फ्लाइट में शख्स ने खोया पर्स, वापस करने वाले ने ज्यादा रकम डालकर लौटाया
नई दिल्ली। क्या कभी ऐसा हो सकता है कि आपका पर्स खो गया हो, आप उसे खोजने के लिए परेशान हों, इसी दौरान जब आपको अपना पर्स मिल जाए तो इसमें जितनी रकम होनी चाहिए उससे ज्यादा पैसे हों तो सोचिए आपका क्या हाल होगा। कुछ ऐसा ही हुआ अमेरिका के हंटर शामैट्ट के साथ, जिसका पर्स अचानक गायब हो गया। जानकारी के मुताबिक हंटर शामैट्ट हाल ही में अपनी बहन की शादी के लिए ओमाहा से लास वेगास आए थे। इसी दौरान उनका पर्स खो गया। जानिए फिर क्या हुआ?

ओमाहा से लॉस वेगास जाते समय खोया पर्स
हंटर ने बताया कि फ्रंटियर फ्लाइट के विमान से वो ओमाहा से लॉस वेगास आ रहे थे, इसी दौरान उन्हें पता चला कि उनका पर्स कहीं गिर गया है। उन्होंने तुरंत ही इस संबंध में फ्रंटियर फ्लाइट से बात की लेकिन विमान कंपनी ने ऐसे किसी भी पर्स के मिलने से इंकार कर दिया है। पर्स में 60 डॉलर कैश के अलावा 400 डॉलर का एक पे-चेक, बैंक का डेबिट कार्ड, आईडी कार्ड था।

फ्रंटियर फ्लाइट विमान में पर्स खोने से थे परेशान
हंटर ने बताया कि वो पर्स खोने से बहुत परेशान थे। हालांकि बहन की शादी में उन्होंने इस मुद्दे को भूला दिया। बाद में उन्होंने सोच लिया कि अब उनका पर्स नहीं मिलेगा, इसलिए उन्होंने अपने माता-पिता से पैसे मांगने की योजना बनाई। शादी के बाद ओमाहा लौटने के लिए उन्हें लॉस वेगास एयरपोर्ट पर आईडी कार्ड नहीं होने की वजह से करीब एक घंटे तक पूछताछ के लिए रुकना पड़ गया। हालांकि बाद में उन्हें एयरपोर्ट अथॉरिटी ने उन्हें वापस जाने की इजाजत दे दी।
जब हंटर को मिला पर्स और साथ में एक चिट्ठी
हंटर ने बताया कि वापस घर पहुंचने के बाद उन्हें घर पर एक पैकेज मिला। उन्होंने जैसे ही पैकेज खोला तो उसमें उनका खोया हुआ पर्स था, साथ में एक चिट्ठी भी थी। इस चिट्ठी में लिखा था कि हंटर, मुझे ये पर्स ओमाहा से लॉस वेगास की फ्रंटियर फ्लाइट में मिला था। मुझे लगा तुम इसे वापस पाना चाहते होगे। ऑल द बेस्ट। चिट्ठी भेजने वाले आगे लिखा था कि मैंने तु्म्हारे पर्स के कैस को राउंड फिगर में करते हुए 100 डॉलर कर दिया है, जिससे तुम पर्स मिलने की खुशी में पार्टी कर सको। मजे करना!!

चिट्ठी हो रही तेजी से वायरल
इस पैकेज के जरिए पर्स मिलने के बाद हंटर बेहद खुश हुए। हंटर और उनका पूरा परिवार पर्स लौटाने वाले शख्स का शुक्रिया अदा करना चाहते थे, लेकिन इसमें पैकेज भेजने वाले का नाम नहीं था। आखिरकार हंटर की मां जीनी शामैट ने पैकेज के साथ भेजी गई चिट्ठी को फेसबुक पर अपलोड किया। जिससे कि जिसने भी ये चिट्ठी लिखी है उनके बारे में कुछ पता चल सके। फिलहाल ये चिट्ठी तेजी से वायरल हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications