Japan PM In Ukraine: अमेरिका के बाद अब जापान ने खोला यूक्रेन के लिए खजाना, बूचा में रूस पर बरसे किशिदा
जापानी प्रधानमंत्री ने रूसी सैनिकों के अत्याचार का प्रतीक बन चुके यूक्रेनी शहर बूचा में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। बूचा नरसंहार में रूसी सैनिक पर 410 आम नागरिकों की हत्या करने का आरोप है।
Image:

Image: PTI
जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के अचानक यूं यूक्रेन पहुंचने से वैश्विक स्तर पर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। जापानी पीएम का यह दौरा ऐसे वक्त में हो रहा है, जब चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग रूस पहुंचे हुए हैं। मंगलवार को राजधानी कीव पहुंचने के बाद उन्होंने यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से मुलाकात की और उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए G-7 बैठक में शामिल होने का न्योता भी दिया। उसके बाद वे यूक्रेनी शहर बूचा पहुंचे और वहां पर रूसी सैनिकों द्वारा मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। बूचा नरसंहार में रूसी सैनिक पर 410 आम नागरिकों की हत्या करने का आरोप है।
बूचा नरसंहार को लेकर रूस की आलोचना
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए किशिदा ने कहा, "इस युद्ध में जापान, यूक्रेन के साथ खड़ा है और आगे भी समर्थन देता रहेगा। एक साल पहले बूचा में जो हुआ... उन निर्दोष नागरिकों को देख दुनिया सकते में थी। आज मैं जब इन जगहों पर जा रहा हूं तो मुझे इस अत्याचार पर गुस्सा आ रहा है। मैं जापान के नागरिकों की ओर से यहां जान गंवा चुके लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। अत्याचार करने वालों को सबक मिलेगा, उन्होंने इंसानियत की हत्या की है।"
यूक्रेन को दिया 500 मिलियन डॉलर
इस दौरान जापानी पीएम किशिदा ने यूक्रेन को 470 मिलियन डॉलर मदद देने की घोषणा की है। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक इन पैसों का इस्तेमाल यूक्रेन के एनर्जी सेक्टर और बाकी इंडस्ट्रीज के डेवलपमेंट में होगा। इसके अलावा जापान ने NATO ट्रस्ट फंड से यूक्रेन को गैर-घातक हथियार खरीदने के लिए 30 मिलियन डॉलर देने की घोषणा की है। वहीं इस मौके पर जेलेंस्की ने कहा, "किशिदा अंतरराष्ट्रीय लेवल पर शांति बनाए रखने के लिए एक पावरफुल डिफेंडर हैं। उनका ये दौरा जापान और यूक्रेन की दोस्ती का प्रतीक है।" जापान अब तक यूक्रेन को 7.5 अरब डॉलर की मदद कर चुका है।
यूक्रेन क्यों गए जापानी पीएम?
ऐसा माना जा रहा है कि G-7 देशों के नेताओं के दबाव की वजह से किशिदा को यह दौरा करना पड़ा है। जापानी पीएम किशिदा G-7 देशों के एकमात्र ऐसे नेता थे जिन्होंने अभी तक यूक्रेन का दौरा नहीं किया था। इतना ही नहीं ये पहली बार हुआ है जब किसी जापानी प्रधानमंत्री ने जंग में शामिल किसी देश का दौरा किया है। यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद जापान पहला ऐसा एशियाई देश था, जिसने रूस के खिलाफ प्रतिबंधों का ऐलान किया था। जापान खुलकर यूक्रेन का पक्ष लेता रहा है।












Click it and Unblock the Notifications