नेपाल के राष्ट्रपति छाती में तेज दर्द के बाद अस्पताल में भर्ती, अप्रैल में दिल्ली के AIIMS में भी हुआ था इलाज
Nepal President: नेपाल के राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल को शनिवार तड़के सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग हॉस्पिटल के मनमोहन कार्डियोथोरेसिक वैस्कुलर एंड ट्रांसप्लांट सेंटर में भर्ती कराया गया है।
नेपाल के राष्ट्रपति के निजी सचिव चिरंजीबी अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया है, कि "उनकी स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल सामान्य हो रही है।"

नेपाल के राष्ट्रपति अस्पताल में भर्ती
नेपाल के अधिकारियों ने बताया, कि इस साल अप्रैल में, राष्ट्रपति पौडेल को एक प्रमुख सरकारी अस्पताल में छाती और पेट की समस्याओं के बाद इलाज कराया गया था और बाद में एडवांस इलाज के लिए दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। उन्हें काठमांडू के महाराजगंज में त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग अस्पताल से एम्स दिल्ली में ट्रांसफर कर दिया गया था, क्योंकि उनका ऑक्सीजन स्तर गिर गया था।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया है, कि 78 साल के राष्ट्रपति पौडेल ने पहले नेपाल की राजधानी काठमांडू में त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग हॉस्पिटल (टीयूटीएच) में छाती की समस्या की शिकायत के बाद पांच दिन बिताए थे।
नेपाली कांग्रेस के नेता पौडेल को मार्च 2023 में प्रधानमंत्री 'प्रचंड' के नेतृत्व वाली नाजुक गठबंधन सरकार ने नेपाल का नया राष्ट्रपति चुना था। नेपाली कांग्रेस और प्रधानमंत्री 'प्रचंड' के नेतृत्व वाली सीपीएन (माओवादी सेंटर) सहित आठ दलों के गठबंधन के एक आम उम्मीदवार पौडेल को संसद के 214 सांसदों और 352 प्रांतीय विधानसभा सदस्यों का वोट मिला था।
पिछले 4 महीने में ये तीसरी बार है, जब राष्ट्रपति पौडेल को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। अप्रैल महीने में राष्ट्रपति ने पेट में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद भी उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications