Israel: दूसरों की जान बचाने वाले नेपाली छात्र को हमास ने बनाया बंधक, आतंकियों से भिड़ा था बिपिन जोशी
इजराइल के एक फार्म में काम कर रहे नेपाली छात्रों पर हमास के हमले के बाद से एक नेपाली छात्र लापता बताया जा रहा था। अब पता चला है कि उसे फिलिस्तिनी आतंकवादी संगठन हमास ने बंधक बना लिया है। रविवार को नेपाल सरकार ने यह जानकारी दी है।
नेपाल के मुताबिक वह अंतरराष्ट्रीय संगठनों की मदद से उस नेपाली छात्र को खोजने की कोशिशें कर रहा है। बीते शनिवार से पहले वाले शनिवार को हमास ने दक्षिणी इजराइल पर हवाई हमला कर दिया था। इस आतंकी हमले में 10 नेपाली छात्रों की मौत हो गई थी, लेकिन 6 को बचा लिया गया था। तभी से एक छात्र लापता बताया जा रहा था।

दूसरों की जान बचाने वाले नेपाली छात्र को हमास ने बंधक बनाया
नेपाल के यह 17 छात्र 'सीखो और कमाओ '(Learn and Earn)योजना के तहत इजराइल के एक फार्म में इंटर्न के तौर पर काम कर रहे थे। नेपाल के विदेश मंत्री एनपी सऊद ने काठमांडू में कुछ चुने हुए अंतरराष्ट्रीय मीडिया प्रतिनिधियों को बताया है कि हमास की ओर से हुए ग्रेनेड हमले के दौरान अन्य नेपाली छात्रों की जान बचाने वाले बिपिन जोशी को आतंकवादी संगठन ने अगवा कर लिया है।
उन्होंने कहा, 'जोशी को हमास ने बंधक बना लिया है। उसके सहयोगियों से मिली जानकारी के आधार पर हमास ने जोशी और थाई नागरिकों के एक ग्रुप को बंधक बनाया है। नेपाल सरकार ने अंतरराष्ट्रीय संगठनों और राजनयिक मिशनों से अनुरोध किया है कि जोशी का पता लगाने में सहायता करें।'
इजराइल ने हमास को ध्वस्त करने का लिया संकल्प
इस बीच इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई है और हमास को ध्वस्त करने का संकल्प लिया है।
बिपिन जोशी ने एक ग्रेनेड को लोगों से दूर फेंक दिया था
नेपाली विदेश मंत्री के अनुसार हमास ने नेपाली छात्रों पर जो ग्रेनेड फेंका था, उनमें से दो नहीं फटे थे। उनमें से एक ग्रेनेड को जोशी ने ही लोगों से दूर फेंक दिया था। सऊद ने कहा, 'आतंकी हमले में मारे गए 10 नेपाली छात्रों के शवों को इजराइल सरकार ने अपने कब्जे में ले लिया है।'
वो बोले, 'इस मामले में हमने इजराइल के विदेश मंत्री (एली कोहेन) से बात की है और हम जल्द से जल्द शवों को लाने के लिए कार्य कर रहे हैं। इजराइल में नेपाली राजदूत ने भी शवों को जल्द से जल्द वापस नेपाल लाने के प्रति प्रतिबद्धता जताई है।'
हमारे छात्रों पर हमास का हमला दुखद है- नेपाल
उन्होंने कहा,'हमारे छात्रों पर हमास के द्वारा हमला, जिनमें से कुछ तो बहुत ही छोटे थे, 20 वर्ष से भी कम के, दुखद है।' सऊद ने कहा कि हमास ने बंकर में छिपे नेपाली छात्रों को कई तरह के हमले करके निशाना बनाया, जिसमें ग्रेनेड विस्फोट और गोलीबारी भी शामिल है। गंभीर रूप से जख्मी एक नेपाली छात्र का इलाज इजराइल में ही चल रहा है।
नेपाली विदेश मंत्रालय के मुताबिक 'सीखो और कमाओ' योजना के तहत 265 नेपाली छात्र इजराइल के विभिन्न हिस्सों में पढ़ाई कर रहे थे। जबकि, करीब 4,500 नेपाली नागरिक इजराइल में विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हैं। शुक्रवार को इजराइल से 254 नेपाली छात्रों को निकालकर काठमांडू लाया गया है। (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications