Nepal Flood: हिंदुओं के शवों को भी Airtight Bag में क्यों दफनाया जा रहा? क्या कहता है अंतरराष्ट्रीय नियम?
Nepal Floods: नेपाल में भोटेकोशी नदी की बाढ़ और भूस्खलन के बाद तबाही का दायरा लगातार बढ़ रहा है। अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में शव बरामद किए जा रहे हैं, लेकिन ज्यादातर की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। चितवन में ही सैकड़ों शव नदी किनारे मिले हैं। हालत यह है कि अस्पतालों और अस्थायी शेल्टरों में शव रखने की जगह कम पड़ने लगी है और उनके खराब होने का खतरा भी बढ़ गया है।
ऐसे में नेपाल प्रशासन ने अज्ञात शवों को एयरटाइट बैग में सुरक्षित कर जमीन में दफनाने का फैसला किया है। अब सवाल है कि आपदा में ऐसी प्रक्रिया कितनी सही है और अंतरराष्ट्रीय नियम क्या कहते हैं?

आखिर शवों को दफनाने की जरूरत क्यों पड़ी?
बाढ़ के बाद बड़ी संख्या में शव मिलने से नेपाल प्रशासन के सामने उन्हें सुरक्षित रखने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। अस्पतालों और अस्थायी केंद्रों में लगातार शव पहुंच रहे हैं। लंबे समय तक शवों को वहां रखना मुश्किल हो रहा है और सड़ने की प्रक्रिया शुरू होने से दुर्गंध जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। इसी वजह से प्रशासन अज्ञात शवों को एयरटाइट बैग में रखकर दफना रहा है। अधिकारियों का कहना है कि हर शव का रिकॉर्ड और पहचान नंबर सुरक्षित रखा जा रहा है।
क्या अज्ञात शवों को दफनाना नियमों के खिलाफ है?
आपदा के बाद अज्ञात शवों को दफनाना अपने आप में गैरकानूनी नहीं माना जाता। अंतरराष्ट्रीय मानवीय संगठनों की गाइडलाइन में भी ऐसी परिस्थितियों में अस्थायी दफन की अनुमति है। लेकिन इसके लिए सबसे जरूरी शर्त शव की पहचान से जुड़ी जानकारी को सुरक्षित रखना है। हर शव की अलग पहचान होनी चाहिए और कब्र का रिकॉर्ड भी मौजूद रहना चाहिए। बड़े पैमाने पर मौत होने पर सामूहिक दफन की व्यवस्था भी की जा सकती है, लेकिन उसका पूरा रिकॉर्ड और लोकेशन सुरक्षित रखना जरूरी है।
ये भी पढे़ं: सुरंग में फंसे हैं 898 लोग, भारत के टनल एक्सपर्ट कैसे करेंगे सबसे मुश्किल रेस्क्यू? 6 इंच के पाइप से पहुंच रही
दफनाने से पहले क्या-क्या रिकॉर्ड करना जरूरी है?
किसी अज्ञात शव को दफनाने से पहले उसकी पहचान से जुड़ी अधिकतम जानकारी जुटाना बेहद जरूरी है। शव और उसके बैग पर अलग पहचान नंबर लगाया जाना चाहिए। फोटो, कपड़े, गहने, मोबाइल या दूसरी निजी चीजों की जानकारी भी दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा दफन स्थल का पूरा रिकॉर्ड तैयार होना चाहिए। कब्र की लोकेशन को मैप या GPS के जरिए दर्ज करना भी अहम है। इसका मकसद यही है कि भविष्य में जरूरत पड़ने पर शव को दोबारा खोजा जा सके।
क्या शवों को तुरंत दफनाना जरूरी होता है?
आपदा के बाद शव मिलने पर उन्हें सिर्फ संक्रमण या महामारी के डर से तुरंत सामूहिक रूप से दफनाना जरूरी नहीं होता। पहले शव की पहचान से जुड़ी सभी संभावित जानकारियां जुटाना महत्वपूर्ण है। फोटो, फिंगरप्रिंट, कपड़े और निजी सामान जैसे सबूत सुरक्षित रखे जाते हैं। इसके बाद जरूरत के मुताबिक शव को अस्थायी तौर पर सुरक्षित रखा जा सकता है। पहचान मुश्किल होने पर दांतों के रिकॉर्ड और DNA जांच भी मददगार होती है। यानी जल्दबाजी से ज्यादा जरूरी सही रिकॉर्ड तैयार करना है।
ये भी पढे़ं: 4 फ्लाइट, 68.5 टन राहत, ब्रिज, DNA टीम! नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए भारत ने अब तक क्या-क्या भेजा?
बाढ़ में शवों की पहचान करना इतना मुश्किल क्यों?
भोटेकोशी जैसी तेज बाढ़ में शव कई किलोमीटर तक बह सकते हैं। पानी, कीचड़ और लंबे समय तक बाहर रहने के कारण शवों की हालत तेजी से खराब हो सकती है। कई मामलों में चेहरा भी पहचानने लायक नहीं रहता। ऐसे में सिर्फ देखकर पहचान करना मुश्किल हो जाता है। फिंगरप्रिंट, दांतों से जुड़े रिकॉर्ड और DNA जांच ज्यादा भरोसेमंद तरीके बन जाते हैं। बड़े हादसों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी वैज्ञानिक पहचान प्रक्रिया का इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें शव से मिले डेटा को परिवार की जानकारी से मिलाया जाता है।
क्या दफनाने के बाद परिवार को शव वापस मिल सकता है?
अज्ञात शव को दफनाने का मतलब यह नहीं है कि उसकी पहचान की प्रक्रिया खत्म हो गई। अगर शव का नंबर, DNA सैंपल, फोरेंसिक जानकारी और कब्र की लोकेशन सुरक्षित रखी गई है तो बाद में उसकी पहचान की जा सकती है। पहचान होने पर जरूरत पड़ने पर शव को कब्र से निकालकर परिवार को सौंपा जा सकता है। इसलिए नेपाल के मामले में असली सवाल दफनाने का नहीं, बल्कि रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का है। यही व्यवस्था लापता लोगों के परिवारों को भविष्य में अपने परिजनों की पहचान का रास्ता देती है।


Click it and Unblock the Notifications
