Coronavirus के खौफ में अमेरिका, 24 घंटे में 100 से ज्यादा लोगों की मौत
न्यूयॉर्क। कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। अमेरिका भी इस महामारी की भयंकर चपेट में है। बात अगर सिर्फ पिछले 24 घंटे की करें तो इस वायरस ने 100 से अधिक लोगों की जान ले ली है। इसी के साथ अमेरिका में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 389 हो गई है। जॉन हॉपकिन्स विश्वविद्यालय की तरफ से ये आंकड़ा जारी किया गया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक अब तक सबसे अधिक न्यूयॉर्क (114 मौतें), वॉशिंगटन (94 मौतें) और कैलीफोर्निया (28 मौतें) प्रांत प्रभावित हुए हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका में कम से कम 30 हजार लोग इस जानलेवा वायरस से संक्रमित हुए हैं। अमेरिका में केंटकी के सांसद रैंड पॉल ने कहा है कि जांच में वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये हैं। रिपब्लिकन सांसद पॉल कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले अमेरिकी सीनेट के पहले सदस्य हैं। उन्होंने रविवार को ट्वीट किया कि वह अच्छा महसूस कर रहे हैं और सबसे अलग हो चुके हैं। पेशे से चिकित्सक पॉल ने कहा कि उनमें कोरोना के लक्षण नजर नहीं आये थे लेकिन काफी यात्राएं करने एवं कार्यक्रमों में शामिल होने को लेकर सावधानीवश उनका परीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें ध्यान नहीं है कि वह किसी संक्रमित व्यक्ति के प्रत्यक्ष संपर्क में आये थे या नहीं।
इटली में लगातार बढ़ रहा मौत का आंकड़ा
कोरोना वायरस की वजह से इटली में मौतों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। इटली में कोरोना वायरस के कारण 651 नई मौतें दर्ज की गई है इसके साथ ही इटली में मरने वालों की संख्या 5500 के करीब पहुंच चुकी है। वहीं पाकिस्तान में लगातार कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे हैं। पाकिस्तान में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 645 पहुंच चुकी है। वहीं कोरोना वायरस के कारण पाकिस्तान के कई शहरों को लॉकडाउन कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications