यूक्रेन की सेना में बड़ा बदलाव, आर्मी चीफ को पद से हटाया गया
रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने सेना के टॉप जनरल वलेरी जालुजूनी को पद से हटा दिया है।
यूक्रेन के रक्षा मंत्री की ओर से इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी गई है। उन्होंने पोस्ट करके लिखा कि आज यूक्रेन की सेना के नेतृत्व में बदलाव का फैसला लिया गया है। युद्ध हमेशा एक जैसा नहीं रहता है। युद्ध बदलता है और इसके लिए बदलाव की जरूरत होती है।

इससे पहले राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके कहा था कि उन्होंने जनरल से मुलाकात की और दो साल से यूक्रेन की रक्षा करने के लिए उनका शुक्रिया अदा किया। गौर करने वाली बात है कि यह बदलाव ऐसे समय आया है कि जब रूस की ओर से यूक्रेन पर हमलों को तेज कर दिया गया है।
दरअसल अमेरिका भी यूक्रेन की मदद से अब हाथ पीछे खींच रहा है, इन कयासों के बीच यूक्रेन के लोगों और सैन्य नेतृत्व के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है।
हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि यूक्रेन की सेना के चीफ जनरल वेलेरी जोकि यूक्रेन की सेना और यूक्रेन के लोगों में काफी लोकप्रिय हैं, उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया है या फिर उन्हें उनके पद से हटाया गया है। जनरल वेलेरी रूस के खिलाफ युद्ध की शुरुआत से ही यूक्रेन की सेना का नेतृत्व कर रहे हैं। यह युद्ध तकरीबन पिछले दो साल से चल रहा है, जोकि खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है।
जेलेंस्की ने अपने बयान में कहा कि वो और जनरल ने इस बदलाव पर चर्चा की कि यूक्रेन की सेना में परिवर्तन की जरूरत है। हमारे बीच इस बात पर भी चर्चा हुई कि सेना में बदलाव का वो भी हिस्सा हो सकते हैं। हालांकि जेलेंस्की ने साफ किया है कि जनरल वेलेरी टीम का हिस्सा रहेंगे, हम जरूर जीतेंगे, यूक्रेन की जय हो।












Click it and Unblock the Notifications