जापान में एबॉर्शन के लिए ऑपरेशन के झंझट से मिलेगी मुक्ति, पहली बार गर्भपात की गोली को मिली मंजूरी
जापान में आखिरकार गर्भपात की गोली को मंजूरी मिल गई है। देश में पिछले 30 सालों से इसे वैध करने की मांग की जा रही थी। हालांकि इस पर स्वास्थ्य मंत्री का अप्रूवल मिलना बाकी है।

जापान में स्वास्थ्य मंत्रालय के एक पैनल ने शुक्रवार को गर्भपात की गोली को कानूनी मंजूरी दे दी है। हालांकि इसे स्वास्थ्य मंत्री की मंजूरी मिलनी बाकी है। गर्भपात गोलियों का बीते 30 सालों से चलन है और यह 80 से भी अधिक देशों में इस्तेमाल की जाती है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा गर्भपात के लिए सबसे सुरक्षित तरीकों में से एक के रूप में गोली का समर्थन करने के बावजूद अभी तक जापान में इसकी मंजूरी नहीं मिल पाई थी। ऐसा माना जा रहा है कि इस वसंत की शुरुआत में इसकी औपचारिक स्वीकृति और बिक्री की मंजूरी मिल जाएगी।
जापान टाइम्स के अनुसार ब्रिटिश दवा निर्माता लाइनफार्मा द्वारा मेफीगो पिल पैक नामक गोली को एक साल पहले दिसंबर 2021 में अप्रूवल के लिए भेजा गया था। जापान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस निर्णय तक पहुंचने के लिए, ऑनलाइन एकत्र की गई 12,000 सार्वजनिक टिप्पणियों की समीक्षा की गई।
जापान में गर्भनिरोधिक गोलियों पर अभी तक प्रतिबंध लगा हुआ है ऐसे में महिला अधिकार संगठनों द्वारा लगातार इसकी आलोचना की जाती रही है। रिप्रोडक्टिव हेल्थ राइट्स लिटरेसी इंस्टीट्यूट की निदेशक कुमी त्सुकहारा ने कहा कि सरकार का यह निर्णय सकारात्मक है, लेकिन उन्हें संदेह है कि ये दवा सभी के लिए उपलब्ध हो पाएगी।
यह गोली महिलाओं के प्रजनन अधिकारों और लैंगिक समानता में प्रगति की मांग के बीच आई है और यह सर्जरी के विकल्प के रूप में काम करेगी। गर्भपात की गोलियों में दो प्रकार की दवाएं, मिफेप्रिस्टोन और मिसोप्रोस्टोल शामिल हैं। नियम के मुताबिक इसे गर्भावस्था के पहले नौ हफ्तों के भीतर लिया जाना है।
हालांकि सरकार ने अभी तक चिकित्सकों के लिए दिशानिर्देश नहीं बनाए हैं और दवा पर सार्वजनिक जानकारी प्रदान की है। इससे पहले, जनवरी में स्वास्थ्य मंत्रालय के एक प्रारंभिक सलाहकार पैनल ने गर्भपात की गोली के पैक के उत्पादन और बिक्री को मंजूरी दी थी।
आपको बता दें कि जापान में, मातृ स्वास्थ्य अधिनियम के तहत गर्भपात के लिए पति-पत्नी की सहमति आवश्यक है। अविवाहित महिलाओं के लिए किसी पुरुष की मंजूरी जरूरी नहीं है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, यह कानून अबॉर्शन पिल्स पर भी लागू होगा।
वर्तमान में, गर्भपात के लिए, जापान गर्भावस्था के प्रारंभिक चरण में सर्जिकल प्रक्रियाओं की अनुमति देता है। मंत्रालय ने कहा कि वित्त वर्ष 2021 में जापान में 126,174 गर्भपात के मामले सामने आए।
जापान टाइम्स के अनुसार जापान में गर्भपात कराने की कीमत 730 से 1,500 डॉलर के बीच आती है। ऐसा माना जा रहा है कि जापान में गर्भपात की पहली गोली मेफीगो की कीमत भी बाकी देशों की तुलना में अधिक होगी।












Click it and Unblock the Notifications