Coronavirus का असर: ब्रिटिश पीएम के बाद जापान के पीएम सुगा ने भी भारत दौरा किया रद्द
जापान के प्रधानमंत्री योशिहिदे सुगा का भारत दौरा रद्द हो गया है। भारत और जापान में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर जापान पीएम का भारत दौरा रद्द किया गया है।
नई दिल्ली, अप्रैल 21: भारत में कोरोना वायरस का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है जिसका असर फॉरेन डिप्लोमेसी पर भी पड़ रहा है। पहले ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन ने भारत दौरा रद्द कर दिया और अब जापान पीएम योशिहिदे सुगा के भी भारत दौरा रद्द होने की खबर आ रहा है। जापानी मीडिया के हवाले से खबर है कि जापान के प्रधानमंत्री ने भारत में कोरोना के सकेंड वेभ को देखते हुए भारत आने का प्लान कैंसिल कर दिया है। भारत दौरा रद्द होने के साथ साथ जापान पीएम का फिलीपींस दौरा भी रद्द हो गया है। जापानी मीडिया की रिपोर्ट में कहा गया है कि कोविड-19 के मामले पूरी दुनिया में फिर से बढ़ने लगे हैं और भारत पर भी इसका असर पड़ा है। लिहाजा जापान के प्रधानमंत्री ने फिलहाल जापान में संक्रमण की रफ्तार रोकने की कोशिश पर ध्यान देने की बात कही है।

जापान पीएम का भारत दौरा रद्द
दरअसल, जापान के प्रधानमंत्री ने देश की जनता से वादा किया है कि जापान को संक्रमण से मुक्त करने के लिए उनकी सरकार जून के अंत तक 10 करोड़ वैक्सीन की डोज खरीदेगी। रिपोर्ट के मुताबिक अब तक जापान में सिर्फ 15 लाख के करीब ही वैक्सीन की डोज की खरीदी की गई है जबकि जापान की आबादी करीब साढ़े 12 करोड़ है और सिर्फ 11 लाख लोगों को ही वैक्सीन की डोज दी गई है। ऐसे में जापान भी कोरोना संक्रमण से काफी प्रभावित है। जापान सरकार ने फिलहाल संक्रमण की रफ्तार रोकने के लिए बेहज कड़े नियम देश में लागू किए हैं। जापान में 11 मई तक कड़ी पाबंदियां लागू रहेंगी। वहीं, जापान सरकार ने देश की जनता से गैर-जरूरी विदेश यात्राओं को भी फिलहाल टालने के लिए कहा है। जापान के प्रधानमंत्री इसी महीने के अंत में भारत दौरे पर आने वाले थे और माना जा रहा था कि भारतीय प्रधानमंत्री के साथ उनकी कई अहम मुद्दों पर बात होती, जिसमें सबसे प्रमुख चीन था।

जापान में इमरजेंसी लगाने की मांग
जापान में भी पिछले 2 महीने के दरम्यां कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं और देश के अलग अलग राज्यों के गवर्नर देश में इमरजेंसी लगाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, जापान में 23 जुलाई से ओलंपिक का आयोजन किया जाना है, जिसपर भी खतरे के गंभीर बादल लहरा रहे हैं। हालांकि, जापान सरकार ने दावा किया है कि वो ओलेंपिक का सफल आयोजन करने में कामयाब होगी। हालांकि, ऐसा पहली बार हो रहा है कि इस बार ओलंपिक में विदेश दर्शक नहीं आ पाएंगे। सभी खिलाड़ियों के रहने के लिए जापान में ओलंपिक विलेज का निर्माण किया गया है, जहां से बाहर निकलने की इजाजत खिलाड़ियों को नहीं होगी साथ ही खिलाड़ियों का बार बार कोविड टेस्ट करवाया जाएगा।

ब्रिटिश पीएम का दौरा हो चुका है रद्द
इससे पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन का बहुप्रतिक्षित भारत दौरा भी फिर से कैंसिल हो गया है। भारत में कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए ब्रिटिश प्रधानमंत्री को भारत दौरा कैंसिल करना पड़ा। ब्रिटिश प्रधानमंत्री इसी सप्ताह के अंत में भारत के दौरे पर आने वाले थे लेकिन उनका दौरा रद्द हो गया है। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए राजधानी दिल्ली में एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन लगाया गया है। ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन चार दिनों के भारत दौरे पर इसी हफ्ते रविवार को आने वाले थे और उनका भारत दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा था। इससे पहले ब्रिटिश पीएम बोरिस जॉनसन इस साल गणतंत्र दिवस के मौके पर भी भारत की यात्रा करने वाले थे। लेकिन उस वक्त ब्रिटेन में कोरोना वायरस के काफी मामले सामने आ रहे थे वहीं ब्रिटिश वेरिएंट वायरस की स्टडी की जा रही थी, लिहाजा उस वक्त भी ब्रिटिश प्रधानमंत्री का भारत दौरा रद्द हो गया था।












Click it and Unblock the Notifications