Sudan Civil War: सूडान में सेना और RSF के बीच जंग तेज, रॉकेट हमलों में 20 आम लोगों की मौत
सूडान के दारफुर में शनिवार-रविवार की रात सेना और रैपिड सपोर्ट फोर्स के बीच हुई झड़प में 20 लोगों की मौत हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह झड़प मुख्य तौर पर न्याला के दक्षिण दारफुर और उत्तरी कोर्डोफन में हुई। दारफुर बार एसोसिएशन ने कहा कि दोनों ही तरफ से रॉकेट हमले किए गए जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ा।
दक्षिण दारफुर राज्य की राजधानी न्याला में रॉकेट हमलों में कम से कम 16 नागरिकों की मौत हो गई। इसमें एक परिवार के एक सदस्य को छोड़कर सारे सदस्य की मौत हो गई। जिंदा बच गया शख्स बुरी तरह घायल हो चुका है।

उत्तरी कोर्डोफन राज्य में डॉक्टरों के संघ ने कहा कि शुक्रवार राजधानी एल-ओबेद में चार अस्पतालों के पास गोले दागे गए, जिसमें 4 नागरिकों की मौत हो गई और 45 घायल हो गए।
इसके अलावा पश्चिमी दारफुर में भी कुछ स्नाइपर शूटर्स द्वारा लोगों को निशाना बनाने की खबरें सामने आई हैं। सेना-RSF के बीच हुई इस झड़प के चलते हजारों की संख्या में लोग पश्चिमी दारफुर छोड़कर भाग रहे हैं। कई लोगों ने पड़ोसी देश चैड में शरण ली है। दारफुर बार एसोसिएशन ने कहा कि एक स्नाइपर द्वारा कम से कम एक व्यक्ति को मार दिया गया।
गौरतलब है कि सूडानी सेना और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) के बीच पहली बार 15 अप्रैल को संघर्ष शुरू हुआ था। इसके बाद से हिंसा में अब तक कम से कम 3,000 लोग मारे गए हैं। देश में खाद्य असुरक्षा का खतरा बढ़ गया है।
अक्टूबर 2021 में सूडानी सेना और अर्धसैनिक बल ने मिलकर तख्तापलट किया था। इसके बाद सूडानी सेना के नेता अब्देल फतह अल-बुरहान और उनके डिप्टी, अर्धसैनिक आरएसएफ कमांडर मोहम्मद हमदान डागलो ने मिलकर एक नागरिक सरकार के गठन का समझौता किया था।
अब तक इन दोनों के द्वारा ही सरकार चल रही थी लेकिन सरकार की असली कमान सेना प्रमुख जनरल अब्देल फतेह अल बुरहान के हाथों में है। सूडान में मुख्य विवाद सेना और अर्धसैनिक बल 'RSF' के विलय को लेकर है।
RSF के सेना में विलय के बाद बनने वाली नई सेना का नेतृत्व कौन करेगा, इस पर सहमति नहीं बन पा रही है। ऐसे में कई महीने से देश भर में सूडान के प्रतिद्वंद्वी सैन्य बलों के बीच महीनों से चल रही लड़ाई जारी है।
इसी महीने 8 जुलाई को सूडानी सेना के हवाई हमले में कम से कम 22 लोग मारे गए थे। इस हवाई हमले में कई लोग घायल भी हो गए थे। यह हवाई हमला शनिवार सुबह राजधानी खार्तूम के नील नदी के तट पर ओमडुरमान के दार एस सलाम जिले पर हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications