'ये आतंकवादी चैनल है', इजराइल ने अलजजीरा पर लगाया प्रतिबंध, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बड़ा एक्शन
Al Jazeera Ban in Israel: अल जज़ीरा को उत्तेजना फैलाने वाला एक "आतंकवादी चैनल" कहते हुए, प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इजराइल में इसके ऑपरेशन को बंद करने के लिए "तत्काल कार्रवाई" करते हुए इसपर बैन लगा दिया है।
इजरायली संसद नेसेट में इस बाबत एक कानून पारित किया गया है, जो प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को विदेशी प्रसारण नेटवर्क को बंद करने की शक्ति देता है और अलजजीरा को इजराइल की सुरक्षा में जोखिम करार दिया गया है।

इजराइल में अलजजीरा पर प्रतिबंध
इजराइल में प्रतिबंधित किए जाने के बाद अल जज़ीरा ने कहा है, कि नेतन्याहू के बयान "झूठ हैं जो दुनिया भर में हमारे पत्रकारों की सुरक्षा के खिलाफ उकसाते हैं"। मीडिया समूह ने एक बयान में कहा है, कि "नेटवर्क इस बात पर जोर देता है, कि यह प्रतिबंध लगाना, अल जज़ीरा को चुप कराने के लिए व्यवस्थित इजरायली हमलों की एक सीरिज के हिस्से के रूप में आया है।"
संसद में पारित हुआ कानून, नेतन्याहू सरकार को अल जज़ीरा के क्षेत्रीय ब्यूरो को बंद करने और उसके उपकरण जब्त करने की अनुमति देता है। इसके अलावा, अलजजीरा के प्रसारण को स्थानीय केबल और सैटेलाइट टीवी पर भी रोक दिया गया है। इसके अलावा, इजराइल में अलजजीरा के वेबसाइट को भी ब्लॉक कर दिया गया है।
ये प्रतिबंध फिलहाल 45 दिनों के लिए होगा, जिसे 45 दिनों के लिए और बढ़ाया जा सकता है। माना जा रहा है, कि ये प्रतिबंध गाजा पट्टी में इजराइली ऑपरेशन खत्म होने तक जारी रहेगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है, कि अल जजीरा ने "इजरायल की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाया, 7 अक्टूबर के नरसंहार में भाग लिया, इजरायली सैनिकों के खिलाफ उकसाया"। उन्होंने आगे कहा, कि "हमास के मुखपत्र को हमारे देश से हटाने का समय आ गया है। आतंकी चैनल अल जज़ीरा अब इजराइल से प्रसारित नहीं होगा।"
आपको बता दें, कि गाजा पट्टी में चल रहे इजराइली ऑपरेशन में अलजजीरा के कई पत्रकार और उनके परिवार के सदस्य मारे गये हैं। वहीं, अलजजीरा कतर की राजधानी दोहा से चलने वाला एक इंटरनेशनल समाचार चैनल है और ये 1 नवंबर 1996 को लॉन्च हुआ था। अलजजीरा के अरबी भाषा और अंग्रेजी भाषा में चलने वाले चैनल काफी लोकप्रिय हैं, हालांकि इसपर इस्लामिक प्रोपेगेंडा फैलाने के आरोप लगते रहते हैं। भारत में भी आरोप लगते रहते हैं, कि अलजजीरा पर प्रसारित भारत को लेकर कई न्यूज प्रोपेगेंडा फैलाने वाले होते हैं।












Click it and Unblock the Notifications