बेंजामिन नेतन्याहू मुश्किल में फंसे? गाजा में बंधकों के शव मिलने की आशंका के बाद इजराइल में प्रदर्शन का ऐलान
Israel Protest: गाजा में इजराइली बंधकों के परिवारों का प्रतिनिधित्व करने वाले एक समूह ने गाजा पट्टी में कई बंधकों के शव मिलने की आशंका के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ लोगों से लामबंद होने और विरोध प्रदर्शन शुरू करने का ऐलान किया है।
इजरायली सेना (IDF) ने कहा है, कि उसने गाजा पट्टी में संघर्ष वाले क्षेत्र में 'कई शव' बरामद किए हैं, जिसके बारे में आशंका है, कि वो इजराइली बंधकों के शव हो सकते हैं। इस रिपोर्ट के आने के बाद इजराइली जनता से लामबंद होने का आग्रह किया गया है।

बंधकों और लापता परिवारों के फोरम ने यह आह्वान तब किया है, जब हजारों लोग इजराइल में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बंधकों के लिए संघर्ष विराम समझौते पर सहमत होने की मांग कर रहे थे।
बेंजामिन नेतन्याहू की मुश्किलें बढ़ीं
इजराइल डिफेंस फोर्स ने शनिवार को घोषणा की है, कि उसे गाजा में युद्ध अभियानों के दौरान कई शव मिले हैं। हालांकि, उन्होंने इस बात की पुष्टि नहीं की है, कि ये शव बंधकों के हैं या नहीं और उन्होंने लोगों से अपुष्ट जानकारी फैलाने से बचने को कहा है। इसके बावजूद, कई इजराइलियों का मानना है, कि हमास ने कई और बंधकों को मार डाला है, जिससे सरकार पर बंधकों के लिए युद्ध विराम समझौते पर सहमत होने का दबाव काफी बढ़ गया है।
बंधकों के लिए युद्ध विराम समझौता
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा, कि उनकी टीम स्थिति के बारे में इजराइली अधिकारियों के संपर्क में है, लेकिन उन्होंने कहा, कि शवों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। बाइडेन ने युद्ध के अंत की उम्मीद जताते हुए कहा, "अब समय आ गया है, कि यह युद्ध समाप्त हो जाए। मुझे लगता है कि हम एक समझौते पर पहुंचने के कगार पर हैं। इसे समाप्त करने का समय आ गया है। इसे खत्म करने का समय आ गया है।"
अमेरिका, कतर और मिस्र ने इस महीने इजराइल और हमास के बीच बंधक और युद्ध विराम समझौते की मध्यस्थता के लिए नए सिरे से प्रयास किए हैं। उनके प्रस्ताव में तीन चरणों में युद्धविराम करने का प्लान तैयार किया गया है। इन तीन चरणों में छह हफ्ते का युद्ध विराम, सभी बंधकों की रिहाई और गाजा से इजराइली सैनिकों की वापसी और उसके बाद तीसरे चरण में गाजा पट्टी के पुनर्निर्माण के प्रयास शामिल हैं।
हमास ने सभी इजराइली बंधकों को मारा?
इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, 7 अक्टूबर को आतंकवादी संगठन हमास ने अचानक हमला करते हुए 1200 इजराइली नागरिकों को मार डाला और करीब 250 से ज्यादा लोगों को बंधक बना लिया। पहले हुए समझौतों में करीब सवा सौ बंधकों को रिहा करवा लिया गया है, जबकि दर्जन भर से ज्यादा बंधक मारे जा चुके हैं। वहीं, इजराइल का मानना है, कि सौ के करीब और बंधक हमास के कब्जे में हो सकते हैं, लेकिन अब जबकि कई शव बरामद हुए हैं, तो आशंका लगाई जा रही है, कि शायद हमास ने बंधकों को मारना शुरू कर दिया है।
गाजा में हमास नियंत्रित स्वास्थ्य मंत्रालय का दावा है, कि 7 अक्टूबर के बाद शुरू हुए इजराइली हमलों में अभी तक 40 हजार से ज्यादा लोग मारे गये हैं।
वहीं, बंधकों और लापता परिवारों के फोरम ने एक बयान में नेतन्याहू पर बंधकों को छोड़ देने का आरोप लगाया है। फोरम ने कहा है, कि "नेतन्याहू ने बंधकों को छोड़ दिया! यह अब एक तथ्य है।" उन्होंने रविवार से सार्वजनिक कार्रवाई की मांग की और जल्द ही ज्यादा जानकारी देने का वादा किया है।
सीएनएन की एक रिपोर्ट में कहा गया है, कि इजराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय और बंधकों और लापता परिवारों के फोरम के मुताबिक, गाजा में कुल 107 इजराइली बंधक हैं, जिनमें जीवित और मृत दोनों शामिल हैं। इनमें से 103 को 7 अक्टूबर को हमास द्वारा किए गए हमले के दौरान पकड़ा गया था। फोरम का मानना है कि इनमें से 33 बंधकों के मृत होने की आशंका है। पिछले साल के अस्थायी युद्धविराम के तहत, 100 से ज्यादा बंधकों को हमास ने रिहा कर दिया था, जिसके बदले इजराइल ने दर्जनों हमास आतंकियों को जेल से रिहा किया था।












Click it and Unblock the Notifications