मनी में जज, सिविल सर्वेंट और सैनिक जरूरत पड़ने पर बुर्के को हटवा सकते हैं।
सदन ने मंगलवार को वोटिंग के बाद अपने देश में बुर्का और नकाब जैसी चीजों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया। हालांकि प्रतिबंधित चीजों में हिजाब को शामिल नहीं किया गया है, जिससे केवल बाल को ढकते हैं। वहां की स्थानीय पार्टियों ने इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया है।
वहीं स्विट्जरलैंड सरकार ने बुधवार को बुर्के पहनने पर प्रतिबंध लगाने संबंधी प्रस्ताव को खारिज कर दिया। देश में चेहरा पूरी तरह से ढंकने के खिलाफ पिछले साल राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन हुए थे। अभियान चलाने वाले कार्यकर्ता इस मुद्दे को लेकर जनमत संग्रह की मांग कर रहे हैं। स्विस कैबिनेट ने कहा कि इस मामले पर प्रत्येक प्रांत को अलग से फैसला लेना चाहिए। कैबिनेट ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर जनमत संग्रह नहीं कराया जा सकता।












Click it and Unblock the Notifications