प्रधानमंत्री मोदी के बचाव में आया नेपाल, पीएम की सलाह का किया स्वागत
काठमांडू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने हाल ही के नेपाल दौरे के दौरान एक कार्यक्रम में नेपाल के संविधान पर अपनी राय रखी थी। जिसके बाद मीडिया सहित कई विपक्षी दलों ने उनकी आलोचना करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री को नेपाल के आंतरिक मसलों पर हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए था। प्रधानमंत्री की आलोचना पर नेपाल ने उनका बचाव करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री ने नेपाल के मसले में कोई हस्तक्षेप नहीं किया है।

गौरतलब है कि पीएम मे नेपाली नेताओं को संविधान रचना के लिए आम सहमति बनाने की सलाह देते हुए कहा था कि संविधान को एक ऐसा गुलदस्ता होना चाहिए जिसमें पूरे देश की खुशबू होनी चाहिए। पीएम ने अपने संबोधन में कहा था कि भारत को न तो नेपाल के आंतरिक मसलों में हस्तक्षेप करने का हक है ना ही ये हक होना चाहिए।
नेपाल के विदेश मंत्री महेंद्र बहादुर पांडेय ने कहा, 'यह भारत की मित्रवत सलाह थी। हमें इसे हस्तक्षेप के रूप में नहीं लेना चाहिए।' पांडेय ने साफ किया, 'सभी राजनीतिक दलों के बीच आम सहमति से संविधान की समय पर रचना करने का प्रयास तो हम भी कर ही रहे हैं और मैं इसे हमारे मामलों में दखलअंदाजी के रूप में नहीं देखता।'
नेपाल में कुछ विरोधी राजनीतिक दलों और नेपाली मीडिया ने पीएम की इस सलाह को आंतरिक मसले में हस्तक्षेप मानते हुए पीएम की आलोचना की थी। जिसके बाद नेपाल के विदेश मंत्री ने पीएम मोदी के बचाव में यह बयान दिया है।












Click it and Unblock the Notifications